ट्रक ने बाईक सवार दो किशोरो को रौंदा, एक की मौत
मुजफ्फरनगर। खतौली शुगर मिल के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाईक सवार दो किशोरों को बुरी तरह से रौंद डाला। इस हादसे में एक किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। इस घटना के बाद मृतक एवं घायल के परिवारजनों में बुरी तरह से कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिये भिजवा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पीपलहेडा निवासी १६ वर्षीय अभिषेक राणा पुत्र डा. सुन्दर सिंह अपने एक अन्य साथी के साथ खतौली में दवाई लेने के लिये आया हुआ था।
बताया जाता है कि जब उक्त दोनों किशोर बाईक पर सवार होकर वापस अपने गांव पीपलहेडा लौट रहे थे तो शुगर मिल के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाईक में टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीड थी कि हादसे के बाद दोनों बाईक सवार युवक काफी दूर जाकर गिरे और गम्भीर रूप से घायल हो गये।
आसपास के नागरिकों ने दोनों घायल युवकों को स्थानीय अस्पताल भिजवाया तथा इस सम्बन्ध में पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची।
अस्पताल पहुंचे घायलों में से चिकित्सकों ने अभिषेक राणा पुत्र डा. सुन्दर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक का उपचार शुरू कर दिया।
पुलिस ने इस सम्बन्ध में मृतक एवं घायल किशोरों के परिवारजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवारजनों में बुरी तरह से कोहराम मच गया और वे आनन-फानन में चिकित्सालय पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की मौजदूगी में मृतक के शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिये भिजवा दिया।

