तहसील बुढ़ाना में उचित दर विक्रेताओं को बिजली बिल जमा करने के संबंध में दिया गया प्रशिक्षण
मुजफ्फरनगर। तहसील बुढ़ाना स्थित सभागार में आज सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत उचित दर दुकान पर कार्यरत ई-पॉस मशीन के माध्यम से बिजली के बिलों को जमा कराने हेतु उत्तर प्रदेश शासन की मंशानुरूप तहसील बुढ़ाना के समस्त उचित दर विक्रेताओं के प्रशिक्षण हेतु कार्यक्रम का आयोजन जिला पूर्ति अधिकारी बी0के0 शुक्ला की अध्यक्षता मे किया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत कार्यरत राशन की दुकान पर अब बिजली का बिल जमा किया जा सकता है। उन्होने बताया कि तहसील बुढ़ाना से संबंधित उचित दर विक्रेताओं को ई-पॉस मशीन के द्वारा बिजली का बिल जमा करने का प्रशिक्षण दिया गया।
उन्हें बताया गया कि ई-पॉस मशीन से ही बिजली का बिल जमा करने वाला सॉफ्टवेयर अपडेट करके आप किसी भी बिजली उपभोक्ता का बिजली का बिल जमा कर सकते हैं जिसके लिये सरकार द्वारा उचित दर विक्रेता को लाभांश भी प्राप्त होगा।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि अब बिजली के बिल का भुगतान करने के लिये जनता को बिजली घर या संबंधित खण्ड/उपखण्ड कार्यालय विद्युत वतरण खण्ड में जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी।
अब राशन डीलर के यहां जाकर भी जनता बिजली का बिल जमा कर सकती हैं। उन्होने कहा कि यह योजना उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पहली बार बिद्युत उपभोक्ताओं के लिये प्रदेश में जारी की गयी है।
इस कार्यक्रम में श्री सुनील कुमार गुप्ता, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण(द्वितीय), अजय कुमार कैम, अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड, प्रशांतकांत, उपखण्ड अधिकारी(विद्युत) एवं पूर्ति निरीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह सिंह तथा डिस्ट्रिक्ट कोर्डिनेटर जिला पूर्ति कार्यालय, मुजफ्फरनगर आदि मौजूद रहे।

