Muzaffarnagar News: शहीद बचन सिंह मार्ग के विवाद को लोग दे रहे हैं हवाः- बराड
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) शहीद बचन सिंह मार्ग प्रकरण मे सिख समाज ने अपनी स्थिती स्पष्ट करते हुए पत्रकारों को बताया कि उनके पास नगरपालिका परिषद द्वारा पारित प्रस्ताव की प्रति मौजूद है। जिसे उन्होने 9 मई को पालिका रिकार्ड रूम से प्राप्त कर लिया है और इसके अनुसार इस पूरे मार्ग का नाम गुरू नानक देव मार्ग सही है।
गांधी कालोनी के मुख्य गुरूद्वारे मे आयोजित पत्रकार वार्ता मे श्री गुरू सिंह सभा के अध्यक्ष स.गुरूचरण सिह बराड, सचिव देवेन्द्र सिह नागपाल व स.सुखदर्शन सिंह बेदी,अमरजीत सिडाना ने संयुक्त रूप से बताया कि गुरू नानक देव मार्ग का पत्थर जो गांधी कालोनी गुरू गोविन्द सिह पब्लिक स्कूल के बाहर लगा था।
उसके जीर्ण -शीर्ण हो जाने के कारण अब नए पत्थर लगाए गए हैं। पहले इनकी संख्या 3 थी जो अब 5 हो गई है। उन्होने पत्रकारों से कहा कि वर्तमान मे सरकार शहीदों के परिवारों को पैट्रोल पम्प से लेकर जमीन आदि व अन्य सुविधाए भरपूर मात्रा मे दे रही है। इससे उन परिवारों को संतुष्ट हो जाना चाहिए।
जबकि पूर्व मे पंजाब मे एक एक गांव मे 20-20 लोग शहीद हो जाते थे। और उन परिवारों को कुछ नही मिल पाता था। उन्होने स्पष्ट किया कि शहीद बचन सिंह मार्ग का मुददा मुख्यमंत्री योगी,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी,राष्ट्रपति एवं आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत तक ना ले जाया जाए। अपितु इस विवाद को आपसी समझौते के तहत स्थानीय स्तर पर हल कर लिया जाए।
उन्होने कहा कि अभी तो हम कोई कदम नही उठा रहे हैं। लेकिन प्रशासन व कोर्ट का सहारा लेने से भी नही चूकेंगे।उन्होने शहीद बचन सिंह की मुर्ति लगाने को जायज ठहराते हुए उनके नाम का पत्थर लगाने को गलत बताया।
उन्होने यह भी कहा कि उन्होंने शहीद के परिवार से मिलकर उन्हे सुझाव दिया कि मार्ग का नाम आधा-आधा कर दिया जाए और प्रत्येक वर्ष बचन सिंह का शहीदी दिवस मनाकर उसमे लोगों को सम्मानित कर दिया जाएगा। लेकिन शहीद बचन सिह के परिवार द्वारा इस सुझाव मे रूचि ना दिखाने पर लोग बेवजह इस मुददे को हवा देना चाहते हैं। जो कि उचित नही है।
उन्होने स्पष्ट किया कि साद्य संगत के अनुरोध पर पुराने शिलापटों का नवीनीकरण किया गया है। उन्होने कहा कि अगले कुछ दिनो मे इस मुददे को सुलझा लिया जाएगा।पत्रकार वार्ता मे धनप्रीत उर्फ चन्नी बेदी,सुनील ग्रोवर, स.बलविन्द सिह सल्ल,स.बलबीर, पूर्व सभासद पवन छाबडा,विवेक चुघ, अमरजीत सिडाना, स.सुखदर्शन सिंह बेदी सहित सिख समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

