उपद्रव के बाद से खालापार में अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात: मदीना चौक पर सन्नाटा पसरा
मुजफ्फरनगर। शुक्रवार को हुए उपद्रव के बाद से खालापार में अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात हैं। मीनाक्षी चौक पर दिन-रात पुलिस की नाकेबंदी रही। पुलिस ने घर से जो भी बाहर निकला उसे दबोच लिया। यहां तक कि बाहर से आने वाले लोगों को भी पकड़कर पुलिस थाने ले गई। इस कार्रवाई की जद में कुछ बीमार लोग भी आ गए हैं। उधर, कच्ची सड़क पर मदीना चौक पर भी सन्नाटा पसरा रहा। इक्का-दुक्का लोग ही सड़कों पर दिखाई दिए।
जुमे की नमाज के बाद मदीना चौक से शुरू हुआ बवाल मीनाक्षी चौक पर बलवे में तब्दील हो गया था। कच्ची सड़क और खालापार की भीड़ ने जमकर उत्पात मचाया था। इस बवाल को कंट्रोल करने के बाद मीनाक्षी चौक छावनी बन गया। रात भर इस क्षेत्र का कोई निवासी न तो बाहर निकला और न ही बाहर से कोई अंदर जाने पाया।
शनिवार को भी जो लोग मीनाक्षी चौक ओर उन्हें पुलिस ने धर दबोचा। बाहर से आने वाले लोगों को भी पकड़कर थाने ले गई। केवल महिलाओं और बच्चों को आने-जाने दिया गया। इनकी संख्या भी काफी कम रही। पुलिस की कार्रवाई में बीमार लोग भी पकड़ में आ गए। मीनाक्षी चौक पर बैरियर लगे रहे।
शहीद चौक से आगे तक इक्का-दुक्का लोग ही सड़कों पर नजर आए। गांव सहावली निवासी अहमद अपने साथी आसिफ को दवा दिलाने के लिए स्कूटी से मीनाक्षी चौक से खालापार की ओर जा रहे थे।
पुलिस ने अहमद को भी पकड़ लिया और थाने ले गई। इसके अतिरिक्त अंबा विहार से शाहनजर अपने पिता अलीशान को दवा दिलाने ले जा रहे थे। पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। कच्ची सड़क पर मदीना चौक के आसपास भी हालात अघोषित कर्फ्यू जैसे रहे। यहां दुकानें बंद होने के साथ ही सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा। अंश साभार-एयू.काम
