Uttarakhand: तरसेम सिंह हत्याकांड का शार्पशूटर अमरजीत सिंह उर्फ बिट्टू ढेर
Uttarakhand नानकमत्ता गुरुद्वारे के डेरा कारसेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह हत्याकांड के एक आरोपी को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया है. देर रात उत्तराखंड एसटीएफ और हरिद्वार पुलिस के साथ चली मुठभेड़ में उसे मार गिराया गया. वहीं, दूसरा आरोपी वहां से फरार हो गया जिसकी तलाश पुलिस कर रही है.
एसएसपी हरिद्वार परमिंदर डोभाल ने इस मुठभेड़ को लेकर बताया कि हरिद्वार में कलियर रोड और भगवानपुर के बीच यह मुठभेड़ हुई है. उन्होंने कहा कि एसटीएफ और पुलिस के साथ शार्पशूटर अमरजीत सिंह उर्फ बिट्टू की मुठभेड़ हुई, जिसमें वह मारा गया है. अमरजीत सिंह उर्फ बिट्टू के खिलाफ 16 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं.
आपको बता दें कि पिछले महीन सिखों के तीर्थ स्थल श्री नानकमत्ता साहिब गुरुद्वारे के कारसेवा प्रमुख की हत्या की खबर आई थी. उन्हें दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी. उत्तराखंड के उधम सिंह नगर की यह घटना थी जिसमें कारसेवा डेरा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की हत्या उस वक्त कर दी गई थी जब वह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. उनकी हत्या सुबह करीब 6 बजे की गई थी. पुलिस ने बताया था कि घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
डीजीपी उत्तराखंड अभिनव कुमार ने बताया था कि 28 मार्च को श्री नानकमत्ता साहिब गुरुद्वारा डेरा कार सेवा के प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की गोली मारकर हत्या करने वाले अमरजीत सिंह को उत्तराखंड एसटीएफ और हरिद्वार पुलिस ने थाना भगवानपुर क्षेत्र में मुठभेड़ में मार गिराया है.
वहीं उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा. एसटीएफ और पुलिस उसकी तलाश कर रही है. उन्होंने कहा कि बाबा की हत्या को उत्तराखंड पुलिस ने चुनौती के रूप में लिया था और लगातार एसटीएफ और पुलिस दोनों हत्यारों को ढ़ूंढ़ रही थी. उत्तराखंड में ऐसे जघन्य अपराध करने पर पुलिस अपराधियों से सख्ती से निपटेगी.

