राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में भाषण प्रतियोगिता का कार्यक्रम आयोजित
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कस्बे के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में नारी सशक्तीकरण पर भाषण प्रतियोगिता का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं को केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई।
राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में नारी शक्ति अभियान के तहत कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा आदि विषयों पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद एसडीएम अशोक कुमार ने विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया।
कालेज की उप प्रधानाचार्या अनुपमा चौधरी ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को शिक्षित करना अतिआवश्यक है। शिक्षा के माध्यम से ही महिला अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रह सकती है।
कन्या भ्रूण हत्या जैसे अपराध को खत्म करने के लिए महिलाओं को आगे आना होगा। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी डॉ. राजीव ने किया।
इस दौरान प्रबंधक मास्टर नाहर सिंह, प्राचार्य संजीव पंवार, कुणाल पंवार, सुभाष चंद, आशीष कुमार आदि मौजूद रहे।

