Muzaffarnagar: गर्मी का आलम नहीं हो रहा कम, लू के थपेड़े लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar) गर्मी का सितम जारी है। बढ़ती गर्मी के साथ लू के थपेड़ों ने लोगों को हलकान कर दिया है। भीषण गर्मी में भीड़भाड़ वाली सड़कों व बाजारों में सन्नाटा पसर रहा है। दस दिन से पारा ४० डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है। जून माह शुरू हुआ तो पारे ने छलांग लगा दी थी।
पारा उछल कर ४० डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था। इसके बाद पारा आए दिन अपने रिकार्ड बना रहा है। रोजाना पारा ४० डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है। बढ़ती गर्मी ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। दोपहरी में लू के थपेड़े लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर रहे हैं।
जरूरी कार्य से ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। सड़क व बाजार में सन्नाटा पसर रहा है। दुकानदार खाली बैठे रहते हैं और ग्राहकों का इंतजार करते हैं। बढ़ती गर्मी में बिजली की अघोषित कटौती से दिक्कतें और अधिक बढ़ रही हैं। विद्युत लोड बढ़ने के कारण बिजलीघर में लगी मशीन गर्म हो रही हैं और उनमें फाल्ट होने से विद्युत कट बढ़ रहे हैं।
जगह-जगह ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। विद्युत विभाग के कर्मचारी भी मुश्तैदी के साथ ट्रांसफार्मर व विद्युत लाइन को ठीक करने में जुटे रहते हैं। कूलर, पंखे व एसी भी गर्म हवा उगल रहे हैं। बढ़ती गर्मी में थोड़ी सी लापरवाही करने पर पेट व गले की बीमारियां बढ़ रही हैं।
चिकित्सकों की सलाह है कि भीषण गर्मी में शीतल पेय पदार्थ, फ्रिज का पानी पीने से बचने, बासी भोजन नहीं खाने, मौसमी फलों का सेवन करने, दोपहरी में घरों से बाहर नहीं निकलने, लू से बचाव के लिए सिर पर कैप लगाकर चलने, चेहरे को सूती कपड़े से ढकने, पूरी बाजू के कपड़े पहनने के लिए लोगों को सलाह दी जा रही है।

