समाचार (Muzaffarnagar News)
शुगर मिल ने गन्ना मूल्य का सम्पूर्ण भुगतान किया
तितावी।मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) जनपद मुजफ्फरनगर में स्थित तितावी चीनी मिल आई.पी.एल. तितावी द्वारा नये पेराई सत्र २०२३-२४ में कृषकों से खरीदे गये गन्ने का गन्ना मूल्य भुगतान करना प्रारम्भ कर दिया गया है। यहां चीनी मिल द्वारा नये पेराई सत्र २०२३-२४ का दिनांक ०३.११.२०२३ से दिनांक १५.११.२०२३ तक का गन्ना मूल्य भुगतान अंकन २६.५१ करोड रू० सम्बन्धित गन्ना समितियों को भेज दिया गया । यहां चीनी मिल के इकाई प्रमुख लोकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि चीनी मिल द्वारा पेराई सत्र २०२३-२४ में कृषकों द्वारा आपूर्तित गन्ने का भुगतान समयार्नात किया जायेगा। तो वहीं मिल के विभागाध्यक्ष (गन्ना) धीरज सिंह ने किसानों से अनुरोध किया है कि कृषक भाई चीनी मिल में साफ, ताजा एवं अगोला-पत्ति रहित गन्ने की आपूर्ति करें।
जयंत चौधरी का कईं स्थानो पर फूल माला पहना कर गर्मजोशी के साथ स्वागत
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) जनपद में अलग-अलग स्थानो पर आयोजित कार्यक्रमों मे शिरकत करने पहुंचे राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद जयंत चौधरी का पार्टी कार्यकर्ताओं ने मार्ग मे कईं स्थानो पर फूल माला पहना कर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान रालोद प्रमुख की अगुवाई में वाहनों का लम्बा काफिला शामिल रहा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज सुबह नई दिल्ली स्थित अपने आवास से चलकर कार द्वारा मुजफ्फरनगर पहुंचे रालोद नेता जयंत चौधरी का पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओ मे पूरे जोश-खरोश के साथ स्वागत किया। अपने तय कार्यक्रम के अनुसार रालोद सुप्रीमों जयंत चौधरी पहले बुढाना विधानसभा क्षेत्र के गांव सावटू पहुंचे। जहां उन्होने अपनी सांसद निधी से हो रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के बाद एक जनसभा को भी सम्बोधित किया। इस दौरान उनके साथ भाकियू अध्यक्ष चौ.नरेश टिकैत, रालोद विधायक दल के नेता एवं बुढाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक राजपाल सिंह बालियान सहित पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र जनपद के ग्रामीण अंचल मे खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के उददेश्य से गांव सावटू में राज्यसभा सांसद जयंत चौधरी की सांसद निधि से निर्माण कार्य चल रहा है। जो कि शीघ्र ही पूरा होने वाला है। राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार से नौजवान निराश है। जयन्त चौधरी ने कहा कि नौजवानों की उम्र निकल रही है लेकिन उन्हें नौकरी नहीं मिल रही है। इस दौरान चौधरी जयंत ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उत्तर प्रदेश में इंजीनियरिंग डिग्रीधारी युवक जूनियर इंजीनियर भी नहीं बन पा रहे हैं। नौजवानों की भर्ती नहीं की जा रही है।
शाहपुर के गांव सावटू मे आयोजित कार्यक्रम मे शामिल होने के पश्चात जयंत चौधरी अपने काफिले के साथ भोपा क्षेत्र के कस्बा भोकरहेडी स्थित इण्टर कॉलेज में किसान मसीहा एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व.चौ.चरणसिंह की मुर्ति का अनावरण करने के लिए पहुंचे।
राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य जयंत चौधरी ने आज एक बार फिर से अपने दादा एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौ. चरण सिंह के नाम पर बुजुर्ग और युवा सभी के दिलों को छूने का काम किया। उन्होंने भोकरहेडी में आयोजित जनसभा में भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष चौ. नरेश टिकैत की मौजूदगी में ही यूपी और केन्द्र की सरकारों पर जमकर निशाना साधते हुए भाजपा की तमाम नीतियों को किसान ओर जनविरोधी बताते हुए युवाओं को जगाने का काम किया। उन्होंने युवाओं से खेत से निकलकर खेल के मैदान पर चमकने का आह्नान किया। सांसद जयंत चौधरी ने भोकरहेडी में पूर्व पीएम चरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया तो वहीं उन्होंने गांव सावटू में खेल स्टेडियम की नींव रखी। इसके लिए उन्होंने अपनी सांसद निधि से दो करोड़ रुपये की राशि दी है। इस स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों के युवाओं को लाभ मिलेगा, जिनमें केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान का गांव भी शामिल है। रालोद प्रमुख सांसद जयंत चौधरी शनिवार को दिल्ली से मुजफ्फरनगर पहुंचे। जनपद की सीमा में जगह जगह रालोद कार्यकर्ताओं और किसानों ने उनका जोरदार स्वागत किया। रालोद जिलाध्यक्ष संदीप मलिक के नेतृत्व में एक लंबे काफिले के साथ जयंत चौधरी का रालोद नेताओं ने गुप्ता रिसोर्ट पर फूल मालाओं के साथ अभिनंदन किया।इस दौरान रालोद जिलाध्यक्ष संदीप मलिक, रालोद विधायक दल के नेता राजपाल सिंह बालियान, पूर्व मंत्री धर्मवीर सिंह बालियान, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, विधायक चन्दन चौहान, विधायक अनिल कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष अजित राठी, मण्डल अध्यक्ष प्रभात तोमर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजय राठी, रालोद नेता हंसराज जावला एडवोकेट, पराग चौधरी, अंकित सहरावत, हर्ष राठी, सुधीर भारती सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता तथा भारी संख्या मे क्षेत्रिय ग्रामीण तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
डीएम-एसएसपी ने सुनी समस्याएं
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा तहसील सदर पर जनसमस्याओं को सुना गया एवं उनके गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजीव सुमन द्वारा तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारीगण द्वारा जनता की जनसमस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया तथा समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी/कर्मचारीगण को मौके पर जाकर शिकायतों का शत प्रतिशत निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया। महोदय द्वारा समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण को निर्देशित किया गया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में आईं सभी शिकायतों की मौके पर जाकर निष्पक्ष जाँच करें एवं समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें तथा महिला अपराध सम्बन्धी शिकायतों की जाँच प्राथमिकता के आधार पर की जाए। इसके अतिरिक्त द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित सभी अधिकारी/कर्मचारीगण व शिकायतकर्ताओं को साइबर अपराध एवं साइबर ठगी के सम्बन्ध में भी जागरूक किया तथा साइबर अपराध से बचने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। सदर तहसील पर आयोजित उक्त सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागिया, एडीएम श्री अमित कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी नई मण्डी, उपजिलाधिकारी सदर सहित प्रशासन, पुलिस व राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे ।
चरथावल पुलिस द्वारा गैंगस्टर के अभियोग में वांछित 4 अभियुक्तगण किए गिरफ्तार
चरथावल। मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) जनपद में वाँछित अभियुक्तगण की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अन्तर्गत पुलिस अधीक्षक नगर के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर के कुशल नेतृत्व में थाना चरथावल पुलिस द्वारा गैंगस्टर के अभियोग में वांछित ०४ अभियुक्तगण को ग्राम नगलाराई से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तगण की गिरफ्तारी के सम्बन्ध में थाना चरथावल पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तगण. हकीकत पुत्र अलताफ, इरशाद पुत्र जानू उर्फ जान मौहम्मद, आमिर उर्फ भूरा पुत्र नजरु, इसराईल पुत्र नूरु निवासी ग्राम कुल्हैड़ी थाना चरथावल है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्र०नि० ओमप्रकाश सिंह, निरी. नरेंद्र सिंह, उ.नि. जयसिंह भाटी, हे०का० सुशील कुमार, अरूण कुमार, का. सुखवीर सिंह थाना चरथावल शामिल रहे।
मदन भैया ने वायु प्रदूषण का विधानसभा में मुद्दा उठाया
जानसठ। मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) रालोद के खतौली विधायक मदन भैया ने विधानसभा सत्र के दौरान एनसीआर क्षेत्र एवं जनपद मुजफ्फरनगर में वायु प्रदूषण रोकने के सरकार ने क्या-क्या उपाय किए हैं। इसके अलावा उन्होंने लोनी के डंपिंग ग्राउंड कूड़ा नहीं उठने, अधिशासी अधिकारी एक जनपद में कितने समय रह सकता है आदि कई मामलों में सरकार को घेरते हुए कई जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दे सदन के दौरान उठाएं।
विधानसभा के तृतीय सत्र के दौरान रालोद के खतौली विधायक मदन भैया ने मुजफ्फरनगर सहित एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण की स्थिति से सदन को अवगत कराते हुए गंभीर मुद्दा उठाते हुए कहा कि वायु प्रदूषण मंत्री बताएं कि एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण रोकने के सरकार ने क्या-क्या कदम उठाए हैं। साथी सरकार यह भी बताएं कि पिछले कितने वर्षों से वायु प्रदूषण विभाग में रिक्त पदों पर कितने तैनाती की गई है यदि नहीं की गई तो क्यों नहीं की गई है इस मुद्दे को लेकर भी विधायक ने प्रदूषण मंत्री से अपने प्रश्न का जवाब चाहा है।इसके अलावा उन्होंने लोनी में स्थित डंपिंग ग्राउंड से कूड़ा ने उठना और बराबर में स्थित विद्यालय में पढ़ रहे छात्रों पर उसके पढ़ने वाले दुष्प्रभाव एवं लोनी नगर पालिका में पूर्व में तैनात ईओ के खिलाफ २०२१ से चल रही जांच में क्या कार्रवाई हुई और एक अधिशासी अधिकारी एक जनपद में कितने दिनों तक तैनात रह सकता है। इस संबंध में भी विधायक मदन भैया ने नगर विकास मंत्री से अपने प्रश्नों के जवाब मागे।
24 घंटे में हत्या का खुलासाः पिता ने ही की थी हत्या
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) थाना सिखेड़ा पुलिस द्वारा २४ घण्टे के अन्दर हत्या के अभियोग का सफल अनावरण किया जहां ०१ हत्याभियुक्त गिरफ्तार किया जिनके कब्जे से आलाकत्ल दाव बरामद किया। पूछताछ में पता चला कि प्रेम-प्रसंग के विरोध में पिता ने की थी अपनी पुत्री की हत्या। अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन महोदय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अन्तर्गत पुलिस अधीक्षक नगर के निकट पर्येवक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नई मण्डी के कुशल नेतृत्व में थाना सिखेड़ा पुलिस द्वारा थानाक्षेत्र के ग्राम बहादरपुर में हुई युवती की हत्या की घटना का २४ घण्टे के अन्दर सफल अनावरण करते हुए ०१ हत्याभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से ०१ आलाकत्ल दाव बरामद किया गया। अभियुक्त की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के सम्बन्ध में थाना सिखेड़ा पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। उल्लेखनीय है कि ०१ दिसम्बर को थाना सिखेड़ा पुलिस को ग्राम बहादरपुर में एक युवती की हत्या की सूचना प्राप्त हुई जिसके सम्बन्ध में ग्राम प्रहरी द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर थाना सिखेड़ा पुलिस द्वारा सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
थाना सिखेड़ा पुलिस द्वारा शक के आधार पर मृतका के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ करते हुए उपरोक्त घटना का सफल अनवारण किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त धर्मेन्द्र पुत्र राजाराम उर्फ रूला निवासी बहादरपुर थाना सिखेड़ा, प्रारम्भिक पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त द्वारा बताया गया कि मेरी पुत्री का जनपद हरिद्वार निवासी एक लड़के के साथ प्रेम प्रसंग था तथा २९ नवम्बर को उसके काम पर जाने के बाद वह घर से चली गयी थी तथा शाम को वापस आयी थी। हमारे द्वारा उसे डांटा गया तो उसने कहा कि मैं उसी के साथ रहूंगी। काफी समझाने पर भी नहीं मानी तब मैने गुस्से में दाव से वार करके उसकी हत्या कर दी। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्र०नि० सचिन कुमार शर्मा, उ.नि. श्रई पवन कुमार, का. हरिओम, अर्जुन, म.का. दीपाजंलि थाना सिखेड़ा शामिल रहे।
किसान क्रान्ति सेना के मण्डल अध्यक्ष चौधरी शक्ति सिंह पहुंचे घासीपुरा
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए भाई बहन के परिवार के साथ दुःख किया साझा परिवार को सांत्वना दी। परिवार और क्षेत्र के लोगों ने सड़क दुर्घटनाओं के बारे में बताया जल्द ही किसान क्रान्ति सेना द्वारा जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर से मिलकर पीड़ित परिवार को न्याय हेतू व ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने हेतु की जाएगी वाता। इस दौरान जिलाध्यक्ष शिवसेना मुकेश त्यागी, जिलाध्यक्ष उद्योग व्यापार सेना देवेन्द्र चौहान , युवा जिलाधक्ष जितेन्द्र गोस्वामी, क्रांतिसेना नेता संजीव वर्मा रहे उपस्थित रहे।
१४ मामलों में ४.४३ लाख का जुर्माना
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) मिलावटखोरी के मामलों में एडीएम प्रशासन के न्यायालय से १४ मुकदमों का निस्तारण करते हुए मिलावटखोरी साबित होने पर ४.४३ लाख रुपये का जुर्माना लगाते हुए वसूली के आदेश दिये गये हैं। इनमें खोया, दूध, मिश्रित दूध, क्रीम आदि उत्पादों के नमूने लिये गये थे, जिनमें जांच के बाद मिलावट की पुष्टि हुई थी।
प्राप्त समाचार के अनुसार न्यायालय अपर जिला मजिस्ट्रेट यप्रशासनद्ध/न्याय निर्णायक अधिकारी नरेन्द्र बहादुर सिंह, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा माह नवम्बर २०२३ में १४ वादों को निस्तारित करते हुए मिलावटखोरों पर ४३५००० का अर्थदण्ड लगाया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधीनियम २००६ के अन्तर्गत खाद्य पदार्थो के नमूने संग्रहित कर जांच हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गये थे।
जांच के पश्चात खाद्य पदार्थो में मिलावट की पुष्टि खाद्य विश्लेषक द्वारा की गयी थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा जांच रिपोर्ट प्राप्त करने के उपरान्त न्यायालय द्वारा माह नवम्बर २०२३ में १४ वादों को निस्तारित करते हुए मिलावटखोरों पर अर्थदण्ड लगाया गया। इसमें सलमान पुत्र मोहम्मद सुलेमान ग्राम-भैंसाहेड़ी पर ३५०००, मदन पाल पुत्र शशीभान संधावली पर १५०००, शावेज मालिक पुत्र महबूब अली ग्राम-बरवाला पर २५०००, मो. हनीफ पुत्र यासीन ग्राम-तेवड़ा ४००००, मो. जावेद पुत्र सरफराज ग्राम-खेड़ी फिरोजाबाद पर ३००००, मो. जावेद पुत्र सरफराज ग्राम-खेड़ी फिरोजाबाद ३५०००, दीपक कुमार पुत्र किरण पाल ग्राम-मुस्तफाबाद २५०००, नईम पुत्र अफजाल कारीमुल्लापट्टी जानसठ ३५०००, रहिसुद्दीन पुत्र नवाब नई बस्ती खतौली ३००००, नईम पुत्र अफजाल करीमुल्लापट्टीजानसठ पर ५००००, जोनी पुत्र कृष्ण पाल ग्राम-रतनपुरी पर ३००००, हरेन्द्र पुत्र राजकुमार ग्राम हुसैनपुर बौपाडा पर ३००००, शेरखान पुत्र जीमल ग्राम-तेवड़ा पर ३०००० और मोनू मचल पुत्र रकम पाल सरवट पर २५००० का जुर्माना किया गया है। अतिरिक्त वित्तीय वर्ष २०२३-२४ में माहदृनवम्बर २०२३ तक १२२ वादों को निस्तारित करते हुए एडीएम प्रशासन द्वारा १९,४३,००० का अर्थदण्ड आरोपित किया गया है। माह नवम्बर २०२३ तक २१,३१,००० अधिरोपित अर्थदंड की वसूली की गयी है। नवम्बर २०२३ तक खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा १५७ वाद दायर किये गए हैं।
109 रनों से हराया
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) अंडर १४ जनपद क्रिकेट लीग में आज पिंक एलेवन ने ग्रीन एलेवन को १०९ रनों के भारी अंतर से हराकर ४ अंक अर्जित किये। अर्ध शतक लगाने वाले भुवनेश मैन ऑफ द मैच रहे। स्पोर्ट्स स्टेडियम में पिंक ने टास जीत कर पहले बल्लेबाजी की और ३० ओवर में ६ विकेट खोकर १८९ रनों के विशाल स्कोर खड़ा किया। जिसमे कप्तान भुवनेश द्वारा ५२ गेंदों पर बनाये गए ५१ रनों के अतिरिक्त अयान के २७ ,१९ गेंद पर, अयांश की २६ गेंदों पर खेली गई २० रनों की आकर्षक पारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।निखिल ने १९ रन बनाए।ग्रीन टीम के प्रीत को १७ रनों पे २विकेट जबकि शिवांश को २१ रनों पर १ विकेट मिला।
टीम ग्रीन ,की बल्लेबाजी पिंक की गेंदबाजी के सामने मात्र ८० रनों पर ढेर हो गई। पिंक ने यह मैच १०९ रनों के अंतर से जीता।सर्वाधिक ४३ का योग अभिनव ने दिया उन्होंने५५ गेंद खेली।औरव और युवराज ८-८ रन और और शुभ ६ रन बना सके।उज्जवल ने ९ रन देकर और अक्षित ने १५ रन देकर २ विकेट झटके।विशु और सचिन को १ – १सफलता मिली। मैच के अंपायर अरशद और रवि कौशिक तथा स्कोरर पलक शर्मा रही। मुजफर नगर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा कराई जा रही प्रतियोगिता में कल टीम पिंक और टीम रेड का मैच होगा।आज सुबह लक्षराज त्यागी खेल अधिकारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान मनोज पुंडीर,सचिव, योगेंद्र मलिक, कुशल पाल सिंह ,रोहन त्यागी ,गौरव अरोरा यह जानकारी एसोसिएशन के निदेशक संजय शर्मा ने दी।
सपा कार्यकर्ता सम्मेलन पुरकाजी व मीरापुर में कराए जाएंगे – जिया चौधरी
नई व छुटी हुई वोट जागरूकता लाकर बनवाएं -कादिर राणा
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) समाजवादी पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन ने जानकारी देते हुए बताया कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के निर्देश पर सपा की मासिक बैठक सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी एडवोकेट की अध्यक्षता व सपा जिला महासचिव विकिल गोल्डी अहलावत के संचालन में सम्पन्न हुई। मीटिंग को सम्बोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने सपा हाईकमान के निर्देशों की जानकारी देने के साथ कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा छुटी व नई वोट बनवाने तथा वोट में त्रुटि सही कराने के अभियान में सपा कार्यकर्ताओं की बूथों पर तैनात की गई टीम के द्वारा सक्रियता से वोट बनवाने पर उनको बधाई के साथ आगे भी वोट बनवाने के प्रयास करने का आह्वान किया।
पूर्व सांसद कादिर राणा, सपा प्रदेश सचिव चौधरी इलम सिंह गुर्जर व सपा प्रदेश कार्यकरिणी सदस्य श्यामलाल बच्ची सैनी ने अपने सम्बोधन में वोट बनवाने में जनता में जागरूकता लाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाने पर जोर देते हुए पुरकाजी व मीरापुर विधानसभा में लोकसभा चुनाव की तैयारी के दृष्टिगत बड़े सपा कार्यकर्ता सम्मेलन दिसम्बर माह में ही आयोजित करने के लिए सपा संगठन के निर्णय को आवश्यक बताया। सपा जिला उपाध्यक्ष सोमपाल सिंह कोरी, धर्मेन्द्र पँवार नीटू, पवन बंसल,अमलेश शर्मा,सुखपाल सिंह, सुरेश प्रजापति व सपा नेता शौकत अंसारी असद पाशा ने अपने सम्बोधन में प्रत्येक बूथ पर मजबूत कार्यकर्ताओ की टीम सक्रिय टीम तैयार करने पर जोर देते हुए सभी जाति वर्ग में समाजवादी विचारधारा व नीतियों के प्रचार प्रसार को गति देने के लिए कार्यकर्ताओ से अपील की। मासिक मीटिंग को सपा जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन,सपा महानगर महासचिव सलीम मलिक,सपा पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष सतीश गुर्जर,सपा महिला सभा जिलाध्यक्ष सुषमा सैनी,समाजवादी शिक्षक सभा जिलाध्यक्ष अक्षय कुमार,सपा विधानसभा अध्यक्ष पुरकाजी सत्यवीर त्यागी, मीरापुर विधानसभा अध्यक्ष सादिक चौहान,सपा सभासद अन्नू कुरैशी, सभासद शहजाद चीकू,रमेश चंद शर्मा, हाजी इमरान सिद्दीकी, यशपाल सिंह हाजी इकबाल,इरफान टेम्पू खतौली, सुमित पँवार बारी,मास्टर अल्ताफ, ऐश मौहम्मद मेवाती,टीटू पाल रमन,वीरेंद्र तेजियांन,अंकित शर्मा ने भी सम्बोधित किया।
मीटिंग में मुख्यरूप से मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड नि० जिलाध्यक्ष राशिद मलिक,सपा अल्पसंख्यक सभा महानगर अध्यक्ष डॉ हनीफ अंसारी एडवोकेट,सपा नेता नवाब इम्तियाज,अब्बास अली,हाजी गुफरान तेवड़ा,रामपाल सिंह पाल,कदीर अहमद, श्याम सुंदर,अशोक नागपाल,मुकेश वशिष्ठ, नदीम राणा,नरेश पाल,पंकज सैनी,वसीम अहमद,नदीम राणा मुखिया,शाहीन राणा, सायरा,वीरपाल सिंह यादव,सईदुजम्मा बिरला,शकीला बेगम सहित अन्य पदाधिकारी कार्यक्रर्ता मौजूद रहे।
भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया
जानसठ। मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) डी०ए०वी०इण्टर कॉलेज जानसठ में स्वीप योजना, मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विद्यालय के छात्रों द्वारा भाषण प्रतियोगिता मैं प्रतिभाग किया एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।जिला विद्घ्यालय निरीक्षक के आदेशानुसार डी०ए०वी०इण्टर कॉलेज जानसठ मे विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री समुद्र सैन के निर्देशन में स्वीप योजना, मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विद्यालय के छात्रों द्वारा भाषण प्रतियोगिता मैं प्रतिभाग किया एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। जिसमें नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्रों ने संदेश दिया मतदान एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक क्रिया है जिसके माध्यम से मतदाताओं को जागरूकता के संदेश को पहुँचा रही हैं। इसका मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने के लिए मतदान के महत्व को संजीवनी बनाना है। इसके माध्यम से सभी मतदाताओ सक्रिय रूप से मतदान करने के लिए प्रोत्साहित किया रहा हैं, ताकि वे समृद्धि और सकारात्मक परिवर्तन के लिए अपने हक का उपयोग कर सकें। इसके लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जो सभी मतदाताओं को सहभागी बनाने का माध्यम है।
यज्ञ और योग के द्वारा अपने आप को जान कर ईश्वर उपासना करे
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) यज्ञ और योग भारतीय संस्कृति के प्राण हैं। उक्त विचार भारतीय योग संस्थान के निशुल्क योग साधना केंद्र ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल मुजफ्फरनगर में संस्थान के प्रदेश कार्यकारणीय सदस्य योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य के जन्मदिन पर यज्ञ करते हुए यज्ञ के ब्रह्मा यज्ञ आर्य ने व्यक्त किये। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार से हवन की अग्नि ऊपर की ओर जाती है ठीक उसी प्रकार से हमारा कर्तव्य बनता है कि यह मानव जीवन पाकर हम भी अपनी आत्मा की उन्नति करें। इस प्रकार से यज्ञ और योग के द्वारा अपने आप को जान कर ईश्वर उपासना करते हुए मोक्ष का मार्ग प्रशस्त करें। उन्होंने बताया कि ईश्वर सर्व व्यापक, सर्व अंतर्यामी, निराकार, अजर, अमर और सृष्टि का निर्माण करता है हमें ईश्वर की ही उपासना करनी चाहिए ।
इस अवसर पर यज्ञ के यज्ञमान योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने कहा कि यह मनुष्य जीवन हमें बार-बार नहीं मिलता है। अगर इस जीवन में भी हमनें अच्छे निष्काम कर्म करके अपनी आत्मा की उन्नति नहीं की तो हमारा पृथ्वी पर मनुष्य जन्म लेना व्यर्थ होगा।हमें अपना जन्मदिन यज्ञ के द्वारा ही मनाना चाहिए। केक काटना हमारी संस्कृति नहीं है। हमें अपनी भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में सहयोग करना चाहिए। आज हमारा युवा वर्ग अपनी संस्कृति को भूलता जा रहा है तथा पाश्चात्य संस्कृति को अपनाकर अपने जीवन को पतन के रास्ते पर ले जा रहा है। मैं आज अपने जन्मदिन पर युवाओं का आवाहन करता हूं कि वह यज्ञ और योग के मार्ग पर चलकर अपने जीवन का उत्थान करें और अपने माता-पिता अपने जिले और देश का नाम रोशन करें। इस अवसर पर ओम सिंह तोमर एडवोकेट पूर्व जिला महासचिव जिला बार संघ मुजफ्फरनगर, डॉक्टर जीत सिंह तोमर, नीरज बंसल ,डॉक्टर रामवीर बालियान, डॉक्टर अक्षय बालियान, ऋषि पाल, रविंद्र कविंदर बालियान,प्रदीप शर्मा, अंकुर मान, रजनी मलिक, राजेश, संगीता आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और प्रसाद वितरण तथा शांति पाठ के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ
मतदाता जागरूकता का डीएवी इंटर कालेज में आयोजन
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) डी ए वी इंटर कॉलेज, मुजफ्फरनगर में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। इस प्रतियोगिता में २५ छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया जिसमें कु० करिश्मा १२ ई प्रथम स्थान कु०खुशी १२ ई द्वितीय स्थान कु०खुशबु १२ ई तृतीय स्थान वर्षा, करिश्मा सरगम अरोरा, दिव्यांशी, पल्लवी, अंजली, वंश सैनी, कंगना वर्मा आदि का कार्य प्रशंसनीय रहा । इस प्रतियोगिता में निर्णायक श्रीमती दुर्गेश ,आरुषि , रही कार्यक्रम का संचालन प्रवीण कुमार सैनी ने किया संयोजन वाणिज्य प्रवक्ता नारायण स्वरूप शर्मा द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में सलीम जावेद, राजेश कुमार ,संजीव कुमार, सुनील कुमार उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य श्री सुनील कुमार शर्मा द्वारा सभी विजेता छात्र छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मेधावियों का शिशु शिक्षा निकेतन इंटर कालेज में किया गया सम्मान
खतौली।मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) स्थानीय शिशु शिक्षा निकेतन इण्टर कॉलेज में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता एवं हाईस्कूल तथा इण्टरमीडिएट परीक्षा वर्ष २०२३ में ८०प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक प्राप्तकर्ता मेधावी छात्र/छात्राओं का पुरस्कार वितरण समारोह बडी धूमधाम के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र/छात्राओं ने सास्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर बोलते हुए खतौली तहसील अधिकारी श्री श्रद्धा गुप्ता जी ने कहा कि आज के सामाजिक परिवेश को देखते हुए और छात्रो में ज्ञान का बीजारोपण करने हेतु इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजित होना नितान्त आवश्यक हैं। गुरू तीन है- माता, पिता और आचार्य। इन तीनो के सयुक्त प्रयास से ही छात्र की प्रगति सम्भव हैं। इसी अवसर पर बोलते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी रविशंकर जी ने कहा कि ऐसे छात्र/छात्राएं जो बोर्ड परीक्षाओं में मेधावी हुए हैं, उन्हे आज से ही अपना लक्ष्य तैयार करना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौ० सुरेन्द्र सिंह जी ने की। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी मनोलिका जौहरी, प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की संचालिका पूजा बहन और तोसी बहन ने भी अपने विचारो का रखा। दिनांक १८ नवम्बर में आयोजित इस सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में नगर क्षेत्र के कई विद्यालयो के छात्र/छात्राओं ने प्रतिभाग किया। जिसमें प्राईमरी स्तर पर विकी प्रथम, वंशिका व अनंन्या ने द्वितीय तथा शुभ, आराध्या और अदिति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर स्तर पर सलोनी जैन प्रथम, नव्या राणा द्वितीय एवं महिमा व अमन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम स्थान प्राप्तकर्ता छात्रों को रू० ११०० से द्वितिय स्थान वाले को रू० ५०० से और तृतीय स्थान वालो को रू० २५० से पुरस्कृत किया गया। इसी प्रकार इण्टरमीडिएट परीक्षा वर्ष २०२३ में सैनव, गौरव और मुकुल क्रमशः प्रथम द्वितीय, तृतीय तथा हाईस्कूल परीक्षा में सानिया अंसारी, मन्तशा और तनिषा सैनी क्रमशः प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से देवेन्द्र गुप्ता, डा० अशोक गुप्ता, अजय जनमेजय, अंकुर सिंघल, डा० अंकुर शर्मा, अनिल कुमार (प्रधानाचार्य), दीपचन्द वर्मा, दीपक कुमार प्रधान, मोदी लाल प्रधान, डा० सुखपाल सिंह, सुन्दर प्रधान, निर्मल जैन, जोगेन्द्र सैनी प्रधानाचार्य, जे०पी० तोमर, सुरेश त्यागी, संजीव जैन, ब्रह्मस्वरूप गुप्ता (संरक्षक), सुरेन्द्र सिंह, रश्मि बहन आदि नगर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। विद्यालय प्रधानाचार्य कान्ता स्वरूप सिंघल एवं कार्यक्रम संयोजिका सोनिया सिंघल ने सभी आगन्तुको का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अमन आहूजा, दिव्या विश्वकर्मा, प्रज्ञा जैन, अनुज जैन, गोपाल कुमार, ईशकुमार, आशीष कुमार, सचिन सैनी, तबस्सुम, मोनिका, अलका, अवधेश कुमार, शिव कुमार आदि अध्यापकों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन चिराग सिंघल श्नवीनश् ने किया।
एडीएम प्रशासन ने तहसील जानसठ में सुनी समस्याएं
जानसठ। मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) एडीएम ( प्रशासन) नरेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में तहसील जानसठ के सभागार में एसडीएम जानसठ द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन कर आम जन मानस की समस्याओ का निस्तारण किया गया।तहसील जानसठ में अपर जिलाधिकारी ( प्रशासन ) नरेन्द्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन कर आम जनदृमानस की समस्याओं का निस्तारण किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त कुल ३२ शिकायतों में राजस्व, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, राशन कार्ड, चकबंदी आदि से संबंधित शिकायतें मुख्य रूप से प्राप्त हुई। उक्त प्राप्त शिकायतों को उप जिलाधिकारी जानसठ रामेश्वर द्वारा गंभीरता पूर्वक सुनकर सम्बन्धित विभागों को प्रभावी एवं गुणवत्ता परक निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। उन्होनें समस्त अधिकारियो को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन के निर्देशानुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में आये हुए फरियादियों की समस्याओं की जांच कर निस्तारण समय सीमा मे किया जाए। उक्त सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान क्षेत्राधिकारी जानसठ, तहसीलदार जानसठ व नायब तहसीलदार जानसठ सहित अन्य सम्बन्धित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे।
चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) शाहपुर थानाध्यक्ष अजय प्रसाद गौड़ ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान, थाना अध्यक्ष अजय प्रसाद फोर्स के साथ उतरे सड़कों पर,सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को शाहपुर थानाध्यक्ष अजय प्रसाद गौड़ ने हटवाया,दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्यवाही की दी चेतावनी।
कास्य पदक जीत लहराया विजय परचम
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) पचेड़ा रोड स्थित पर पब्लिक स्कूल के विगत वर्ष के छात्र प्रशांत धाम ने दिल्ली में डॉक्टर करण सिंह रेंज में आयोजित राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता २०२३ में कास्य पदक जीत अपने राज्य स्तर पर प्राप्त सफलता को एक और पायदान आगे बढ़ाया है। इससे पहले प्रशांत सिंह धामा पुत्र संजय धामा राज्य स्तर पर तीन गोल्ड और एक सिल्वर पदक जीत चुके हैं, उन्होंने अपनी इस जीत को यहीं विराम नहीं दिया उन्होंने राज्य स्तर से क्वालीफाई ८५०० प्रतिभागियों में अब राष्ट्रीय स्तर पर ६०० मे से ५८६ पॉइन्टस प्राप्त कर यह कास्य पदक जीता है। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, अपने शिक्षकों और राइफल शूटिंग के अपने कोच को दिया क्योंकि यदि यह सब उन्हें प्रोत्साहित न करते तो शायद आज यह सफलता प्राप्त करना उनके लिए इतना आसान नहीं होता।उनका मानना है कि
अगर आप जिंदगी में सफलता पाना’चाहते हैं तो तीन चीज आवश्यक हैं लक्ष्य ,कठिन परिश्रम और धैर्य
यह सफलता प्राप्त करने के बाद कल वह पहली बार मुजफ्फरनगर आए, जहां पर विद्यालय ने उनका माला पहनाकर जोर शोर से स्वागत किया और उनकी इस सफलता पर उन्हें बधाई दी और आगामी २ महीना में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाले पांच ट्रायल के लिए उनका हौसला बढ़ाया। स्कूल प्रधानाचार्या मानसी सिंघल ने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि जिस प्रकार आपने अभी तक राज्य स्तर पर स्वर्ण व रजत पदक तथा राष्ट्रीय स्तर पर कास्य पदक प्राप्त कर अपने लक्ष्य में सफलता हासिल की है , आगे भी आप इस सफलता के सफर को ऐसे ही जारी रखेंगे। स्कूल निदेशक अनघ सिंघल जी ने उन्हें मिठाई खिलाकर उनकी इस सफलता पर बधाई दी। स्कूल प्रबंधक अशोक सिंघल जी ने स्कूल के विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जिस प्रकार प्रशांत धाम ने अपने जीवन का एक लक्ष्य निर्धारित किया और उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम किया और उनका वह कठिन परिश्रम और लगन ही आज इस सफलता के रूप में आप सबके सामने हैं तो आप सभी भी अपने जीवन का एक लक्ष्य निर्धारित करें और उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम और लगन से कार्य करें। एक दिन आपके कदम अवश्य ही सफलता को प्राप्त करेंगे। इन्ही शब्दो के साथ उन्होंने पूरे विद्यालय की ओर से प्रशांत को भविष्य में होने वाले अंतरराष्ट्रीय चौंपियनशिप के लिए आशीर्वाद दे उनकी सफलता की कामना की ।
आईआईए ने लखनऊ सेमिनार में उठाई अपनी पीड़ा
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) आईआईए लखनऊ द्वारा आयोजित एमएसएमई महाउद्यमी सम्मेलन में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन मुजफ्फरनगर चौप्टर चेयरमैन पवन कुमार गोयल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल मुजफ्फरनगर से लखनऊ पहुंचा और इस महासम्मेलन में शामिल होकर उन्होंने उद्यमियों के सामने खड़ी कुछ प्रमुख समस्याओं को शासन के अधिकारियों और सरकार के प्रतिनिधियों के समक्ष उठाया। इसके साथ ही मुजफ्फरनगर के एनसीआर में शामिल होने के बाद यहां पर उद्योगों के समक्ष लगातार उत्पन्न हो रही चुनौतियों से भी अवगत कराया तथा समस्याओं के समाधान की मांग की।
एमएसएमई महासम्मेलन लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्श हाल में आईआईए लखनऊ द्वारा आयोजित किया गया। इस महासम्मेलन का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्य नाथ द्वारा किया गया। आईआईए राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज सिंघल ने उद्योगों की मुख्य समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखी, मुख्यमंत्री ने कहा की हमारी सरकार प्रदेश में उधोगो के अनुकूल वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। विशिष्ठ अतिथि राकेश सच्चान मंत्री एमएसएमई खादी ग्रामीण उद्योग सेरीकल्चर टेक्सटाइल उत्तर प्रदेश सरकार रहे। एमएसएमई के विस्तार की संभावनाओं पर अमित मोहन प्रसाद आईएएस अपर मुख्य सचिव ने विस्तार से समझाया। सम्मेलन में उद्यमिता, तकनीक, और उद्योग ४.० के मुद्दों पर चर्चा हुई। तकनीकी सत्र में अरुण साहू जीएम नेटवर्क एसबीआई ने भी अपने अनुभवों का साझा किया। यह सम्मेलन एक महत्वपूर्ण मंच बना, जहां उद्यमिता और उद्योग के उच्च स्तरीय नेतृत्व ने मिलकर भविष्य की दिशा में कदम से कदम मिलाकर बढ़ने का संकल्प किया।
डा चंद्रिका कौशिक डायरेक्टर जनरल डीआरडीओ रक्षा मंत्रालय भारत सरकार ने एमएसएमई के लिए रक्षा उत्पादन में संभावनाओं एवम इंडस्ट्री ४.० की भूमिकाओं पर प्रकाश डाला। इस समेलन में मुजफ्फरनगर की इन्डियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के चैप्टर चेयरमैन पवन कुमार गोयल, सेंट्रल एक्जीक्यूटिव मेंबर नीरज केडिया, पूर्व राष्ट्रीय महासचिव अश्वनी खंडेलवाल, संयुक्त सचिव राहुल मित्तल, सयुक्त पीआरओ राज शाह, एक्जीक्यूटिव मेंबर कपिल मित्तल और अमन गुप्ता सम्मलित हुए।
मीरापुर की बेटी शिवानी की मेरठ में हत्या
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) जनपद के मीरापुर टाउन की बेटी २६ वर्षीया शिवानी की मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र के विश्व एन्क्लेव में दहेज के लिए हत्या कर दी गई। घटना के बाद पति सहित ससुराल वाले फरार हो गए। सूचना पर शिवानी की ससुराल पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को की गई शिकायत में आरोप लगाया कि शिवानी की हत्या करने के बाद उसके पति और ससुराल वालों ने उसका शव फंदे पर लटकाकर वारदात को आत्महत्या दर्शाने की कोशिश की गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस दहेज हत्या मानते हुए भी जांच के लिए तथ्य जुटा रही है। मेरठ पुलिस के मुताबिक, वर्ष २०२० में मीरापुर की रहने वाली शिवानी गुप्ता की शादी विश्व एन्क्लेव के रहने वाले अंबुज गुप्ता पुत्र डाल चंद गुप्ता के साथ हुई थी। उनका दो साल का बेटा भी है। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया। आरोप है कि सास सरला देवी, ससुर डाल चंद और पति अंबुज गुप्ता कई दिन से दहेज की मांग कर रहे थे। शिवानी के भाई शिवम ने बताया कि शाम साढ़े चार बजे फोन आया कि बीमारी के चलते शिवानी की मौत हो गई है, आप मेरठ आ जाओ। इसके वह और परिवार के अन्य लोग यहां पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिवानी के गले में चोट का निशान था। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि शिवानी को फंदे पर लटकाने के बाद शव को नीचे उतारा गया। जमीन पर गद्दा डालने के बाद शिवानी का शव उस पर छोड़कर ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए। शिवम और परिजनों ने हत्या के आरोप में केस दर्ज कराने की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। टीपी नगर थाने के इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है कि ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। घटना की जांच की जा रही है। आरोपी ससुराल पक्ष के लोगों खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शिवानी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सरकार के अवैध गुड माफियाओं द्वारा लगाया जा रहा राजस्व का चूनाः संजय मित्तल
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) दी गुड खाण्डसारी एण्ड ग्रेन मर्चेन्टस एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मित्तल एवं मंत्री श्यामसिंह सैनी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे गए पत्र में अवगत कराया कि केन्द्र सरकार द्वारा कृषि कानून वापिस लिये जाने के कारण जैसा कि अब मंडी समिति के बाहर भी मंडी समिति लागू कर दी गई है। पत्र मे आरोपित किया कि जनपद में कुछ अवैध गुड माफिया संक्रिय हो गये हैं। जो सीधे कोल्हुओ से गुड खरीदकर अपने स्वामित्व के दर्जनो वाहनो ट्रकों द्वारा बिना मण्डी शुल्क दिए मण्डी शुल्क की चोरी करके अन्य प्रदेशों में गुड-शक्कर बेच देते हैं। जिस कारण मंडी परिसर के अन्दर गुड शक्कर नही आ पाता है। विदित हो कि यह गुड माफिया अवैध व्यापार किसानो के नाम से कर रहे हैं। जबकि इनमें एक भी किससान नही है। इस कारण मंडी में व्यापार करने वाले व्यापारियों को बहुत नुकसान हो रहा है। जो इतनी लागत दुकानो मे लगाये बैठे हैं। व्यापार में कमी आने के कारण व्यापारी को तो नुकसान हो ही रहा है। साथ ही उन मजदूरो व ट्रक वालों आदि को भी नुकसान हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की विचारधारा है कि मंडी व्यवस्था बनी रहनी चाहिए। ताकि किसानो को भी इसका लाभ हो। अतः वे सरकार से मांग करते हैं कि मंडी समिति कर्मचारियों, अधिकारियों व पुलिस को मोबाईल वैन द्वारा गुड माफियाओ को पकडने के आदेश दें तथा मंडी समिति द्वारा इन गुड माफियाओं पर जो 2 लाख रूपये का शमन शुल्क लगाया गया है, उल्लंघन करने पर गुड माफियाओ ं से वसू ल करें ताकि गुड माफियाओ को बढने से रोका जा सके।


