खबरें अब तक...

समाचार

पुलिस को मिली सफलताः गोकशी में फरार चल रहे अभियुक्त दबोचे1 2 |
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर -क्षेत्र के गांव मुबारकपुर में गुरुवार रात्रि की गई गोकशी वाले मामले में थाना पुलिस ने २ दिन के अंदर गोकशी में लिप्त चार आरोपियों को दो चोरी की बाइक, एक तमंचा तथा तीन छुरी के साथ गिरफ्तार कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा।जबकि २ आरोपी अभी तक फरार हैं।पकड़े गए आरोपियों में सरताज पुत्र वहीद निवासी बसधाड़ा थाना शाहपुर, आशिक अली पुत्र यासीन निवासी धनायन थाना शाहपुर, शिवम पुत्र सुनील निवासी धनायन थाना शाहपुर तथा संजय पुत्र चमन निवासी धनायन थाना शाहपुर जबकि दो आरोपी रहीस पुत्र मोहम्मद उमर निवासी ग्राम पुरबालियान तथा सोनू पुत्र इकबाल निवासी ग्राम तावली थाना शाहपुर फरार चल रहे हैं।

 

 

ट्रक-बाइक भिड़े, बच्ची की मौत
मुजफ्फरनगर। थाना क्षेत्र के गांव किवाना रोड रेलवे फाटक के निकट ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 2 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बालिका के शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।खतौली के गांव रसूलपुर निवासी प्रवीण का परिवार गांव में मतनावली में अपनी रिश्तेदारी में मिलने के लिए आया था। रात्रि करीब 8 बजे के लगभग गांव किवाना के फाटक पर पहुंचने पर मतनावली निवासी ओमबीर उन्हें लेने के लिये पहुँचा था। ओमबीर अपनी बाइक पर महिला व 2 वर्षीय बालिका राधिका को बैठाकर गांव के लिए चल पड़ा। बताया गया कि गांव किवाना मोड़ के निकट पहुंचने पर सामने सारे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार तीनो लोग जमीन पर गिर पड़े। ट्रक ने बालिका को अपनी चपेट में लेकर कुचल दिया। जिसके चलते बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को मामले की सूचना दी गई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बालिका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। जबकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। समाचार लिखे जाने तक घटना के संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। बालिका की मौत को लेकर परिजनों में शोक व्याप्त है।

कांवड शिविर में पैर फिसलने से हलवाई की मौत
मुजफ्फरनगर। मेरठ-पौडी राजमार्ग पर स्थित हनुमान मन्दिर में चल रहे कांवड सेवा शिविर में हलवाई का कार्य कर रहे व्यक्ति की पैर फिसलने से मौत हो गयी।
मीरापुर कस्बे में मेरठ-पौडी राजमार्ग पर ग्राम रसूलपुर स्थित हनुमान मन्दिर में कांवड लेकर आ रहे शिव भक्तो के लिये विशाल कांवड शिविर लगाया हुआ है। शिविर में रसूलपुर निवासी किरण सिंह पुत्र राजाराम हलवाई का कार्य कर रहा था। शनिवार की देर शाम अचानक से हलवाई किरणपाल का पैर फिसल गया तथा नीचे गिरकर वह बुरी तरह घायल हो गया। जिस पर शिविर में कार्य कर रहे अन्य लोगों ने मामले की सूचना उसके परिजनों को दी तथा उसके परिजन उसे उपचार के लिये जानसठ ले गये। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वांछितों को दबोचा2 2 |
मुज़फ्फरनगर। एसएससी सुधीर कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आलोक शर्मा के द्वारा चलाए जा रहे हैं वांछित व वारंटियों के खिलाफ धर पकड़ अभियान में थाना भोपा पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई। वांछित व वारंटीयो की धर पकड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जिसमें शहजाद पुत्र सईद निवासी भोपा काला पुत्र ८९ निवासी रहमतपुर भोपा प्रदीप पुत्र सुरेश चंद्र व सुरेश चंद्र पुत्र पूरन सिंह निवासी विलायत नगर थाना भोपा को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

 

स्वच्छ भारत अभियान के तहत पुलिस ऑफिस में चलाया सफ़ाई अभियान
मुज़फ्फरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को गति देते हुए पुलिस ऑफिस में आज पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आलोक शर्मा ने स्वंम पुलिस कार्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया।इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आलोक शर्मा ने पुलिसजनो की मदद से पुलिस कार्यलय परिसर में उगी घास व गंदगी को उखाड़ फेंका।
इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्यलय में जमा कूड़े के ढेर को साफ किया। साथ ही परिसर में जगह-जगह उगी घास को भी उखाड़कर नष्ट किया। एस पी ग्रामीण शर्मा ने कहा कि साफ-सफाई का जीवन में बड़ा महत्व है।यदि मनुष्य को स्वस्थ रहना है तो उसे अपने आस-पास से गंदगी को भगाना होगा।उन्होंने कहा कि देश तभी स्वच्छ बन सकता है। जब हम सब मिलकर गंदगी के खिलाफ अभियान चलाए।इस दौरान पुलिस कार्यलय के सभी पुलिस जनों ने अपने एस पी ग्रामीण आलोक शर्मा के साथ कदम तर कदम मिलाकर सफ़ाई अभियान में पूरा साथ दिया।

भगवान शिव का प्रिय दिन है सोमवार-महाशिवरात्रि पर विशेष महत्व है जलाभिषेक का
मुजफ्फरनगर। वैसे तो प्रत्येक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि मास शिवरात्रि कहलाती है फिर भी फाल्गुन मास में पढ़ने वाली शिवरात्रि को महाशिवरात्रि के रूप में बनाई जाने की परंपरा है । फाल्गुन मास में इस बार महाशिवरात्रि ४ मार्च दिन सोमवार को पड़ रही है ऐसे में शिवरात्रि व्रत का विशेष महत्व हो जाता है क्योंकि सोमवार भगवान शिव का प्रिय दिन है। महामृत्युंजय सेवा मिशन अध्यक्ष पंडित संजीव शंकर ने बताया कि शिवपुराण की विधश्वेर संहिता में महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव ब्रह्मा और विष्णु के बीच ज्योतिर्लिंग रूप में प्रकट हुए थे अतः महाशिवरात्रि को लिंग पूजन का सर्वप्रथम सौभाग्य ब्रह्मा और विष्णु को ही प्राप्त हुआ इसी कारण महाशिवरात्रि के दिन लिंग पूजा का विशेष महत्व है। इस दिन रात्रि में चारों प्रहर की पूजा तो श्रेष्ठ मानी ही गई है वही भगवान शिव पर बिल्वपत्र चढ़ाने का विशेष महत्व है। वैसे तो भगवान शिव साधन जल से प्रसन्न होने वाले देवता है फिर भी विभिन्न -विभिन्न इच्छाओं के लिए भिन्न-भिन्न पदार्थ द्वारा भगवान शिव का अभिषेक करना चाहिए जैसे वंश वृद्धि के लिए गन्ने के रस से वंश, वृद्धि के लिए घी से, शत्रु नाश के लिए सरसों के तेल से ,इसी प्रकार पंचामृत ( दूध,दही ,शहद ,बुरा गंगा जल) द्वारा भगवान शिव का रुद्र मंत्र द्वारा किया गया अभिषेक रुद्राभिषेक अभिषेक कहलाता है। भगवान शिव का प्रिय मंत्र पंचाक्षर मंत्र (नमः शिवाय), महामृत्युंजय मंत्र आदि के जप के शिवरात्रि महात्मा की कथा सुनना भी उत्तम है वही कलयुग मे नाम जप की बड़ी महिमा कही गई है अतः शिव- शिव नाम भी कल्याण कारक है इस पर जरा भी संदेह नहीं है। वैसे तो शिव पूजा का कोई मुहूर्त नहीं होता जब भी साधन उपलब्ध हो जब भी मन करे शिव पूजा करनी चाहिए शिव पुराण के अनुसार शिव मंदिर के कपाट नहीं होते।शिव पूजा में त्रिपुंड लगाना, शिव नाम लेना और रुद्राक्ष धारण करना त्रिवेणी कहीं गई है ।

एम0काम0 प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर का शत प्रतिशत रहा रिजल्ट
मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज में वाणिज्य संकाय में एम0काम0 प्रथम एंव तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम आने पर चारों ओर खुशी का वातावरण रहा। सभी विद्यार्थियों ने अच्छे अंको से उत्तीर्ण होकर महाविद्यालय की कामयाबी में एक बार फिर चार-चॉंद लगाये। एम0काम0 प्रथम सेमेस्टर की वजीहा 84.8 प्रतिशत व एम0काम0 तृतीय सेमेस्टर के विजय कुमार 83.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान पर रहे। वजीहा व विजय कुमार ने अपनी सफलता पर ईश्वर को धन्यवाद देते हुये अपनी सफलता का श्रेय गुरूजनों को दिया। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली नैना बंसल एम0काम0 प्रथम सेमेंस्टर और तनिषा एम0काम0 तृतीय सेमेस्टर ने कहा कि अध्यापकों द्वारा आयोजित विशेषज्ञ अतिथि व्याख्यान परीक्षा में मददगार साबित हुये है तथा पारिवारिक सहयोग व प्रेरणा महत्वपूर्ण रही है। तृतीय स्थान पर रहने वाले युगल भारद्वाज एम0काम0 प्रथम सेमेस्टर व कुनीका एम0काम0 तृतीय सेमेस्टर का कहना है कि महाविद्यालय का अनुशासन और प्रवक्ताओं द्वारा सुसंगठित शिक्षण पद्धति के फलस्वरूप ही यह सफलता प्राप्त हुई है व अपनी कामयाबी का श्रेय अपनी मेहनत, लगन व महाविद्यालय में उपयोगी सुविधा जेसे हाई -टैक पुस्तकालय व अच्छे वातावरण को दिया। श्रीराम ग्रुप आफ कालिजेज के चेयरमैन डा0 एस0सी0कुलश्रेष्ठ ने एम0काम0 के सभी विद्यार्थियों को सफलता पर बधाई दी व उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुये प्रेरणा दी कि आगे भी अपने जीवन में इसी प्रकार की सफलता अर्जित करते हुये अपने कालेज व अपने जनपद का नाम रोशन करते रहे। श्रीराम कॉलेज आफ मैनेजमेंट की डीन डा0 पूनम शर्मा ने भी अध्यापकों को उनके अच्छे कार्य के लिये प्रोत्साहित किया। विभागाध्यक्ष डा0 विजय शर्मा ने कहा कि विभाग के सभी अध्यापकों की मेहनत से पिरोये हुये परीक्षाफल को देखकर मुझे काफी प्रसन्नता हुई। एम0काम0 की कार्डिनेटर डा0 जूही ने कहा कि विभाग में विगत वर्षो से भी ज्यादा सेमिनार तथा विशेषज्ञों को बुलाने का फल आज हमारे छात्रों के बेहतर प्रदर्शन के रूप में दिखाई दे रहा है। इस अवसर पर वाणिज्य संकाय के प्रवक्ताओं डा0 रविन्द्र, डा0 जूही गौतम, संजय शर्मा, मुकेश कुमार, नियति पंडित, रमिका वर्मा, शिवानी बंसल ने छात्रों को बधाई दी व परिश्रम को सफलता की कुंजी बताते हुए इसे अपने जीवन मे ंचरित्रार्थ करने की सलाह दी।

चैकिंग अभियान चलाया
मुज़फ्फरनगर। जिला कारागार मुजफ्फरनगर में जेल अधीक्षक एके सक्सेना ने जिला कारागार के प्रांगण में मिलाई करने वालों की जबरदस्त चेकिंग की उल्लेखनीय है कि जिला कारागार पर मिलाई करने वालों की काफी संख्या रहती है इसी के संदर्भ में आज उन्होंने चेकिंग अभियान चलाया तथा मुलाकात करने वालों की तलाशी ली ताकि कोई भी आपत्तिजनक चीज जेल के अंदर ना जा सके एके सक्सेना व जेल कमलेश सिंह के आने के बाद जिला कारागार में व्यापक स्तर पर सुधार हुआ है तथा अंदर मोबाइल रखने वाले बंदियों को भी उन्होंने आड़े हाथों लिया।

शहीद जवानों को किया नमन
चरथावल। कस्बे के किड्स हेवन पब्लिक स्कूल के नवनिर्मित भवन एवं वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति में मातृभूमि की रक्षा में शहीद जवानों को नमन किया। विशिष्ट अतिथि वैदिक संस्कार चेतना अभियान के संयोजक आचार्य गुरुदत्त आर्य ने कहा कि समृद्ध और सक्षम भारत के निर्माण में भावी पीढ़ी को श्रेष्ठ नागरिक बनाने का दायित्व निभाए।
रोहना रोड स्थित किड्स हेवन पब्लिक स्कूल के वार्षिक समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम अभ्युदय शहीद जवानों को समर्पित रहा। गीत, कविता और नृत्य के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर समा बांधा। आचार्य गुरुदत्त आर्य ने कहा कि शिक्षण संस्थाएं राष्ट्र निर्माण की इकाई है और विद्यार्थी राष्ट्र का भविष्य हैं। भावी पीढ़ी को संस्कारयुक्त शिक्षा देकर ही उनके व्यक्तित्व का निर्माण होगा। अभिभावक एवं शिक्षक अपने आदर्श आचरण से छात्र-छात्राओं को प्रेरित करें। महापुरुषों और देशभक्तों ने संघर्ष, त्याग एवं बलिदान से भारत भूमि को सींचा है। उच्च शिक्षा के साथ बच्चों में सद्गुणों, नैतिक मूल्यों का समावेश जरूरी है। विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत चेयरमैन सतेंद्र त्यागी ने कहा कि विद्यार्थी लक्ष्य निर्धारित कर करियर बनाएं। रोजगारपरक शिक्षा से ही समाज की उन्नति संभव है। यह संस्था शिक्षा दायित्व को निष्ठा और मूल्यों से निर्वाह कर रही है। संस्थापक सुनीता धीमान ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। स्कूल चेयरमैन डॉ. सुनील कुमार ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। एमडी सत्य प्रकाश धीमान तथा प्रधानाचार्य शोएब अहमद ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए। शिव कुमार त्यागी, प्रमोद बालियान, राजेश गर्ग, गांधी बालिका इंटर कालेज की प्रधानाचार्य अनिता गौतम, डॉ. नरेंद्र अग्रवाल, अरविंद त्यागी, भाजपा नेता जितार्थ त्यागी , धर्मेश कुमार आदि मौजूद रहे। संचालन अखिलेश शर्मा ने किया।

चलाया चेकिंग अभियान
मुजफ्फरनगर। आरपीएफ और जीआरपी टीमों ने संयुक्त रूप से को रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म और सभी ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर एहतियातन चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान न केवल ट्रेनों की बोगियों में जांच-पड़ताल की गई, बल्कि प्लेटफार्म पर मौजूद मुसाफिरों व उनके सामान की भी चेकिंग की गई। हालांकि घंटों की कवायद के बावजूद कोई भी आपत्तिजनक सामान पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा।

कार चोरी
मुजफ्फरनगर। चोरो ने श्री जैन मन्दिर के बाहर खडी कार चोरी कर ली। पुलिस ने तहरीर लेते हुए मामले की छानबीन शुरू की। जानकारी के अनुसार अज्ञात वाहन चोरो ने शहर कोतवाली क्षेत्र के प्रेमपुरी स्थित श्री जैन मन्दिर के बाहर से जयकुमार जैन की वैगनआर कार चोरी कर ली। पुलिस ने इस मामले मे तहरीर लेते हुए जांच-पडताल शुरू की।

बच्चों को तकनीकी व उच्च शिक्षा दिलाएं
जानसठ। जाट महासभा की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समाज में फैली कुरीतियों को दूर कर अपने समाज के बच्चों को तकनीकी व उच्च शिक्षा दिलाने का काम करें। गांव नंगला कबीर में जाट महासभा की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अध्यक्षता करते हुए एलडीबी बैंक के चेयरमैन नरेंद्र सिंह ने कहा कि समाज में फैल रही कुरीतियों को दूर कर अपने बच्चों को तकनीकी व उच्च शिक्षा दिलाने का काम करें। आज समाज के युवाओं को नशाखोरी की ओर जाने से रोकें, तभी समाज का विकास व उद्धार हो सकता है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आज समाज में अपने बच्चों को आर्य समाज की ओर ले जाया जाए, जिससे उन्हें वैदिक व भारतीय संस्कृति व वेदों का ज्ञान हो सके। संचालन ब्लाक महामंत्री संतोष कुमार वर्मा ने किया। बैठक में अंकुर काकरान, आनंगपाल राठी, किशन लाल, सेंसर पाल, राजवीर सिंह, चंद्र प्रकाश, सुखराम पाल सिंह, हरेंद्र प्रधान, सुरेंद्र सिंह सिखेड़ा, सुखराम पाल आदि मौजूद रहे।

कई पुलिस कर्मियो का स्थानान्तरण
मुजफ्फरनगर। एसएसपी ने जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरूस्त करने के उददेश्य से कई पुलिसकर्मियो का स्थानान्तरण किया है। एसएसपी सुधीर कुमार सिह द्वारा किए गए स्थानान्तरण के तहत महिला का.ज्योति को पुलिस लाईन से थाना सिविल लाईन,अनिता को थाना जानसठ से सीसीटीएनएस थाना जानसठ तथा बिजेन्द्र राठी को थाना सिविल लाईन मे ही हैड मोहर्रिर नियुक्त किया गया है। इसी संदर्भ मे हैड का.रूपचन्द पूर्व मे थाना ककारौली से पुलिस लाईन किया गया स्थानान्तरण निरस्त कर हैड मोहर्रिर थाना भोपा भेजा है। महिला का.मीना को पुलिस लाईन से थाना सिविल लाईन, सरोज को पुलिस लाईन से शिकायत प्रकोष्ठ, सुषमा को पुलिस लाइन से महिला थाना, परमिता को पुलिस लाइन से कोतवाली नगर, शोभा को पुलिस लाइन से महिला थाना, संगीता को पुलिस लाइन से महिला थाना,नीतू पुलिस लाइन से महिला थाना, मीना पुलिस लाइन से महिला थाना, मोनिका को पुलिस लाइन से कोतवाली नगर, शालू को पुलिस लाईन से नई मन्डी, श्री कृष्ण प्रधान लिपिक को पुलिस लाईन, मिनाक्षी प्रधान लिपिक को पुलिस लाईन स्थानान्तरित किया गया है।

छप्पर में लगी आग से पशु झुलसे
मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र के भूपखेडी निवासी युवक के छप्पर में लगी आग से पशु झुलस गए। आग बुझाने के प्रयास में युवक भी झुलस गया। घटना के दौरान मौके पर लगी ग्रामीणों की भीड ने कडी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। झुलसे युवक का उपचार अस्पताल में कराया।भूपखेडी निवासी रतन घर के एक कोने में छप्पर डालकर पशु बांधे हुए थे। शुक्रवार शाम को छप्पर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही पशुओं में अफरातफरी मच गई। एक बछिया खुलकर रतन के कमरे के दरवाजे में टक्कर मारने लगी। इसी दौरान परिजनों की आंख खुल गई। रतन के लडके कपिल ने आग में घिरे पशुओं को बचाने का प्रयास किया। आग बुझाते समय युवक के हाथ झुलस गए। आग लगने के दौरान मचे शोर की आवाज सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने कडी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। आग बुझने तक कई पशु झुलस चुके थे। परिजनों ने आग से झुलसे युवक का उपचार प्राइवेट चिकित्सक के पास कराया है।

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

4 + 9 =