तीन मासूमों की छत गिरने से मौत, पिता की हालत नाजुक
मुजफ्फरनगर। गरीब परिवार पर बारिश के कारण मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। सोमवार सुबह बारिश के कारण एक मकान भरभराकर गिर गया। इस हादसे में मकान के मलबे के नीचे दबने से तीन बच्चों की मौत हो गई है। जबकि बच्चों का पिता जिंदगी के लिए अस्पताल में जंग लड़ रहा है। दरअसल, दिल दहला देने वाली यह दर्दनाक घटना मुजफ्फरनगर जिले के थाना सिखेड़ा क्षेत्र में हुई है। बताया जा रहा है कि रोजाना की तरह सिखेड़ा गांव निवासी गुलशन का परिवार सोमवार सुबह सोकर उठा था। इसी बीच तेज बारिश शुरू हो गई।
बारिश के दौरान गुलशन दो बेटियों और बेटे के साथ अपने कच्चे मकान में बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक गुलशन के मकान की कमजोर छत भरभराकर गिर गई और घर में बैठे सभी लोग उसके मलबे में दब गए। मकान की छत गिरते ही चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में मौके पर स्थानीय लोग पहुंचे और मलबे में दबे परिवार को निकालने के प्रयास में जुट गए। इसी बीच हादसे की जानकारी पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को भी दे दी गई।
हादसे की जानकारी मिलते पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह तीनों बच्चों और उनके पिता को मलबे से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पिता गुलशन की सांसें चल रही थी। पुलिस ने गुलशन को तुरंत १०८ एंबुलेंस की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने बताया कि गुलशन की हालत बेहद गंभीर है। उसका इलाज किया जा रहा है। बता दें कि मरने वाले बच्चों में गुलशन की दो बेटियां नाजिया व साजिया और बेटा जुनैद शामिल हैं।

