Mathura News: मुबारकपुर गांव में दुल्हन काजल की गोली मारकर हत्या
Mathura News: नौहझील थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में उस समय खुशियां मातम में बदल गई जब कमरे में बैठी दुल्हन की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। गोली चलने की आवाज पर जबतक लोग कमरे में पहुंचते तब तक आरोपी मौके से फरार हो गया था।
आशंका जताई जा रही है कि वारदात को किसी और ने नहीं बल्कि दुल्हन के प्रेमी ने अंजाम दिया है। फिलहाल दुल्हन की हत्या की खबर पर परिवार में सन्नाटा पसर गया है। उधर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है
मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर में गुरुवार की रात खूबीराम के यहां नोएडा से बारात आई थी। खूबीराम की पुत्री काजल की शादी थी। शादी में सभी लोग खुशी खुशी सभी काम कर रहे थे। कोई डांस कर रहा था तो कोई दावत खा रहा था। इसी बीच गोली चलने की आवाज ने शादी के शोर को शांत कर दिया।
शादी में बारात के स्वागत के बाद वरमाला का कार्यक्रम हुआ। काजल ने अपने दूल्हा के वरमाला डाली। हंसी ठिठोली के बीच वरमाला का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इसके बाद काजल की सहेलियां काजल को वरमाला की जगह से एक कमरे में ले गईं। यहीं पर किसी ने काजल को गोली मार दी।
काजल के गोली मारने की जानकारी मिलते ही शादी समारोह में हड़कम्प मच गया। लोग काजल को लेकर अस्पताल के लिए दौड़े। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। काजल को गोली मारने के पीछे बजह प्रेम प्रसंग का होना बताया जा रहा है। गांव में दवी जवान में चर्चा है कि काजल की हत्या उसके प्रेमी ने की है।
हालांकि उसकी हत्या किसने की है यह कोई आधिकारिक रूप से नहीं बता रहा। लेकिन चर्चा है कि उसकी हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

