UPTET 2021 में घोर लापरवाही बरती गई, परीक्षा नियामक प्रधिकारी संजय कुमार उपाध्याय गिरफ्तार
UPTET 2021 के लीक हुए प्रश्नपत्र मामले से जुड़े लोगों की लगातार गिरफ्तारियां एसटीएफ की ओर से की जा रही है। मंगलवार को योगी सरकार ने परीक्षा नियामक प्रधिकारी संजय कुमार उपाध्याय को निलंबित कर दिया था। उसके बाद देर रात एसटीएफ ने संजय उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया।
अब उनसे एसटीएफ के अधिकारी पेपर लीक से जुड़े मामले में पूछताछ कर रही है। यूपी टीईटी पेपर लीक मामले में अब तक की यह सबसे बड़ी गिरफ्तारी है।बताया यह जा रहा है कि, परीक्षा नियामक प्रधिकारी संजय उपाध्याय टीईटी की परीक्षा को सम्पन्न करवाने को लेकर अपने उत्तरदायित्व को अच्छे से नहीं निभा पाए हैं।
यह भी आरोप है कि उन्होंने एक गैर जिम्मेदार दिल्ली के प्रेस मालिक राय अनूप प्रसाद को टीईटी के पेपर छापने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इस पूरे प्रकरण को योगी सरकार ने बेहद गंभीरता से लिया है। एसटीएफ ने बताया, कि इस प्रकरण में अभी और भी गिरफ्तारी होनी शेष हैं।
योगी सरकार ने परीक्षा नियामक प्राधिकारी को निलंबित कर संजय उपाध्याय को बेसिक शिक्षा निदेशालय से अटैच कर दिया था। एसटीएफ ने बताया, कि टीईटी परीक्षा को संपन्न करवाने को लेकर परीक्षा नियामक अधिकारी ने घोर लापरवाही बरती है। एसटीएफ के पास इसके प्रमाण भी हैं।

