Muzaffarnagar News: सरकार वह फार्मूला बताए जिससे मीटर लगाकर फ्री बिजली दी जा सकती है- Rakesh Tikait
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) मुजफ्फरनगर मे महावीर चौक स्थित भाकियू कार्यालय पर पंचायत में किसान नेता राकेश टिकैत (Rakesh Tikait) ने सरकार विरोधी सुर दिखाए। कहा कि सरकार किसानों को मुफ्त बिजली देकर ट्यूबवेल पर मीटर लगा रही है।
उन्होंने सवाल दागा कि सरकार वह फार्मूला बताए जिससे मीटर लगाकर फ्री बिजली दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज दबाकर सरकार उनका भला कैसे कर सकती है। बिजली विरोधी नीति पर १६ से १८ जून को हरिद्वार में किसानों की पंचायत का एलान करते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि महात्मा गांधी को भी गोली लगी थी।
कुछ भी हो सकता है, उन्होंने साफ कहा कि उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा नहीं चाहिए। लेकिन जहां भी जाए पुलिस मुस्तैदी से देखरेख करे। टिकैत ने कहा कि उन पर १७-१८ हमले हो चुके हैं, लेकिन आज तक कोई सुरक्षा उन्हें नहीं दी गई। बिजली के मुद्दे पर २७ जून को पीवीवीएनएल एमडी कार्यालय मेरठ में किसानों की महापंचायत का एलान किया गया।
कुछ दिन पहले कर्नाटक के बंगलुरू में आयोजित राज्य रैयत संघ के कार्यक्रम में किसान नेता तथा भाकियू राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत पर एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान हमला किया गया था। उनके चेहरे पर स्याही भी डाल दी गई थी। उसके बाद भाकियू ने रोष प्रकट करते हुए राकेश टिकैत को सरकार से जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराए जाने की मांग करते हुए प्रदर्शन किये थे।
शनिवार को भाकियू की पंचायत के बाद कानपुर में बवाल तथा कश्मीरी पंडितों पर हमले के सवाल पर राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार बड़ी चीज है। वह अपने लाभ के लिए कुछ भी करा सकती है। उन्होंने जेड श्रेणी की सुरक्षा मांगने की बात से इंकार किया। उन्होंने कहा कि बिजली का इश्यु बड़ा इश्यु है। हरिद्वार १६ से १८ जून को होने वाली पंचायत में इस मुद्दे पर बात होगी।
कहा कि सरकार से पूछा जा रहा है कि कौन सी पालिसी है। घोषणा पत्र पर या जो सरकार कह रही है। फर्जी मुकदमे दर्ज किये जा रहे हैं। २७ जून को मेरठ स्थित ऊर्जा निगम के एमडी दफ्तार पर बड़ी पंचायत की जाएगी।एक दिन पूर्व मेरठ के जंगेठी गांव पहुंचे किसान नेता राकेश टिकैत ने आशंका जताई थी कि सरकार उनकी हत्या कराना चाहती है।
उन्होंने कर्नाटक में हुए हमले को सोची समझी साजिश करार दिया था। उन्होंने कहा था कि दिल्ली में विपन्न रावत जी के आवास पर भी उनकी हत्या किये जाने की प्लानिंग रची गई थी। दिल्ली पुलिस ने उन्हें दूसरे गेट से बाहर निकाल दिया था।
हमले के सवाल पर राकेश टिकैत ने कहा कि उन पर बंगलुरू में स्याही नहीं फेंकी गई बल्कि उन पर हमला हुआ। जान से मारने की धमकी दी गई। रिपोर्ट दर्ज हुई और आरोपित जेल में बंद हैं। उन्होंने कहा कि हमला करने वाले बीजेपी के लोग हैं।
Rakesh Tikait ने कहा कि यही हमला विपिन रावत के घर पर हुआ था। महात्मा गांधी भी शांति के पुजारी थे, गोली का शिकार हुए। कहा कि उन पर हमला करने वाले एक ही विचारधारा के लोग हैं। उनका आंदोलन बंद नहीं होगा।

