Meerut News: सलेमपुर गांव में बच्चों के विवाद में खूनी संघर्ष, महिला समेत दो लोगों की हत्या
Meerut News: थाना खरखौदा क्षेत्र में बच्चों के विवाद में परिवार के बड़े लोग भी आपस में भिड़ गए। आपसी कहासुनी से शुरू हुई बात हाथापाई तक पहुंच गई और फिर फायरिंग तक हुई। घटना में एक महिला समेत दो लोगों को गोली लगी। जिनकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
बीती रात हुए इस दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को कंट्रोल किया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। घटना के बाद से गांव में तनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है।
मेरठ के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने मीडिया को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों के किसी विवाद को लेकर सलेमपुर गांव के मेहराज और इकबाल पक्ष आपस में भिड़ गए। घटना में मेहराज(35) को उस समय गोली मार दी गई, जब वह गांव की मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था। घटना के समय मेहराज मस्जिद के गेट पर था।
गोली लगने के बाद वह मस्जिद के अंदर की तरफ भागा। मेहराज को अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के उसकी दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद आरोप है कि कुछ लोग इकबाल के घर पहुंचे और उसकी पत्नी अफरोज(45) के सीने में गोली मार दी। गंभीर अवस्था में उसे नजदीकी निजी हास्पिटल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के अनुसार घटना के बाद पक्षों के लोग घर से फरार हैं। यह घटना क्यूं हुई, इस बारे में अभी पुलिस की तरफ से पुख्ता तौर पर कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि इन परिवारों के बच्चों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद बड़े भी इसमें शामिल हो गए थे।

