Muzaffarnagar और आसपास से प्रमुख खबरें

दरोगा ने पीड़ित महिला को दी जहर खाने की सलाह

मुजफ्फरनगर। महिला थाने में बड़ी विभागीय कार्रवाई होने के बावजूद पुलिसकर्मियों का रवैया सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला एक पीड़ित महिला का है, जिसे विवेचक ने जहर खाने की सलाह दे डाली। एसएसपी ने मामले में प्रारंभिक जांच के आदेश दिए हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रहमतनगर निवासी महिला का अपने शौहर से विवाद चल रहा है। उक्त प्रकरण में काउंसिलिंग भी हो चुकी है, जिसमें दोनों पक्ष जिद पर अड़े रहने के कारण उनमें समझौता नहीं हो सका है।

इसके चलते पीड़ित महिला ससुराल पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग कर रही है। आरोप है कि विवेचक लगातार मामले को टाल रहे हैं, जिसके चलते पीड़िता ने कुछ दिन पूर्व उन्हें मोबाइल पर कॉल कर अपने प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की।

आरोप है कि मोबाइल पर बात करने के दौरान ही महिला ने पूर्व विवेचक दरोगा सीमा यादव द्वारा जहर खाए जाने का हवाला दिया, जिससे गुस्साए विवेचक ने पीड़िता को भी जहर खाने की सलाह दे डाली। उक्त प्रकरण की ऑडियो वायरल होने से मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद फजीहत होते देख एसएसपी अभिषेक यादव ने मामले में प्रारंभिक जांच के आदेश दिए हैं। एसएसपी का कहना है कि जांच के बाद दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, संबंधित दरोगा का कहना है कि फोन पर वार्ता करते हुए महिला ने उनके साथ बदसलूकी की थी, जिसके बाद उनके मुंह से ऐसा निकल गया था। हालांकि इसके तत्काल बाद महिला की तहरीर पर उसके ससुराल पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21372 posts and counting. See all posts by News-Desk