Muzaffarnagar News: रक्षित त्यागी के गैंग का सदस्य गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। पुलिस ने विक्की त्यागी के बेटे रक्षित त्यागी के गैंग के सक्रिय सदस्य ऋतिक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश में भी जुटी हुई है। ३ दिन पहले ही थाना चरथावल पुलिस ने विक्की त्यागी के बेटों और उसके गैंग के सदस्यों पर गैंगस्टर के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था।
पश्चिमी यूपी में अपराध को अपनी उंगलियों पर नचाने वाले गैंगस्टर विक्की त्यागी की १६ जनवरी २०१५ को कोर्ट रूम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। विक्की त्यागी की हत्या के बाद उसके गैंग का संचालन पत्नी मीनू त्यागी जेल से कर रहीं थीं। एक वर्ष पूर्व मीनू त्यागी को प्रशासनिक आधार पर जिला जेल से अंबेडकरनगर जेल में शिफ्ट कर दिया गया था। जिसके बाद विक्की त्यागी के बेटे अर्पित त्यागी ने अपना गैंग बना लिया था।
पुलिस ने ३ दिन पहले अर्पित त्यागी और उसके गैंग के सदस्यों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने अर्पित त्यागी गैंग के सदस्य ऋतिक निवासी मल्लूपुरा पर गैंगस्टर लगाया था। थाना चरथावल प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने ऋतिक को गिरफ्तार कर लिया। जिसका चालान कर उसे शीघ्र ही कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा
थाना चरथावल प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि ऋतिक को थाना चरथावल पुलिस ने मोहाली पंजाब से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ऋतिक पर ४ से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और ३ वर्ष पूर्व टोल प्लाजा पर हुई मारपीट के मामले में भी उस पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

