ओमप्रकाश चौटाला और अजय चौटाला को दो हफ्ते की फरलो
जूनियर बेसिक टीचर (जेबीटी) भर्ती घोटाले में दस साल की सजा काट रहे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और उनके बेटे अजय चौटाला को दो हफ्ते की फरलो मिली है। जेल महानिदेशक ने इस संबंध में शुक्रवार आदेश जारी किया था। शनिवार को पिता-पुत्र तिहाड़ जेल से निकलकर अपने घर के लिए रवाना हो गए।
जेल महानिदेशक संदीप गोयल ने बताया कि पिता पुत्र को 14 दिन की फरलो दी गयी है। उन्होंने बताया कि सजा काट रहे कैदियों को साल में तीन बार फरलो दी जाती है। पहली बार तीन हफ्ते की और दो बार दो-दो हफ्ते की फरलो दी जाती है। ओमप्रकाश चौटाला और उनके बेटे अजय चौटाला पहले दो बार फरलो ले चुके हैं।
उनकी अंतिम दो सप्ताह की फरलो बची हुयी थी। इसके लिए पिता-पुत्र ने आवेदन कर रखा था। फरलो लेने का मकसद कैदियों का अपने परिवार से मिलना होता है। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले हाईकोर्ट ने ओमप्रकाश चौटाला की समय पूर्व रिहाई पर दिल्ली सरकार को जल्द फैसला लेने का आदेश दिया था।