पहलवान Divya Kakran ने पॉवर लिफ्टर सचिन प्रताप संग लिए सात फेरे
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी Divya Kakran शादी के बंधन में बंध गई हैं। मेरठ के एक रिसॉर्ट में दिव्या ने पावरलिफ्टर सचिन प्रताप सिंह के संग सात फेरे लिए। शादी समारोह में केंद्रीय मंत्री डा. संजीव बालियान, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह भी पहुंचे।
इस दौरान Divya Kakran ने कहा, २०२० में ओलंपिक में क्वालीफाई नहीं कर सकी। मगर, अब अपने पति की लक के साथ २०२४ में पेरिस से ओलंपिक पदक लेकर लौटूंगी। दिव्या काकरान इंटरनेशनल रेसलर और अर्जुन अवार्डी पहलवान हैं।
दिव्या काकरान कॉमनवेल्थ में देश को दो बार पदक दिला चुकी हैं। उनके पति सचिन प्रताप सिंह वेस्ट यूपी के शामली जिले के जाफरपुर गांव के रहने वाले हैं। सचिन नेशनल पावरलिफ्टर हैं। दिव्या के ससुर भानु प्रताप सिंह मेरठ पिटीएस में दरोगा हैं।
सचिन के दादा भोपाल सिंह और दिव्या के पिता पहलवान सूरज काकरान दोनों पुराने दोस्त हैं। इसी दोस्ती को अब दोनों परिवारों ने रिश्तेदारी में बदला है। दिव्या की हल्दी, संगीत, मेंहदी की सारी रस्में उनके घर से हुईं। शादी मेरठ में मंडप से की गई है। वाराणसी के पंडितों ने शादी को संपन्न कराया। बहन दिव्या काकरान की शादी समारोह में ही उनके भाई दीपक काकरान की मंगनी नीना के साथ हुई।
नीना डाइटीशियन हैं। दिव्या की मां संयोगिता ने आयोजन पूरा कराया। उधर, शादी के दौरान समारोह में सिक्योरिटी गार्ड की लाइसेंसी रिवाल्वर गायब होने से हंगामा हो गया। सूचना पाकर कंकरखेड़ा थाना पुलिस इंस्पेक्टर भी मौके पर पहुंचे। वैवाहिक जोड़े को आशीर्वाद देने के लिए लंदन स्पोर्ट्स के संचालक अपूर्व, विनीत त्यागी, सनी राणा व अन्य लोग शामिल हुए।

