मेरठ: गोदाम में लगी भीषण आग, दस लाख रुपये का सामान जलकर राख
मेडिकल थाना क्षेत्र में शास्त्रीनगर के एल ब्लाक में शुक्रवार को एक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं गोदाम में रखा करीब दस लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
बताया गया कि शास्त्रीनगर के एल ब्लाक निवासी विकास गर्ग का विकास गर्ग हॉस्पिटल के बराबर में चिकिन एम्पोरियम के नाम से नीचे दुकान और ऊपर गोदाम है।
वहीं शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे शॉट शर्किट से आग लग गई थी। आग लगने से वहां अफरी-तफरी मच गई। वहीं विकास गर्ग हॉस्पिटल के प्रबंधक शकील सेफी आग बुझाने का प्रयास करते हुए मामूली रूप से झुलस गए।
इसके बाद दमकल विभाग को आग की सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
