Muzaffarnagar News: सनातन धर्म सभा भवन मे चल रही श्री राम कथा- कथा सुन भाव विभोर हुए श्रद्धालु
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) झॉसी की रानी के समीप स्थित सनातन धर्म सभा भवन मे चल रही श्री राम कथा के आज दूसरे दिन कथा व्यास ब्रजेश पाठक ने कथा के दौरान रामायण के कई मार्मिक प्रसंगो का वर्णन किया। उन्होने कहा कि मर्यादा पुरूषोत्तम श्री राम करूणा के अवतार हैं तथा उनके अनुज लक्ष्मण राम के अनन्य सेवक हैं। जब भी राम पर कोई विपत्ति आई। लक्ष्मण उनकी रक्षा हेतु ढाल बनकर खडे हो गए।
इससे हमे शिक्षा लेनी चाहिए कि यदि किसी के भाई पर विपत्ति आती है तो उस भाई को अपने भाई का साथ नही छोडना चाहिए। उन्होने कहा कि भगवान से डर के मारे लोग भगवान की शरण मे जाते हैं तथा संसारी व्यक्ति से डर कर लोग उससे दूर भागते हैं। उन्होने कहा कि सम्पत्ति आने पर यदि भगवान की स्मृति बनी रहे तो यह समझना चाहिए कि यह भगवान की अनन्य कृपा है।
कथा व्यास पं.ब्रजेश पाठक ने कहा कि दुख मे सभी भगवान को याद करते हैं,परन्तु सुख मे अक्सर लोग भगवान को भूल जाते हैं। जबकि काल मनुष्य को उसकी औकात बता देता है कि मनुष्य पानी का बुलबुला है। फिर किस बात का अहंकार। यहां पता कितने आए और कितने चले गए। धन, सम्पत्ति, परिवार जिस पर अभिमान था सब यहीं रह गया है। उन्होने कहा कि चरित्रवान व्यक्ति की तुलना चरित्रहीन व्यक्ति से नही हो सकती।
इस लिए मनुष्य को सदैव चरित्रवान रहना चाहिए व चरित्रवान लोगो की संगत मे बैठना चाहिए। उन्होने प्रभुराम के विषय मे कहा कि प्रभुराम अपनी शरण मे आए हुए प्रत्येक व्यक्ति को अभय प्रदान करते हैं। जो भी व्यक्ति प्रभुराम की शरण मे आता है। उसे संसार का कोई भय नही रहता। राम कथा हमे जीवन जीने की कला सिखाती है। यह कथा नही बल्कि जीव न का दर्शन है। उन्होने उदाहरण देते हुए बताया कि समाजसेवा मे लगे व्यक्तियो का विरोध होता है।
उनका विरोध बाहरी ही नही बल्कि उनके अपने घर मे भी होता है। जिन्होने परोपकार का रास्ता अपना लिया है। वो समाजसेवा से पीछे नही हटता। कथा व्यास ब्रजेश पाठक जी ने कहा कि रामायण मे सुतकीर्ति,माण्डवी,उर्मिला,शत्रुघन के त्याग को भी दर्शाया गया है। इससे समाज को प्रेरणा लेने की आवश्यक्ता है।
इस दौरान समाजसेवी भीमसैन कंसल,संस्था के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार गुप्ता एड., मंत्री दीपक मित्तल,कोषाध्यक्ष अंजुल भूषण,उपाध्यक्ष शंकर स्वरूप बंसल, उपाध्यक्ष साधुरराम गर्ग एड.,उपमंत्री अमित गर्ग एड,कार्यालय मंत्री सतीश गर्ग,प्रचार मंत्री अजय कुमार गर्ग,ऑडिटर शिवचरण दास गर्ग, प्रवीण कुच्छल,रमेश चन्द केडिया,अर्जुन अग्रवाल, जनार्धन स्वरूप, विपिन संगल सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।

