समाचार
मुजफ्फरनगर में दिनदहाडे घर में घुसकर लूट का प्रयास, बाइक सवार 3 बदमाश सीसीटीवी में कैद
मुजफ्फरनगर। आज दिनदहाड़े थाना नई मंडी क्षेत्र के टीपीनगर चौकी क्षेत्र में शाकुंभरी मार्बल के निकट बस्ती में राजवाहा पटरी के पास प्रवीण कुमार के घर पर दिनदहाड़े 11रू30 बजे बदमाश घुस गए। प्रवीण कुमार की पत्नी अनीता को चाकू से डराकर लूट की कोशिश की गई, परिवार के लोग सुबह फैक्ट्री में नौकरी के लिए चले जाते हैं, जिस कारण बदमाश कई दिन से लूट की फिराक में थे, घर में अन्य महिलाओं के शोर-शराबा चिल्लाने पर बदमाश भाग खड़े हुए। तीनों बदमाशों के चेहरे व मोटरसाइकिल सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। सीओ मंडी को फोन करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, जबकि सीओ को फोटो भी भेज दी है। महिलाओं के विरोध करने पर एक बदमाश का महिला ने अंगूठा अपने दांतो से चबा दिया, जिसके कारण चाकू भी वहीं गिर गया। पीडित परिवार का आरोप है कि टीपीनगर चौकी प्रभारी जब से आए हैं, कभी भी इस क्षेत्र में सभी लोगों के शिकायत करने के बावजूद भी गस्त करने नहीं आये, इसको लेकर सभी मोहल्लेवासियों में भारी रोष है। इस मामले में पीडित महिला अनीता पत्नी प्रवीण कुमार निवासी मौहल्ला शांतिनगर, राजबाहा पटरी दीनदयाल कॉलेज रोड, शाकुंभरी विहार, मुजफ्फरनगर ने पुलिस को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने कार्यवाही शुरू कर दी है।
मृत पशुओं का मीट निकालकर बेचने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना पुलिस ने मृत जानवरों का मीट निकालकर बेचने वाले तीन आरोपियों को एक स्कूटी सहित 20 किलो पशुओं के मीट के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार काफी दिनों से सूचना मिल रही थी कि गांव सराय रसूलपुर निवासी व्यक्ति मृत पशुओं का मांस निकालकर आसपास गांव में बेचने के लिए जाते हैं।शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नहर की पटरी ग्राम सराय रसूलपुर से
सोहनवीर उर्फ बच्ची पुत्र रामचंद्र,रज्जो पुत्र ब्रह्मा,प्रवेश पुत्र रामचंद्र समस्त निवासी गण ग्राम सराय रसूलपुर को एक स्कूटी सहित 20 किलोग्राम पशुओं का मांस ले जाते हुए मौके से गिरफ्तार कर लिया बताया जा रहा है कि यह मीट चितोडा,खतोली,मवाना,फलावदा आदि गांव में सप्लाई किया जाता था।इस मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने कई वांछितों को दबौचा
मुजफ्फरनगर। अलग अलग स्थानों से कई वांछितों को गिरफ्तार किया। थाना कोतवाली नगर पर नियुक्त व0उ0नि0 राकेश शर्मा द्वारा वांछित अभियुक्तों फरदीन पुत्र जमीरूद्ीन, आसिफ पुत्र कल्लू उर्फ इमदाद, नानू उफ्र अमीर आजम पुत्र अब्दुल सलाम निवासीगण कस्सावान मौहल्ला खालापार थाना कोतवाली नगर जनपद मुजफ्फरनगर को अभियुक्त नानू उर्फ अमीर आजम उपरोक्त के मसकन कस्सावान से गिरफ्तार किया। इसके अलावा थाना नई मण्डी प्र0नि0 अनिल कुमार कपरवान द्वारा वांछित अभियुक्त सोनू सैनी पुत्र रणधीर सैनी निवासी ग्राम अलमासपुर थाना नई मण्डी जनपद मुजफ्फरनगर को कूकडा ब्लॉक चौराहे से गिरफ्तार किया। इसके अलावा थाना सिविल लाइन पर नियुक्त उ0नि0 शिवराज सिंह तौमर द्वारा वांछित अभियुक्त रितिक पुत्र सतबीर निवासी 434 इन्द्रा कालोनी थाना सिविल लाइन जनपद मुजफ्फरनगर को कम्पनी बाग से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 01 चोरी हुई एक्टिवा बरामद किया गया।
सडक हादसे में विद्युत विभाग के मीटर रीडर की मौत
मुजफ्फरनगर। सडक हादसे में विद्युत विभाग के मीटर रीडर की मौत हो गई। इस दुखद हादसे से मृतक के परिजनो मे शोक छा गया। जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के निकटवर्ती गांव सलेमपुर मे चरथावल-मुजफ्फरनगर मार्ग पर बीती रात अज्ञात वाहन की चपेट मे आ जाने से बाईक सवार युवक की मौत हो गई। उधर से जा रहे किसी अन्य वाहन चालक ने पुलिस को इसकी सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद भीड की मद्द से मृतक की पहचान कर उसके परिवारजनो को इसकी सूचना दी। युवक की मौत की खबर की सूचना मिलते ही परिजनो मे कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन व पडौसी ग्रामीण कुछ ही देर मे मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने नागरिको की मौजूदगी मे पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। इस हादसे से परिजनो मे कोहराम मच गया।
मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसाः टैंकर ने कार में मारी जोरदार टक्कर, मौके पर तीन लोगों की मौत
मुजफ्फरनगर। मीरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरेड़ा गांव के पास दिल्ली-पौड़ी हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस सड़क हादसे में मारुति वैन सवार तीन यात्रियों की मौत हो गई। बताया गया कि एक टैंकर ने मारुति वैन में टक्कर मारी है। मृतकों में महिला, युवती और एक युवक शामिल हैं। वहीं घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मृतकों की पहचान कराने में जुटी है। शुक्रवार की सुबह दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर गांव सिकरेड़ा के निकट टैंकर व कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में मां-बेटे समेत तीन की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि आवाज गांव तक पहुंची। वहीं आवाज सुनने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बताया कि कार सवार बिजनौर निवासी अक्षय पुत्र अशोक अपनी मां मंजू के इलाज के लिए अपने रिश्तेदार शीतल के साथ मुजफ्फरनगर जा रहे थे। इसी दौरान सिकरेड़ा के निकट विपरीत दिशा से आ रहे टैंकर से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने से तीनों कार में बुरी तरह फंस गए। पुलिस व ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। हालांकि तब तक तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया दिया है।
लेखक के निधन से शोक
मुजफ्फरनगर । नगर के प्रमुख समाजसेवी, लेखक और दलित चिंतक कवि कस्तूर सिंह स्नेही का निधन हो गया।
लंबे समय तक गरीब वर्ग की आवाज रहे विख्यात समाजसेवी कस्तूर सिंह स्नेही कुछ समय से अस्वस्थ थे। तमाम साहित्यकारों व अन्य लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है और ईश्वर से प्रार्थना की कि वह उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दे।
युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
बुढाना। अज्ञात कारणो के चलते एक युवक ने खुद को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की मौत से परिजनो मे शोक छा गया। सूत्रो के अनुसार नगर के मौहल्ला पछाला स्थित स्वास्थ्य केन्द्र के समीप रहने वाले राजेश प्रजापति के करीब 22 वर्षीय बेटे सावन ने अज्ञात कारणो के चलते खुद को फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। चर्चा रही कि युवक सावन का एक पखवाडे पूर्व बीपी लो हो गया था। तथा वह तनाव ग्रस्त चल रहा था। जिसके चलते उसने आज सुबह अपने घर के उपरी कमरे मे पंखे से लटककर खुद को फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। हादसे मे युवक की मौत से परिजनो मे शोक छा गया। दोपहर के वक्त युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने इस हादसे की जानकारी होने से इन्कार किया है। युवक की मौत से परिजनो मे शोक छा गया।
नई मंडी कोतवाली अनिल कपरवान के पिता का निधन
मुज़फ्फरनगर। नई मंडी थाना प्रभारी अनिल कपरवान के पिताजी का बीमारी के चलते निधन हो गया।
बताया गया है कि वे काफी समय से अस्वस्थ थे। उनके निधन पर पुलिस विभाग व सामाजिक संगठनों ने शोक व्यक्त किया है। मीडिया परिवार भी शोक की घड़ी में दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करता है।
प्रेस फोटोग्राफर की माता का निधन
मुजफ्फरनगर। नगर के प्रेस फोटोग्राफर राजू सिंह की पूजनीय माता जी श्रीमती कलावती जी का बीमारी के चलते मेरठ में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार निज निवास मेरठ पर होगा। तमाम पत्रकारों व अन्य लोगों ने ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है और ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को भगवान अपनी श्री चरणों में स्थान दे।
केन्द्रीय मंत्री के भाई का निधन
मुजफ्फरनगर। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉक्टर संजीव बालियान के तहेरे भाई राहुल बालियान का कोरोना के चलते निधन हो गया। बताया जाता है कि राहुल बालियान पिछले कुछ दिनों से ऋषिकेश एम्स में उपचार के लिए भर्ती थे जिनका आज निधन हो गया। राहुल बालियान आकस्मिक निधन से जनपद में शोक छा गया।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों राहुल बालियान के सगे भाई जितेंद्र बालियान का भी कोरोना के चलते निधन हो गया था। विदित हो कि जितेंद्र बालियान हाल ही में गांव कुटबी के प्रधान निर्वाचित हुए थे। मंत्री संजीव बालियान के दो तहेरे भाईयों के निधन से जनपद में शोक की लहर दौड़ गयी। विभिन्न राजनीतिक दलों से जुडे राजनीतिज्ञों, सामाजिक एवं स्वंयसेवी संस्थाओं, विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं व जनपद व क्षेत्र के गणामान्य लोगों ने शोक संतृप्त परिजनों के प्रति अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की है।
मरीजों को फल वितरित किए
मुजफ्फरनगर। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 21 वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेसियो ने जिला अस्पताल पहुंच कर मरीजों को फल वितरित किए। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्य तिथि कांग्रेस नेताओ ने जिला अस्पताल पहुंच कर अपने प्रिय नेता की स्मृति मे मरीजों को फल वितरित किए। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा, वरिष्ठ नेता पं.उमादत्त शर्मा,कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा,शहर अध्यक्ष जुनैद रउफ, अरमान मूनसन, सुरेन्द्र, धीरत, जमीर हसन आदि मौजूद रहे।
दो दुधारू भेंस चोरी
भोपा। देर रात घर के बाहर बंधी दो दुधारू भैंसो को अज्ञात पशु चोर चोरी कर ले गए। ग्रामीणो ने इसकी सूचना पुलिस को दी। गांव मे पहुंची पुलिस मामले की छानबीन मे जुट गई। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र निकटवर्ती गांव रूढकली निवासी सपा नेता शाहिद रूढकली के चचेरे भाई रईस उर्फ मोटा पुत्र मौ.हसन की दो दुधारू भैंस रोजाना की भांति बीती रात घर के बाहर बंधी हुई थी कि देर रात कुछ अज्ञात पशु चोर भैस चोरी कर ले गए। पशु स्वामी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। गांव मे पहुंची पुलिस मौका मुआयना कर मामले की छानबीन मे जुटी।
गौमांस के साथ दबौचा
मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन पर नियुक्त उ0नि0 अनित यादव तौमर द्वारा अभियुक्तों मोनू पुत्र दिलशाद निवासी मदीना कालोनी थाना सिविल लाइन जनपद मुजफ्फरनगर, लालू पुत्र भूरा निवासी ग्राम महमूदनगर थाना सिविल लाइन जनपद मुजफ्फरनगर को बहेडी के जगल से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के कब्जे से गौ-मांस के अवशेष व गौकशी के उपकरण बरामद किए।
टयूबवैल से मोटर व अन्य सामान चोरी
चरथावल। चोरो ने जंगल मे लगे टयूबवैल से मोटर व अन्य सामान चोरी कर लिया। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन मे जुट गई। जानकारी के अनुसार बीती देर रात थाना क्षेत्र के निकटवर्ती गांव छिमाउ के जंगल मे कुछ अज्ञात चोरो ने टयूबवैल पर लगे मोटर आदि चोरी कर लिया। ग्रामीणो ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन मे जुट गई।
कई को अवैध शस्त्र सहित किया गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। अलग अलग स्थानों से कई को अवैध शस्त्र सहित गिरफ्तार किया। थाना जानसठ पर नियुक्त उ0नि0 गजेन्द्र सिंह द्वारा अभियुक्त राहुल पुत्र भांपाल निवासी ग्राम वाजिदपुर कवाली थाना जानसठ जनपद मुजफ्फरनगर को ग्राम वाजिदपुर कवाली से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के कब्जे से 02 जिन्दा कारतूस 12 बोर व 01 नाजायज चाकू को बरामद किया गया। इसके अलावा थाना भोपा पर नियुक्त उ0नि0 योगेन्द्र सिंह द्वारा वांछित अभियुक्त नितेश पुत्र मुन्ना निवासी ग्राम मारेना थाना भोपा जनपद मुजफ्फरनगर को अभियुक्त के मसकन से गिरफ्तार किया।
इसके अलावा थाना शाहपुर पर नियुक्त उ0नि0 राहुल कुमार द्वारा अभियुक्त अफसर पुत्र चॉद निवासी फातमा मस्जिद के पास मौहल्ला खालापार थाना कोतवाली नगर जनपद मुजफ्फरनगर को ग्राम सौरम गेट नम्बर 01 से गिरफ्तार किया।
जरूरतमंदों के लिए लगातार भोजन की व्यवस्था की
मुजफ्फरनगर। गुरुद्वारा साहिब के सेवादारों द्वारा कोविड पॉजिटिव घरों में अस्पतालों के बाहर मरीजों को तीमारदार, जरूरतमंदों के लिए लगातार भोजन की व्यवस्था की जा रही है महामारी के इस दौर में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी मुज़फ्फरनगर एवं सारा सिख समाज हर तरह से सहयोग करने के लिए आगे आ रहा है एवं गुरुद्वारा साहिब मे अरदास करके जरूरतमंदों तक लंगर की व्यवस्था लगातार जारी है। गुरुद्वारा प्रधान सरदार गुरचरण सिंह बराड़, महासचिव सरदार देवेंद्र सिंह नागपाल के नेतृत्व में सरदार कप्तान सिंह नागपाल, सरदार जितेंद्र पाल सिंह, सरदार देवेंद्र सिंह, सरदार वरुणजीत सिंह, आदि सभी सेवादारों का लगातार सहयोग से लंगर व्यवस्था बनाने से लेकर पहुंचाने तक का योगदान प्राप्त हो रहा है
कोरोना महामारी के नाश के लिए किया यज्ञ
मुजफ्फरनगर। मां पीतांबरा के जन्म उत्सव पर प्राचीन श्री शिव मंदिर रेलवे स्टेशन के सामने गली मैं भक्तों द्वारा मां पीतांबरा का जन्म उत्सव अत्यंत सूक्ष्म रूप में मनाया गया एवं कोरोना महामारी को हटाने के लिए यज्ञ का आयोजन किया गया जिसमें पंडित संजय मिश्रा श्रीमान विमल सिंह राजन गोयल जी अलका गोयल जी नवनीत गर्ग जी अनीता गर्ग जी राधा मिश्रा जी ज्योति मोहिनी जी श्री अशोक सरीन जी आदि उपस्थित रहे पंडित कृष्णानंद की देखरेख में यह यज्ञ संपन्न हुआ मां पीतांबरा जन्म उत्सव की हार्दिक शुभकामना।
मास्क और सेनेटाइजर वितरित किए
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने बुढ़ाना कस्बे में मास्क एवं सैनिटाइजर का वितरण किया। महावीर चौक पर स्थित पुलिस चौकी पर तैनात कर्मियों में भी मास्क बांटे गए। संघ कार्यकर्ताओं ने राहगीरों को मुफ्त में मास्क एवं सैनिटाइजर देकर कोरोना के खतरे से बचने के लिए मास्क पहनने की अपील की। उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए समझाया कि जिले में कोरोना के काफी केस सामने आ रहे हैं। कोरोना से बचाव के लिए हम सबको मास्क लगा कर दो गज की दूरी बनाए रखना बहुत जरूरी है। इस दौरान संघ के जिला सह पर्यावरण प्रमुख अमन कुमार, नगर संचालक नीरज कुमार, मुकेश कुमार, रोमी, रविन, मंचित, प्रमोद, राजीव आदि मौजूद रहे।
सफाईकर्मियों को पीपीई किट, मास्क, ग्लव्स व सैनिटाइजर वितरित किये
मुजफ्फरनगर। चरथावल में कोरोना महामारी से बचाव के लिए नगर पंचायत चेयरमैन सतेंद्र त्यागी ने सत्तर सफाईकर्मियों को पीपीई किट, मास्क, ग्लव्स व सैनिटाइजर वितरित किये। उन्होंने कहा कि सभी सफाईकर्मी स्वयं की व अपने परिवार की सुरक्षा की परवाह किये बिना लगातार डयूटी कर रहे हैं और गलियों व नाली-नालों से गंदगी निकाल कर नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में डटे हुए हैं। कोरोना योद्धाओं का हौसला बढ़ाने के लिए हम सभी को सहयोग करना चाहिए। कोरोना योद्धाओं को लगना चाहिए कि समाज उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। इस मौके पर चेयरमैन सतेंद्र त्यागी,वरिष्ठ लिपिक महेश प्रसाद, प्रदीप कुमार, सुनील सूद, अमित कुमार, अमरीश कुमार, आदेश कुमार, शाहनवाज, नवेद अली, दिनेश कुमार, प्रमोद कुमार,अंकित कुमार व कलवा आदि उपस्थित रहे।
कस्तूर सिह स्नेही के निधन पर कांग्रेस पार्टी की एक शोक सभा
मुजफ्फरनगर। प्रमुख समाज सेवी तथा कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता कस्तूर सिह स्नेही के निधन पर कांग्रेस पार्टी की एक शोक सभा महावीर चौक स्थित पार्टी के कैम्म कार्यालय पर आहूत की गयी इस शोक सभा मे जनपद के अनेक नेताओं ने भाग लिया वक्ताओं ने स्नेही को महान कवि. लेखक ओर चिन्तक के। साथ अनेक सामाजिक संगठनो से जुड़े रहकर उनकी सेवाओं का उललेख किया बालमीक समाज के सर्वमान्य नेता के साथ सभी समाज मे उनका विशेष सम्मान होता था जो सही मायनो मे सच्चे समाज सेवी थे अनेक बर्षों तक कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष रहने के साथ वीरेंद्र वर्मा विचार मंच तथा विधाभूषण स्मृति सभा जैसे संगठनों मे भी अनेक पदो पर रहकर जनपद के गरीब ओर मजलूम लोगो की आवाज बनकर काम किया इसके अतिरिक्त कांग्रेस नेता अब्दुल वाहिद अनील ठाकुर तथा वरिष्ठ नेता जगदीश अऱोरा के दामाद के निधन पर भी दुःख व्यक्त किया गया सभा के अन्त मे देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर सभी दिवंगत आत्माओं की शांति के लिये दो मिनट का मौन रखा गया सभा मे आन्नद त्यागी तारिक कुरैशी उमादत शर्मा राकेश पुन्डीर. सतीश शर्मा अनमोलजैन रवीन्द्र बालियान मांगे राम कश्यप सतीश सहरावत सुशील झंझोट उपस्थित थे।
पुलिस ने वाहन चैकिंग अभियान चलाया
पुरकाजी। लॉकडाउन को लेकर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में बैठा लिया। बैरिकेड लगाकर सख्त चेकिग अभियान चलाया। जरूरी चीजों के लिए दुकान खोलने वाले से काउंटर के बाहर सर्किल बनाने को कहा।
कोरोना को लेकर सरकार की ओर से लगाए गए लाकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस ने पूरी सख्ताई दिखाई। उल्लंघन करने वाले कई लोगों को हिरासत में बैठाकर कई घंटों के बाद छोड़ा। बाजार खुलने के समय बाजार में गश्त कर बेवजह घूमने वालों को टाइट किया। खादर तिराहा पर बैरिकेड लगाकर वाहनों का चेकिग अभियान चलाया। दूसरे राज्यों के नंबर वाले वाहनों से आने-जाने का कारण पूछकर दोबारा आने पर कार्रवाई करने की बात कही। मेडिकल स्टोर व अन्य जरूरी सामान को लेकर खुल रही दुकान वालों को काउंटर के बाहर सर्किल बनवाने को कहा। प्रभारी निरीक्षक देशराज सिंह ने कहा कि महामारी से बहुत जान जा रही है। सरकार ने लोगों की भलाई के लिए लाकडाउन लगाया है। इसे सख्ती से लागू कराया जाएगा।
आरक्षी/मुख्य आरक्षीगण के लिए बैरक की व्यवस्था की
मुज़फ्फरनगर। जनपद में आरक्षी/मुख्य आरक्षीगण के लिए मौजूदा बैरक व्यवस्था में सुधार लाते हुए, मुज़फ्फरनगर के थाना मन्सूरपुर क्षेत्रान्तर्गत चौकी राखी पब्लिक स्कूल पर नियुक्त पुलिसकर्मियों हेतु नई मॉडल/आदर्श बैरक को तैयार किया गया है जिसमें प्रयास किया गया है कि पुलिसकर्मियों को एक साफ, सुंदर व मूलभूत सुविधाओं युक्त आदर्श बैरक मिल सके। इससे पूर्व भी जनपद की पुलिस लाईन, महिला थाना, हैदरपुर पुलिस चौकी, चौकी भंडूर व थाना सिखेडा में आदर्श बैरक बने हुए है जहां पुलिसकर्मी निवास कर रहे है।
मुजफ्फरनगर के गांधी कालोनी निवासी नेहा हैंडलूम के मालिक पिता-पुत्र इंजेक्शन की कालाबाजारी में गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मौहल्ला गांधी कालोनी निवासी नेहा हैंडलूम का मालिक मनमोहन साहनी व पुत्र मुकुल साहनी को रेमडेसीविर इंजेक्शन की कालाबाजारी में गिरफ्तार किया गया है।
बागपत पुलिस ने रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी में गांधी कालोनी के रहनेवाले मनमोहन साहनी तथा उसके पुत्र मुकुल साहनी को गिरफ्तार किया है, जो 30 हजार में रेमेडेसिविर इंजेक्शन बेच रहे थे । पुलिस ने इनके 2 साथियों को भी गिरफ्तार किया । हालांकि पिता पुत्र कपडे का बिजनेस करते हैं। मुजफ्फरनगर के मशहूर नेहा हेंडलूम ( सदर बाजार ) के मालिक बाप बेटे के खिलाफ एनएसए के तहत कार्यवाही की जाएगी। बागपत के कप्तान अभिषेक सिंह ने बताया की रेमडीसिविर इंजेक्शन का कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सीएम का साफ आदेश है कि आरोपियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्यवाही की जाए।

