सपा-कांग्रेस में पोस्टर वार शुरू..प्रियंका गांधी की फोटो उल्टा लगाकर विरोध जताया
मुजफ्फरनगर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में कांग्रेसियों द्वारा अखिलेश यादव के खिलाफ लगाए पोस्टर के बाद सपा ने भी पोस्टर जारी कर विरोध जताया है।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर में सपा युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष शमशेर मलिक की ओर से शहर में पोस्टर पर कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी की फोटो उल्टा लगाकर विरोध जताते हुए कांग्रेस पार्टी से माँफी माँगने की माँग की गयी है।
बता दें कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में ही उनके लापता होने के पोस्टर लगे थे। बुधवार को आजमगढ़ में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन में महिलाओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पर अखिलेश यादव की चुप्पी पर पोस्टर के द्वारा निशाना साधा गया था।
