Muzaffarnagar: गर्मी से नागरिक परेशान, हल्की बूंदा बांदी से मौसम में और अधिक गर्माहट
मुजफ्फरनगर ।(Muzaffarnagar) लगातार बढ़ती गर्मी के चलते दिन में ऐसा मौसम रहा जैसे आसमान से आग बरस रही हो। दोपहर १२ बजे से शाम पांच बजे तक आम आदमी का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
उधर गत दिवस सुबह हुई हल्की बूंदा बांदी से मौसम में और अधिक गर्माहट आ गयी। जरूरी कामकाज के लिए निकले लोगों को भी सिर पर कपड़ा ढककर निकलना पडा। सूर्य की तपिश से लोग बेहाल रहे। लोग ने घरों से बाहर निकलने से परहेज किया। गर्मी बढ़ने के साथ ही विद्युत लोड बढ़ रहा है, जिससे मशीनरी गर्म होने से विद्युत कट भी बढ़ रहे हैं।
कई स्थानों पर विद्युत लोड बढ़ने के कारण ट्रांसफार्मर से धुआं उठता रहता है। तेज धूप और गर्मी राहगीरों, खेतों में काम करने वाले किसान व मजदूरों को झुलसने को मजबूर कर रही हैं। दोपहर में भीषण गर्मी के कारण जीटी रोड, जानसठ रोड, रेलवे रोड, महावीर चौक जैसे भीड़भाड़ वाली सड़कों पर आरजार बहुत कम हो जाती है।
दोपहरी में बहुत कम संख्या में ग्राहक बाजारों में नजर आए। बाइक, स्कूटी व साइकिल आदि दोपहिया वाहनों या पैदल चलने वाले चेहरे को कपड़े से ढंककर तथा आंखों पर चश्मा लगाकर चल रहे हैं। लोगों ने गर्मी के कारण दोपहर में घरों से निकलने से परहेज किया। गर्मी बढ़ने से कूलर और पंखे भी काम नहीं कर रहे हैं।

