मुजफ्फरनगर में बस में सवार व्यापारी की हत्या का खुलासा, भतीजे समेत 3 गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। 26 नवम्बर को नई मंड़ी क्षेत्र में हुई राधेश्याम मित्तल की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई सहित तीन लोगो ंको गिरफ्तार किया है। हत्या सम्पत्ति हड़पने के लिए की गयी थी।
एसपी सिटी सतपाल अंतिल ने पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि विगत 26 नवम्बर को सदर बाजार निवासी राधेश्याम मित्तल मोरना से बस में सवार होकर मुजफ्फरनगर के लिए चले थे।
जटमुझेडा के पास अज्ञात बदमाशों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक की पत्नी सावित्री देवी ने इस संबंध में अज्ञात लोगों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि मृतक के पास मोरना में करोड़ों की अचल सम्पत्ति है जिसमें मकान, प्लाट और दुकाने शामिल है।
इसके अलाव मृतक ने शुक्रताल रोड पर आठ बीघा भूमि में एक आश्रम भी बनाया हुआ था। जांच में सामने आया कि मृतक का चचेरा भाई राजीव मित्तल निवासी मोरना सम्पत्ति को लेकर राधेश्याम मित्तल से रंजिश रखता था।
राजीव मित्तल का कहना था कि राधेश्याम मित्तल के पास जो सम्पत्ति है उसमे से काफी सम्पत्ति पैतृक है जिसमें उसके पिता का नाम भी शामिल था।
जबकि राधेश्याम मित्तल का कहना था कि राजीव मित्तल के पिता का हिस्सा दूसरी भूमि के रूप में दिया जा चुका है। राजीव मित्तल ने सम्पत्ति हड़पने के लिए फर्जी स्टाम्प पेपर भी तैयार करा लिये थे
लेकिन राधेश्याम मित्तल के जीवित रहते यह सम्भव नहीं था इसलिए राजीव मित्तल ने मोरना निवासी शातिर बदमाश आरिफ को राधेश्याम मित्तल की हत्या करने के लिए तीन लाख रूपयों की सुपारी दी।
आरिफ ने अपने साथियों मनोज उर्फ धुम्मल व नीरज कश्यप निवासी ककराला के साथ मिलकर राधेश्याम मित्तल की रैकी की और 26 नवम्बर को मोरना से वापस लौटते समय उनकी हत्या कर दी गयी।
पुलिस ने इस मामले में भागदौड कर हत्यारोपी आरिफ पुत्र महबूब निवासी पहाड़ों वाला मौहल्ला कस्बा मोरना थाना भोपा मु०नगर, मनोज उर्फ़ धुम्मन पुत्र महेन्द्र निवसी ग्राम ककराला थाना भोपा मु०नगर , राजीव मित्तल उर्फ़ राजू लाला पुत्र धनप्रकाश निवासी क़स्बा मोरना थाना भोपा मुज़फ्फरनगर गिरफ्तार कर लिया
जबकि उनका एक अन्य साथी नीरज कश्यप पुत्र धीर सिंह निवासी ककराला अभी फरार चल रहा है। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी नीरज की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस व हत्या में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में नई मंडी कोतवाली प्रभारी योगेश शर्मा, उपनिरीक्षक चंद्रसैन सैनी, संजय सिंह, कां. तरूणपाल, प्रमोद कुमार, सोविंद्र कुमार व सुशील कुमार शामिल रहे। एसएसपी ने हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
