News
खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

जनपद के गुड को जी आई टैग प्राप्त, सामूहिक रूप से इसके उत्पादन का एकाधिकारDm Muzaffarnagar
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) जनपद मुजफ्फरनगर में ओ०डी०ओ०पी के अंतर्गत गुड को जिला प्रशासन ने गुड को चयनित किया गया था जिसके बाद से ही जिला प्रशासन द्वारा गुड को जी आई टैग प्राप्त कराने हेतु अथक प्रयास किए जा रहे थे जिसके परिणामस्वरूप जिलाधिकारी महोदय द्वारा बताया गया कि जनपद के गुड को जी आई टैग प्राप्त हो चुका है जिसके बाद जनपदवासी अपने गुड़ की मिठास को पूरे भारत में पहुंचा सकते हैं।
आइए जानते हैं जी आई टैग क्या है?
यदि सरल शब्दों में समझें तो जी.आई टैग एक प्रकार की मोहर है जो किसी भी प्रोडक्ट के लिए प्रदान की जाती है। इस मुहर के प्राप्त हो जाने के बाद पूरी दुनियां में उस प्रोडक्ट को विशेष महत्व प्राप्त हो जाता है। साथ ही साथ उस क्षेत्र को सामूहिक रूप से इसके उत्पादन का एकाधिकार प्राप्त हो जाता है। लेकिन इसके लिए शर्तें हैं कि उस वस्तु का उत्पादन या प्रोसेसिंग उसी क्षेत्र में होना चाहिए, जहां के लिए टैग किया जाना है।
जनपद के गुड को प्राप्त जी आई टैग की महत्ता- जी.आई.टैग (भौगोलिक संकेत) मुजफ्फरनगर की समृद्ध संस्कृति और सामूहिक बौद्धिक विरासत का हिस्सा बनेगा। मुजफ्फरनगर गुड़ का जी.आई.टैग गुणवत्ता का आश्वासन देता है। मुजफ्फरनगर गुड़ का जी.आई.टैग दर्शाता है कि यह गुड़ उत्पाद मुजफ्फरनगर से आता है। इस अधिकार का लाभ समुदायध् सामुदायिक संघ और रजिस्टर्ड उपयोगकर्ताओं को मिलेगा। मुजफ्फरनगर गुड़ का जी.आई.टैग बाजार के दायरे को बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। इससे निर्यात और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और इससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण यह अप्रत्यक्ष रूप से सतत विकास की ओर जायेगा। जी.आई.टैग मिलने के बाद अन्य लोगों द्वारा इसका अनधिकृत प्रयोग रूक जायेगा। यह मुजफ्फरनगर भौगोलिक क्षेत्र में उत्पादित गुड़ प्रोडक्ट्स के उत्पादकों की आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देगा। इससे मुजफ्फरनगर के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ ही गरीब किसानों और कामगारों को भी संरक्षण प्राप्त होगा। इससे सबसे निचले स्तर के लोग भी लाभान्वित होंगे, जबकि ज्यादातर अन्य पहल में लाभ ग्रास रूट लेवल पर नहीं मिल पाता। जी.आई.टैग मुजफ्फरनगर गुड़ को बढ़ावा देकर एक आशा बहाल कर सकता है। इससे गन्ना कृषक और कृषि दोनों का विकास सम्भव है। जी.आई.टैग गुणवत्तापूर्ण गुड़ का उत्पादन सुनिश्चित करेगा। स्थानीय गुड़ की घरेलू बाजार के साथ ही अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में भी कीमतों मे वृद्धि होगी। इस तरह निर्यात में भी वृद्धि होगी।

 

गंगा में लगाई आस्था की डुबकी
मोरना।मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) धर्म नगरी शुकतीर्थ धाम में चौत्र चतुर्दशी के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। कई जगह भंडारों का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा अर्चना कर संतों से आशीर्वाद लिया। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मां गंगा की दीप जलाकर पूजा अर्चना की। अजय कृष्ण शास्त्री महाराज ने बताया कि गांवचोरा वाला निवासी डॉ. संजू शर्मा ने अपने बेटे ऋतिक के जन्मोत्सव के दिन घाट पर गंगा रसोई में विशाल भंडारे का आयोजन कराया। इस मौके पर पंडित संजीव शास्त्री, अमरजीत शर्मा, वैद्य योगेंद्र शर्मा, पवन, सोनू, मोंटी, आयुष, सुनीता, ममता आदि मौजूद रहे।

 

चोरी के मोबाइलों सहित शातिरों को दबोचाMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा मोबाईल चोरी की घटनाओ का १२ घण्टे के अन्दर सफल अनावरण करते हुए ०२ शातिर चोर अभियुक्त गिरफ्तार किये जिनके कब्जे से चोरी किए गए ११ मोबाईल, अवैध शस्त्र व मोटरसाईकिल बरामद किये। जनपद में शातिर चोर/लूटेरे अभियुक्तगण की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में चलाये जा रहे अभियान के अर्न्तगत पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत के निकट पर्यवेक्षण व सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर आयुष विक्रम सिंह एवं थाना प्रभारी कोतवाली नगर महावीर सिंह चौहान के कुशल नेतृत्व में मोबाईल चोरी की घटनाओं का १२ घण्टे के अन्दर सफल अनावरण करते हुए ग्राम लकडसंधा में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के पास से ०२ शातिर चोर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किए गए ११ मोबाईल फोन, ०१ तमंचा मय ०२ जिन्दा कारतूस .३१५ बोर, ०१ मोटरसाईकिल डिस्कवर बिना नम्बर व २५० रूपये बरामद किए गए। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के सम्बन्ध मे थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि ०४ मार्च को रविन्द्र सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी ग्राम कच्छौली थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर व दिनेश पुत्र स्व० सुरेन्द्र सिंह निवासी ग्राम कच्छौली थाना कोतवाली नगर द्वारा थाना कोतवाली नगर पुलिस को लिखित तहरीर देते हुए अवगत कराया कि ३१ मार्च की रात्रि में ग्राम कच्छौली स्थित हमारे घरों से अज्ञात चोरों द्वारा ०३ मोबाईल फोन चोरी कर लिए गए। तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया व वादी संदीप सिंह पुत्र सुखपाल निवासी ग्राम पीनना थाना कोतवाली नगर व मोहित कुमार पुत्र किरणपाल निवासी ग्राम पीनना थाना कोतवाली नगर व वादी विपिन पुत्र राजवीर निवासी ग्राम पीनना थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर द्वारा० मार्च की रात्रि को ग्राम पिनना में अपने-अपने घरों से अज्ञात चोरों द्वारा ०२ मोबाईल फोन व ४०० रूपये चोरी कर ले जाने के सम्बन्ध में थाना कोतवाली नगर पुलिस को दी गई लिखित तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए उपरोक्त घटनाओं के शीघ्र एवं सफल अनावरण हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया था। गठित पुलिस टीम द्वारा चोरी की उपरोक्त घटनाओं का १२ घण्टे के अन्दर सफल अनावरण करते हुए ०२ शातिर चोर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा प्रारंभिक पूछताछ के दौरान अभियुक्तगण द्वारा बताया गया कि मोबाईल फोन १.रियलमी, रेडमी ३.गूगल पिक्सल कम्पनी को ३१ मार्च को ग्राम कछौली व मोबाईल फोन १.सैमसंग, २.वीवो कन्पनी व नगदी २५० रुपये को ग्राम पिनना के अलग-अलग घरो से चोरी किए गए थे, साथ ही बरामद अन्य मोबाईल फोन व मोटरसाईकिल डिस्कवर के बारे में बताया कि हम लोग अलग अलग गांव में जाकर जो मकान गांव से बाहर की तरफ बने होते है उन मकानों में चोरी छिपे घुसकर मोबाईल फोन आदि चोरी कर लेते है तथा यह मोटरसाईकिल भी हमने ऐसे ही चोरी की थी, जिसकी पहचान छिपाने के उद्देश्य से मोटरसाईकिल की नम्बर प्लेट उतार कर इंजन व चैचिस नम्बर मिटा दिये व बरामद तमंचे के सम्बन्ध मे बताया कि हम लोग इस तमंचे को घटना करते समय अपने बचाव हेतु रखते है। गिरफ्तार अभियुक्तगण शाहरूख उर्फ सारिक पुत्र मुर्सलीन निवासी टॉडा भनेडा थाना मंगलौर ,जनपद हरिद्वार, दीपक पुत्र सतीश निवासी ग्राम सैदनंगला थाना चरथावल ,मुजफ्फरनगर। जिनके कब्जे से ११ मोबाईल फोन विभिन्न कम्पनियों के चोरी किए गए), ०१ अदद तमंचा मय ०२ जिन्दा कारतूस .३१५ बोर, ०१ मोटरसाईकिल डिस्कवर रंग काला बिना नम्बर प्लेट(चोरी की गई), चोरी किए गए २५०-रुपये बरामद किये। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उ०नि० मानवेन्द्र सिंह भाटी, शैलेन्द्र सिंह सिरोही, है०का० रोहताश कुमार, अनिल चौधरी, का० सचिन कुमार तेवतिया, मौ० इश्फाक, मुनेन्द्र सिंह थाना कोतवाली नगर शामिल रहे।

 

सड़क हादसे में महिला की मौतMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) एक महिला को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर घायल होने पर अस्पताल ले जाते समय महिला की मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर के लिए निकली थी। लेकिन पति जब रास्ते में शौच के लिए गया तो बाइक के पास खड़ी महिला को वाहन ने टक्कर मार दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बा बुढाना के कांधला रोड निवासी गुलशेर अपनी पत्नी ६० वर्षीय रुकसाना को बाइक पर लेकर मुजफ्फरनगर के लिए निकला था। बताया कि जब गुलशेर रुखसाना को लेकर जा रहा था तो खतौली मोड़ के पास उसने बाइक रोक दी। पत्नी को बाइक के पास खड़ा कर खेतों में शौच के लिए चला गया। इसी दौरान बाइक के पास सड़क पर खड़ी रुखसाना को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी।
हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। रुखसाना को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर थाना बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने रुखसाना के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

दवाई व्यापारियों के साथ की बैठक
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) अपरजिलाधिकारी (प्रशासन) द्वारा दवाई व्यापारियो के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी के दिशा निर्देशन में अपरजिलाधिकारी (प्रशासन) नरेंद्र बहादुर सिंह के द्वारा क्षेत्र के दवाई व्यापारियो के साथ अपने कार्यालय मे एक बैठक आहूत कर नगर के सभी दवा विक्रेताओ को सख्त निर्देश दिये गये है कि कोई भी दवा विक्रेता बिना लाइसेंस के दवाई व प्रतिबन्धित दवाईयो को न बेचे एंव किसी भी प्रकार की लापरवाही करने पर संबन्धित अधिकारियो को कार्यवाही करने के आदेश दिये गये।

विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक आयोजित
बुढ़ाना।मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) कंपोजिट स्कूल डूंगर में माह के प्रथम बुधवार को विद्यालय प्रभारी प्रधानाध्यापक चौधरी जमील अहमद के नेतृत्व में विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक का आयोजन किया गया। शासनादेश अनुसार तथा खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती किरण यादव के आदेशानुसार कंपोजिट स्कूल डूंगर में माह के प्रथम बुधवार को विद्यालय प्रभारी प्रधानाध्यापक चौधरी जमील अहमद के नेतृत्व में विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक का आयोजन किया गया जिसमें विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष श्रीमती उषा देवी और विद्यालय प्रबंध समिति के अधिकतर सदस्यों ने भाग लिया, बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि सत्र २०२३-२०२४ के लिए नए नामांकन और लगभग शत-प्रतिशत उपस्थिति होना अनिवार्य है। विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष श्रीमती उषा देवी ने विद्यालय प्रबंध समिति की ओर पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया।

आर्य कन्या इंटर कालेज में संचारी रोग नियंत्रण को दिलाई शपथ
चरथावल।मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) आर्य कन्या इंटर कॉलेज चरथावल में छात्र छात्राओं को संचारी रोग नियंत्रण एंव दस्तक से बचाओ एवं सुरक्षा की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के निर्देशानुसार आर्य कन्या इंटर कॉलेज चरथावल में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत, छात्राओं को जागरूक किया गया एवं शपथ दिलाई गई। विद्यालय के आस पास के क्षेत्र के लोगों को जागरूक करने के लिए छात्राओं द्वारा रैली निकाली गई।

संचारी रोग नियंत्रण एंव दस्तक से बचाओ एवं सुरक्षा की जानकारी दी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) जैन कन्या इंटर कॉलेज, नई मंडी, मुजफ्फरनगर में छात्र छात्राओं को संचारी रोग नियंत्रण एंव दस्तक से बचाओ एवं सुरक्षा की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के निर्देशानुसार जैन कन्या इंटर कॉलेज, नई मंडी, मुजफ्फरनगर विद्यालय में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत सदर ब्लाक के माध्यमिक विद्यालयों के संचारी रोग प्रभारी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य डॉ. कंचन प्रभा शुक्ला जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में संचारी रोग नियंत्रण के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया और संचारी रोगों के कारण, एवं बचाव के उपायों के बारे में चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त अप्रैल माह में प्रत्येक विद्यालय में संचारी रोगों के प्रति जागरूकता अभियान चलाए जाने हेतु कार्य योजना तैयार की गई एवं शासन द्वारा प्रस्तावित कार्य योजना के क्रियान्वयन के संबंध में व्यापक रूप से चर्चा की गई।

आग से हुआ लाखों का नुकसानMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सदर बाजार में पारस गिफ्ट सेंटर की दुकान में अचानक ही अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। आप के चलते गिफ्ट सेंटर में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। पड़ोसी दुकानदारों ने रात में ही आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहे।
सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग बुझाई। लेकिन तब तक दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जल चुका था। दमकल विभाग आग के कारणों की जांच कर रहा है। हालांकि दुकानदार को आशंका है कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी।
दुकान मालिक सचिन जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि उपचार के लिए अपने परिजन डॉक्टर को दिखाने के लिए हॉस्पिटल गया हुआ था। अचानक ही मार्केट के दुकानदारों का उस पर फोन आया कि उसकी दुकान में आग लग गई। जिस पर वह तुरंत ही दुकान की चाबी लेकर सदर बाजार पहुंचा। जहां पर वह आग के दृश्य को देखकर हैरान रह गया। बताया कि उसका दुकान में रखा काफी सामान जलकर राख हो गया है।
पीड़ित गैस सेंटर मालिक पारस जैन ने बताया कि ईद को लेकर उनके द्वारा दुकान में काफी सामान रखा हुआ था। जो कि सभी जलकर राख हो गया है। उन्होंने बताया कि आशंका है कि दुकान में आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है। पारस जैन ने बताया कि आग पर काबू पाने में दुकानदारों ने भी अग्निशमन विभाग की मदद की।

 

भाजपा में हुए शामिल
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) नगर निकाय चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा के कुनबे में भी बढ़ोतरी होने लगी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सबका साथ सबका विकास व सबका विश्वास की नीति से प्रभावित होकर नगरपालिका परिषद के सभासद राहुल पंवार ने भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। गांधीनगर स्थित यूपी सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल के कार्यालय में सभासद राहुल पंवार ने भाजपा की सदस्यता ली।
मंत्री कपिल देव ने स्वयं अपने हाथों से राहुल पंवार को पटका पहनाकर व मिठाई खिलाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई, राहुल पंवार के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। नगरपालिका के वार्ड नंबर-१४ भरतिया कालोनी से सभासद राहुल पंवार राजनीतिक व सामाजिक जीवन में काफी सक्रिय रहते हैं और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता ज्ञानचंद सिंघल, वरिष्ठ भाजपा नेता कुलदीप गोयल, डा. महावीर सिंह, विश्वदीप गोयल बिट्टू, ओमकार सिंह, अशोक बाटला, संजय गोयल, ललित कुमार समेत बड़ी संख्या भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बी0कॉम प्रथम सेमेस्टर का परीक्षा फल रहा शत-प्रतिशत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर द्वारा बी0 कॉम0 प्रथम सेमेस्टर का परीक्षाफल घोषित किया गया, जिसमें एस0 डी0 कॉलेज ऑफ कॉमर्स, मुजफ्फरनगर के बी0कॉम0 प्रथम सेमेस्टर का परीक्षाफल शतप्रतिशत रहा जिसमें छात्राआें ने अपने वर्चस्व को कायम रखते हुए प्रथम तीनों स्थानों को अपने नाम किया। रजनी मित्तल ने 82 प्रतिशत अंक प्राप्त करके प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर खुशी राजवंशी ने 80 प्रतिशत अंक प्राप्त किये एवं तीसरे स्थान पर विधि सिंघल ने 76 प्रतिशत अंक प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम गौरान्वित किया। इस अवसर पर इन सभी छात्राओं को प्राचार्य द्वारा बी0कॉम0 की परीक्षा में उनके श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए स्मृति चिन्ह व प्रशषति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। छात्राओं ने इस उत्कृष्ट प्रदर्शन का श्रेय अपने माता-पिता व महाविद्यालय के समस्त अध्यापकों को दिया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डा0 रवि अग्रवाल व सभी शिक्षकों ने छात्र/छात्राओं को शुभकामनाएं दी और छात्र/छात्राओं को भविष्य में भी इसी प्रकार उन्नति करने हेतु प्रेरित किया। प्राचार्य डा0 सचिन गोयल ने इस अवसर पर बताया कि महाविद्यालय में सभी छात्र/छात्राओं को शैक्षणिक पाठ्यक्रम के साथ-साथ उनके सर्वांगिण विकास में सहायक सभी प्रकार की तकनीकी, सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों का वातावरण भी उपलब्ध कराया जाता है। जिससे की छात्र/छात्राएं हर क्षेत्र में अपना वर्चस्व स्थापित कर सके। वाणिज्य संकाय के डा0 नवेद अख्तर, डा0 नवनीत वर्मा, डा0 मानसी अरोरा, डा0 रिंकु एस0 गोयल, डा0 जगमोहन सिंह जादोन, प्रशान्त, डा0 मौ0 नदीम, डा0 सुरेश चन्द शुक्ला, डा0 अजय महेश्वरी, डा0 अतुल वर्मा, नुपुर अरोरा, डा0 प्राची चौधरी, अमन वर्मा, आशा आदि मौजूद रहे।

 

शातिर वांरटी को पुलिस ने दबोचा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) चौकी प्रभारी रुड़की चुंगी उप निरीक्षक जितेन्द्र सिंह द्वारा वारंटी अभियुक्त नजाकत पुत्र मुबारिक निवासी शेरपुर थाना कोतवाली थाना कोतवाली नगर जनपद मुजफ्फरनगर अभियुक्त को शेरपुर से गिरफ्तार किया गया ।

 

एस पी सिटी का किया स्वागत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) संयुक्त व्यापार संघ संघर्ष समिति के संरक्षक कृष्ण गोपाल मित्तल,अध्यक्ष संजय मिश्रा,संयोजक सतपाल सिंह मान,राकेश त्यागी,सरदार बलविंदर सिंह,पवन वर्मा एवं तहसील कांपलेक्स इकाई अध्यक्ष हरिओम शर्मा,लाल सिंह मार्केट इकाई के अध्यक्ष घनश्याम पालीवाल,महामंत्री आशीष सिंघल द्वारा नवागंतुक एस पी सिटी श्री सत्यनारायण प्रजापत का बुके भेंट कर स्वागत किया गया। संरक्षक कृष्ण गोपाल मित्तल व अध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि आज वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा नवागंतुक एस पी सिटी सत्यनारायण प्रजापत का व्यापारियों की ओर से स्वागत किया गया है एवं उनके द्वारा आश्वस्त किया गया है कि भविष्य में व्यापारियों से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या से अवगत कराएं जाने उपरांत उसका शीघ्र ही निदान कराया जाएगा।

 

ज्ञापन देकर की कार्यवाही की मांग
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) वाल्मीकि समाज मीरापुर के लोगो ने कचहरी स्थित डीएम कार्यालय पहुंच कर जिलाधिकारी के नाम सौपे गए प्रार्थना पत्र में आरोपित किया है कि सदियों पुराने वाल्मीकि समाज के शमसान घाट पर अवैध कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाया।
जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचे वाल्मीकि समाज के लोगों ने जिलाधिकारी के नाम सौपे गए प्रार्थना पत्र में आरोपित करते हुए बताया कि वे सभी वाल्मीकि समाज के लोग हैं। वाल्मीकि समाज की लगभग 03 बीघा भूमि ग्राम गढी रसूलपुर मीरापुर में है। जिस पर सन 2021 में बीरसिह नामक व्यक्ति ने अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश की थी, जिसकी सूचना समाज के लोगों ने मीरापुर पुलिस को दी थी। तभी पुलिस और तहसील अधिकारियो ने मौके पर तारबन्दी करा दी थी। परन्तु अब दोबारा फिर 26 मार्च 2023 को उकत विपक्षी बीरसिंह पुत्र भगीरथ ने पुलिस व तहसील राजस्व टीम द्वारा लगाई गई तारबन्दी को उखाड दिया है। आरोप है कि उक्त लोग शमशान घाट की करीब 3500 ईटें अपने घर ले गए हैं। तथा उस शमशान घाट की भूमि का एक नकली पटटा अवैध रूप से बनवा रखा है। जिससे पूरे वाल्मीकि समाज में नाराजगी है। वाल्मीकि समाज के लोगो ने उक्त पूरे मामले की जांच कराकर आरोपियो के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। इस दौरान मनुप्रिय मजदूर,मनोज सौदाई एडवोकेट, ब्रजलाल राजेश, विन्नी आदि मौजूद रहे।

 

चौदस पर उमडी श्रृद्धालुओं की भीड
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) चैत्र शुक्ल पक्ष चर्तुदशी के अवसर पर नगर के विभिन्न देवी मन्दिरों में मां भगवती की पूजा अर्चना की तथा प्रसाद चढाया गया। चतुर्दशी के अवसर पर देवी मन्दिरो मे आज सुबह से ही पूजा अर्चना करने वाले श्रृद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड रही। सभी देवी मन्दिरो मे मां भगवती का गुणगान होता रहा। शहर के नदी घाट स्थित अतिप्राचीन देवी मन्दिर, गांधी कालोनी स्थित वैष्णोदेवी मन्दिर, नई मन्डी बिन्दल बाजार स्थित माता वाले मन्दिर आदि विभिन्न मन्दिरों श्रृद्धालुआें का तांता लगा रहा। बहुत से श्रृद्धालुओं ने चैत्र माह के नवरात्रो मे रखे गए व्रत का आज चतुर्दशी पर परायण किया। इस दौरान सभी देवी मन्दिरो को बहुत ही सुन्दर तरीके से सजाया गया था।

 

आज से शुरू होगी दो दिवसीय पशु प्रदर्शनी एवं कृषि मेला
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)  मेरठ रोड स्थित नुमाईश मैदान में लगने वाले पशु प्रदर्शनी एवं कृषि मेला 6 व 7 अप्रैल को लगेगा। मेले में विभिन्न राज्यों से उच्च श्रेणी के पशु आयेंगे। मेले का शुभारम्भ केन्द्रीय मंत्री करेंगे। केन्द्रीय राज्यमंत्री डा.संजीव बालियान ने बताया कि दो दिवसीय मेले के प्रथम दिन केन्द्रीय सडक एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी एवं केन्द्रीय कृषि मंत्री पुरूषोत्तम रूपाला तथा उत्तर प्रदेश पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह शुभारम्भ करेंगे। दोनो मंत्री काउ सैन्चुरी का भी विधिवत शुभारम्भ करेंगे। उन्होने बताया कि मेले मे लगभग 1200 उच्च स्तरीय गाय, भैस, बकरी,घोडा आदि शामिल होंगे। अच्छी नस्ल के पशुओ को पुरस्कृत किया जाएगा। मेले में लगने वाले विभिन्न स्टालों पर किसानों को कृषि सम्बन्धी जानकारी दी जाएगी। बाहर से आए वैज्ञानिक मेले मे आए किसानो को नई नई तकनीक की जानकारी देंगे। श्री बालियान ने बताया कि मेले मे लगभग 1200 पशु एवं लगभग 25000 किसान आएंगे। पशुओ एवं किसानो के रहने एवं भोजन की व्यवस्था सरकार द्वारा की जाएगी। उन्होने बताया कि मेले की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मेले मे उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही व गिरीराज सिंह, केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री इसका समापन करेंगे।
मेले मे गन्ने की प्रमुख प्रजातियां, नवीनतम उर्वको, कीटनाशको एवं कृषि यन्त्रो के 150 स्टाल लगाए जाएंगे। मुजफ्फरनगर जनपद के विभिन्न गांवो से आने वाले ग्रामीणो के लिए बस सेवा निशुल्क उपलब्ध रहेगी। समस्त किसानों के भोजन की व्यवस्था सरकार द्वारा की गई है। मेले की सभी व्यवस्थाए लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्थाए संभालेंगे।

 

रिदम की संगीत संध्या का होगा 9 को आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) अपने स्तरीय संगीत कार्यक्रमो के लिए प्रसिद्ध संस्था रिदम द्वारा आगामी 09 अप्रैल दिन रविवार की सायं 7 बजे स्थानीय नई मन्डी रामलीला ग्राउंड, निकट थाना नई मण्डी के मैदान मे भव्य संगीत संध्या-तुम मुझे यूं भूला ना पाओगे का आयोजन किया जा रहा है।
संस्था के अध्यक्ष संजय साथी, सचिव डॉ.दलीप एवं कार्यक्रम निर्देशक राकेश विशाल गजल सिंगर ने संयुक्त रूप से बताया कि रिदम संस्था का गठन संगीत/गायन क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्लेटफॉर्म देने के लिए गया है। अपनपे उददेश्य की पूर्ति हेतु संस्था द्वारा पूर्व मे गीतों भरी शाम, आर.डी.एस.डी.बर्मन नाईट, मुकेश कल आज और कल, आओ झूमें गायें, मुकेश अर्न्तमन से, सुपर सिंगर, सुरमयी, शाम-2018, एवं सुरमयी शाम-2018 एवं सुरमयी शाम-2021 आदि भव्य संगीत संध्याए जनपद में अपार सफलतापूर्वक आयोजित करायी जा चुकी है। आगामी 9 अप्रैल को भी प्लेबैक सिंगर लता मंगेशकर, भूपेन्द्र, आशा भोसले, मौहम्मद रफी, किशोर कुमार, मुकेश, सोनू निगम, आर.डी.बर्मन, सुनिधि चौहान एवं अन्य को समर्पित भव्य संगीत संध्या तुम मुझे यूं भूला ना पाओगे का आयोजन नई मन्डी रामलीला भवन में 7.00 बजे से किया जा रहा है। इस संगीत संध्या मे अन्य जनपदों के गायक-गायिकाओं के साथ-साथ इस जनपद के गायक-गायिकाए भी अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

 

दी ब्राहमण ट्रस्ट ने किया भण्डारा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) दी ब्राहमण ट्रस्ट रजि.मुजफ्फरनगर की और से विगत 22 मार्च से भारत रत्न पंडित महामना मालवीय शिक्षा एवं क्रीडी स्थल परिसर में श्री दुर्गा सप्तशति का पाठ प्रतिदिन किया गया। तथा दिनांक 5 अप्रैल को भण्डारा किया गया। जिसमें अनेक गणमान्य लोगो ने हिस्सा लिया। उपरोक्त जानकारी दी ब्राहमण ट्रस्ट के प्रबन्धक इन्जि. आर.डी.शर्मा ने जारी प्रेस विज्ञप्ति मे दी।

 

कोर्ट में विक्की त्यागी के बेटे ने किया सरेंडर
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) गैंगस्टर आरोपी कुख्यात विक्की त्यागी के बेटे अर्पित त्यागी ने चोरी-छिपे कोर्ट में सरेंडर कर दिया। गैर कानूनी तरीके से आर्थिक लाभ अर्जित करने के लिए अर्पित त्यागी ने गैंग बनाया था। इस मामले में थाना चरथावल पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। गैंगस्टर अर्पित त्यागी नियाजी पुरा निवासी समर जहां हत्याकांड में जेल जा चुका है। दो दशक तक क्राइम की दुनिया पर राज करने वाले कुख्यात विक्की त्यागी उर्फ विक्रांत त्यागी की १६ फरवरी २०१५ को कोर्ट रूम में गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। विक्की त्यागी की हत्या के बाद गैंग की कमान उसकी पत्नी मीनू त्यागी ने संभाल ली थी। मीनू त्यागी हत्या के एक मामले में जिला जेल में उम्र कैद काट रही थी, लेकिन १ साल पहले मीनू त्यागी का प्रशासनिक आधार पर जिला जेल से अंबेडकर नगर जेल स्थानांतरण किये जाने के बाद जिले में आपराधिक गतिविधियों का संचालन उसके बेटे अर्पित त्यागी और रक्षित त्यागी कर रहे थे।
भाई और एक साथी पर भी हुई थी कार्रवाई
थाना चरथावल प्रभारी निरीक्षक राकेश शर्मा ने बताया कि २८ मार्च को उन्होंने विक्की त्यागी के बेटे के खिलाफ गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की थी। उन्होंने बताया कि विक्की त्यागी के बेटे रक्षित त्यागी ने आर्थिक लाभ अर्जित करने के लिए एक गैंग बनाकर अपराधिक गतिविधियां करना शुरू कर दिया था। उसके गैंग में भाई अर्पित त्यागी, रितिक और एक अन्य व्यक्ति विनोद था।
उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले पंजाब के मोहाली से रितिक को गिरफ्तार कर लिया गया था। जबकि पुलिस अर्पित त्यागी की तलाश में जुटी थी। बताया कि पुलिस कार्रवाई से बचे हुए अर्पित त्यागी ने बुधवार को विशेष गैंगस्टर कोर्ट अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अशोक कुमार के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। गैंगस्टर में नियुक्त किए गए विक्की त्यागी के बेटे अर्पित त्यागी ने करीब ३ साल पहले देहरादून में मुजफ्फरनगर निवासी समर जहां की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में अर्पित त्यागी को जेल जाना पड़ा था।

 

प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
मीरांपुर।मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) श्री सुक्खन लाल आदर्श कन्या इंटर कालेज मीरापुर में छात्र छात्राओं को संचारी रोग रोकथाम की जानकारी हेतु निबंध प्रतियोगिता कराई गयी। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के निर्देशानुसार सुक्खन लाल आदर्श कन्या इंटर कालेज मीरानपुर मुजफ्फरनगर में छात्र छात्राओं को संचारी रोग रोकथाम की जानकारी हेतु निबंध प्रतियोगिता कराई गयी। जिनसे परिणाम निम्नवत रहे। प्रथम स्थान अर्शी कक्षा १२, द्वितीय स्थान फलक कक्षा १२, तृतीय स्थान अजीम जहरा कक्षा ८ ने प्राप्त किया।

 

खेत की मेढ के विवाद में चले लाठी-डंडे, पिता-पुत्र घायल
सिखेड़ा।मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) गांव मंदौड में रात खेत की मेढ़ को लेकर एक ही परिवार जय वीर सिंह और सुभाष के बीच लाठी-डंडे और धारदार हथियार चल गए। हमले में जयवीर सिंह और उसका पुत्र कपिल घायल हो गए । पुलिस ने गांव में पहुंचकर कई लोगों को हिरासत में ले लिया। घायल कपिल कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि खेत की डोल को लेकर मेरे पिता जयवीर सिंह की आठ माह पहले तहेरे भाई बबलू उर्फ सुभाष से कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश को लेकर सोमवार रात में बबलू उर्फ सुभाष पक्ष के लोग घर में घुस आए और हमला कर दिया। गांव में पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। जिला चिकित्सालय में जयवीर सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

बघरा से चरथावल कस्बे को जोडने के लिए विधायक पंकज मलिक के प्रयास से होगा सडक निर्माण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)  चरथावल विधायक पंकज मलिक के प्रयास से बघरा से चरथावल कस्बे को जोडने के लिए करीब 13.92 करोड की लागत से 5.50 मीटर चोडी सडक बनेगी। जिससे ग्रामीणो की समस्या का समाधान होगा। उल्लेखनीय है कि चरथावल विधानसभा सीट से सपा विधायक पंकज मलिक पिछले करीब एक वर्ष से उक्त सडक मार्ग को बनवाने के प्रयास मे लगे थे यह मार्ग क्षेत्र का अतिमहत्व पूर्ण मार्ग है। अब विधायक पंकज मलिक के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग द्वारा अपनी बैठक मे बघरा से चरथावल जाले तक के मार्ग को स्वीकृति प्रदान की गयी।
उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग की 03 मार्च 2023 को एक बैठक हुई जिसमें जनपद मुजफ्फरनगर के विधानसभा क्षेत्र चरथावल के दो विकास खण्ड मुख्यालयो बघरा से चरथावल कस्बा को जोडने के लिए सडक स्वीकृत हुई। यह सडक बघरा, सैदपुरा, अमीरनगर, खुसरोपुर होते हुए चरथावल थाने तक जायेगी। इस सडक की लम्बाई 7.60 किलोमीटर की होगी तथा चौडाई नये मानको के अनुकुल 5.50 मीटर की होगी। इस सडक के निर्माण पर कुल लगभग 13.92 करोड खर्च होंगे। सडक निर्माण से बघरा व चरथावल विकास खण्ड मुख्यालय आपस मे जुड जायेंगे। जिससे आवागमन सुगम होगा। दोनो ब्लाक के नागरिकों को लाभ होगा।

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 20916 posts and counting. See all posts by News-Desk

Avatar Of News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × 1 =