चिकित्सक को बंधक बनाकर लूटपाट, जंगल में फेंका
मुजफ्फरनगर। Sardhana से क्लीनिक बंद कर खतौली अपने घर लौट रहे चिकित्सक को बदमाशों ने गंगनहर पटरी मार्ग पर बंधक बना लिया। चिकित्सक को बदमाश मारपीट करते हुए घसीट कर जंगल में ले गए। यहां उनकी जेब से हजारों रुपये की नकदी व मोबाइल समेत चिकित्सकीय उपकरण बैग लूट लिया। विरोध करने पर तमंचा और बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी दी।
बाद में हाथ-पैर बांधकर चिकित्सक को जंगल में फेंक कर फरार हो गए। थाना क्षेत्र के गांव खतौली ग्रामीण (भूड़) निवासी चिकित्सक अकील अहमद पिछले एक वर्ष से सरधना कस्बे में क्लीनिक चलाते हैं। वह देर रात्रि करीब ग्यारह बजे क्लीनिक बंद कर स्कूटर पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
जैसे ही वह गंगनहर पटरी मार्ग पर सलावा की झाल से आगे निकले तो बाइक पर तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने उनके सिर पर डंडा मारकर हेलमेट तोड़ दिया। तमंचा और बंदूक से आतंकित कर जंगल में ले गए।
स्कूटर छीनकर खाई में फेंक दिया। जंगल में बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की। मोबाइल व तीन हजार रुपये समेत एटीएम कार्ड लूट लिया। विरोध करने पर हाथ-पैर बांधकर पिटाई की।
इसके बाद बदमाश चिकित्सक को छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह से बंधनमुक्त होकर चिकित्सक ने शोर मचाया तो राहगीर एकत्र हो गए। पीड़ित ने खतौली थाने पर सूचना दी, लेकिन मामला सरधना क्षेत्र का पाया गया।
उसके बाद चिकित्सक ने सरधना की सलावा पुलिस चौकी पर तहरीर दी। लूटपाट की घटना के बाद खतौली और सरधना पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिग की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

