हमलावरों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश, एक आरोपी के पिता हिरासत में
पुरकाजी। खादर क्षेत्र के गांव दादूपुर में मामूली कहासुनी के बाद घर में घुसकर पूरे परिवार पर हमला करने के मामले में आरोपियों की तलाश में पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश दी।
एक आरोपी के पिता को हिरासत में लिया गया है। वहीं, आरोपी पक्ष ने पुलिस टीम पर घरों में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है।
खादर क्षेत्र के गांव दादूपुर में 17 जनवरी की रात बचित्र सिंह की बाइक सवार दो युवकों से कहासुनी हो गई थी। देर रात आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर बचित्र सिंह के घर पर हमला कर दिया थ।
इसमें बचित्र सिंह के साथ ही उसका भाई प्रगट सिंह व वृद्ध माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हमले के विरोध में पीड़ित पक्ष ने थाने पर प्रदर्शन किया था
जिसके बाद पुलिस ने बचित्र सिंह के पिता जसवंत सिंह की तहरीर पर छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी।
इस दौरान कोई भी आरोपी हत्थे नहीं चढ़ा, जिस पर एक आरोपी के पिता को हिरासत में ले लिया गया। वहीं, आरोपी पक्ष ने दबिश देने गई पुलिस टीम पर घरों में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाया है।
इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपियों की तलाश में टीमें गठित की गईं हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने घर में तोड़फोड़ के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।