तकिये के नीचे छिपा था सांप: मामी और भांजे की अर्थी एक साथ निकली
घटना गोंडा जिले के इंटियाथोक थाना क्षेत्र के कुरशहा गांव में घटी है। गांव के ही निवासी राजेश तिवारी की 35 वर्षीय पत्नी वंदना तिवारी और 7 वर्षीय भांजा दिव्यांशु पुत्र रवि शुक्ला निवासी बहराइच जनपद के रघुराम पुरवा विशेसर गंज को जहरीले सांप ने एक साथ काट लिया। जिससे दोनों की एक साथ मृत्यु हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतका वंदना के भाई दीन दयाल शुक्ला निवासी पथवलिया कोतवाली नगर ने बताया कि उस की बड़ी बहन वंदना और बहनोई राजेश तिवारी का भांजा दिव्यांशु सहित चार लोग घर में एक कमरे पर डबल बेड पर सो रहे थे। रात्रि के करीब एक बजे जहरीले सांप ने पहले भांजा दिव्यांशु को काट लिया। नींद में होने की वजह से जानकारी नहीं हो पाई।
इस के थोड़ी देर बाद ही सांप ने वंदना को भी काट लिया। वंदना को लगा कि किसी ने कुछ चुभा दिया है। उसने बगल में सो रहे लोगों को जगाया जिसके बाद घर के सभी लोग आ गए।
देखते ही देखते थोड़ी देर बाद ही वंदना की तबियत खराब होने लगीं। उधर बेड पर सो रहे दिव्यांशु जगाने के बाद भी नहीं उठा। शक होने पर तकिया को हटाया गया। तो देखा गया कि सांप तकिये के नीचे छिपा था।
दोनों को पहले वहीं पर झाड़-फूंक कराया गया। आराम नहीं मिला तो गोण्डा शहर के एक निजी नर्सिंग होम में लाया गया। थोड़ी देर इलाज चलने के बाद दोनों की मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी लोगों को मिलते ही तमाम लोग घर पर पहुंच गए। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया। बताया गया है कि भांजा दिव्यांशु कुछ दिनों पूर्व ही आया था।

