बारिश का कहरः मुजफ्फरनगर भरभराकर गिरा मकान का छज्जा, मलबे में दबकर तीन साल के मासूम की मौत
मुजफ्फरनगर। बारिश के कारण गुरुवार सुबह एक मकान का छज्जा गिरने से तीन साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई।घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि बच्चा मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे परिजनों ने तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
अधिकारी भी मौके पर हादसे की जानकारी लेने के लिए पहुंचे हैं। जानकारी के अनुसार भोपा थाना क्षेत्र के गुरुवार सुबह विकास का तीन वर्ष का बेटा विवान बारिश के बाद घर के मुख्य दरवाजें के नजदीक आंगन में खेल रहा था।
इसी दौरान दरवाजे का छज्जा भरभरा कर उसके ऊपर गिर गया। मलबे में दबकर मासूम विवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। राजस्व अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे की जानकारी ली। बताया गया कि विवान विकास का इकलौता पुत्र था। वहीं इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। मासूम बच्चे की मौत से ग्रामीण भी गमजदा हैं।

