Russia ने Ukraine के सैन्य ठिकानों पर दागी मिसाइलें, पुतिन ने सैन्य अभियान को बताया सफल
Russia और Ukraine के बीच जारी जंग रुकने का नाम नहीं ले रही है. बुधवार को जंग का 21वां दिन रहा. इस बीच जहां एक तरफ दोनों देशों के बीच युद्ध को रोकने के लिए शांति वार्ता चल रही थी, वहीं दूसरी तरफ रूस की सेना पूरी ताकत के साथ यूक्रेन पर हमला बोल रही थी. रूसी सेना ने बुधवार को यूक्रेन के विन्नित्सिया शहर को अपने निशाने पर लेते हुए गोले दागे. इसके साथ ही रूसी मिसाइलों ने यूक्रेन के सैन्य ठिकानों को अपने निशाना बनाया है.
Inokhodets / Demilitarization pic.twitter.com/JlaL639dpx
— Минобороны России (@mod_russia) March 16, 2022
दरअसल रूस के रक्षा मंत्रालय ने यूक्रेन की सैन्य सुविधा पर सटीक हवाई हमले का वीडियो जारी किया है. जारी किए गए लेटेस्ट वीडियो में बड़ी मात्रा में यूक्रेन के सैन्य ठिकाने को तबाह होते देखा जा रहा है. रूस के रक्षा मंत्रालय के लेटेस्ट ट्वीट में एक विमान जैसे ड्रोन को कुछ यूक्रेन के कुछ लक्ष्यों की ओर धीरे-धीरे उड़ान भरते देखा जा रहा है, जिसमें बख्तरबंद वाहनों और गोदामों का समूह दिखाई देता है.
वीडियो में रूसी हमले में मिसाइलों के ब्लास्ट होने के बाद तबाह हुए सैन्य ठिकानों को देखा जा रहा है. रूस के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि यूक्रेन में सैन्य गोदाम पूरी तरह नष्ट हो गया है. फिलहाल इन दिनों सोशल मीडिया, यूक्रेन में युद्ध के वीडियो से भरा हुआ दिख रहा है. दोनों ही देश जनता को यह दिखाने के लिए की कौन सबसे अधिक नुकसान पहुंचा रहा है, इसे साबित करने के लिए फुटेज जारी कर रहा है.
फिलहाल रूस और युक्रेन की जंग के तीन हफ्ते होने के बावजूद अब तक रूसी सेना यूक्रेनी सरकार का तख्तापलट करने में नाकाम रही है. फिलहाल अब दोनों ही देशों के बीच शांति वार्ता चल रही है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की का कहना है कि चर्चा ‘ज्यादा व्यवहारिक’ बन रही है, जबकि रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोग के अनुसार समझौते की कुछ उम्मीदें हैं.
यूक्रेन पर रूसी सेना का बुधवार को 21वें दिन भी हमला जारी है. इस बीच, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि यूक्रेन में उनका सैन्य अभियान सफल रहा. उन्होंने कहा कि यूक्रेन को रूस को धमकी देने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला ‘स्प्रिंगबोर्ड’ नहीं बनने देंगे.
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि ऑपरेशन सफलतापूर्वक और योजना के तहत चल रहा है. उन्होंने कहा कि हमारे पास यूक्रेन के खिलाफ विशेष सैन्य ऑपरेशन चलाने के अलावा कोई विकल्प नहीं था. हम यूक्रेन को रूस के खिलाफ आक्रामक कार्रवाई के लिए एक स्प्रिंगबोर्ड के रूप में काम करने की इजाजत नहीं देंगे.”
पुतिन ने कहा कि यूक्रेन पर कब्जा करने का हमारा कोई इरादा नहीं है. उन्होंने ने कहा कि रूस के खिलाफ पश्चिम के प्रतिबंध नाकाम रहे हैं. वहीं, यूक्रेन पर हमले करने के बाद अमेरिका, ब्रिटेन सहित कई देशों ने रूस पर कई तरह की पाबंदियां लगाई हैं. इस बीच, आज रूसी राष्ट्रपति ने कर्मचारियों के वेतन, पेंशन बढ़ाने के वादे किए.
गौरतलब है रूस और यूक्रेन की जंग को तीन हफ्ते हो गए, लेकिन दोनों देशों के बीच टेंशन कम होने का नाम नहीं ले रही है. इस बीच, यूक्रेन की राजधानी कीव में 24 घंटे का लॉकडाउन लगा दिया गया है.
किसी को भी सड़कों पर आने की इजाजत नहीं है. पूरी रात तेज धमाकों की आवाज सुनाई दे रही है. बुधवार सुबह भी कहीं से छोटे हथियारों के गरजने की आवाज सुनी गई. 24 फरवरी से चल रही इस जंग में रूस के हमलों में यूक्रेन के 103 बच्चे मारे जा चुके हैं और 100 से ज्यादा घायल हो चुके हैं.

