News
खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

अग्निवीर सेना भर्ती परीक्षा को लेकर बैठक का हुआ आयोजनMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में अग्निवीर भर्ती की तैयारियों के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों एवं सेना के अधिकारियों के साथ बैठक हुई।जनपद में अग्निवीर भर्ती के तहत भारतीय सेना की ओर से 21 अगस्त से 08 सितम्बर तक रैली का आयोजन किया जाना है। यह रैली चौधरी चरण सिंह स्टेडियम, मुजफ्फरनगर में होगी। रैली में प्रदेश के 13 जनपदों के अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। रैली में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, गौतमबुद्धनगर, हापुड, गाजियाबाद, बागपत, मेरठ और बुलंदशहर के अभ्यर्थी आएंगे। बैठक में सेना के भर्ती अधिकारी कर्नल सत्यजीत बेबले ने अधिकारियों को रैली के मद्देनजर की जाने वाली व्यवस्थाओं एवं आवश्यकताओं के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि भर्ती रैली में 17 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। जनपद में प्रतिदिन लगभग 1200 अभ्यर्थी आएंगे। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को उचित व्यवस्थांए समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को पेयजल, साफ-सफाई, बेरीकेटिंग, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, लाइट, शौचालय, एम्बुलेंस एवं चिकित्सा आदि की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को पर्याप्त मात्रा में बसों को संचालन करने एवं अग्निशमन विभाग को रैली स्थल पर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट श्री पंकज प्रकाश राठौड़, पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इंदु सिद्धार्थ, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी,समस्त उपजिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं सेना भर्ती के अधिकारी मौजूद रहे।

 

जनपद मुजफ्फरनगर राज्य में लगातार दूसरे माह द्वितीय स्थान पर
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।प्रदेश सरकार द्वारा जारी माह की स्वास्थ्य रैंकिंग डैशबोर्ड में जनपद मुजफ्फरनगर ने एक बार फिर राज्य के 75 जिलों में द्वितीय स्थान प्राप्त कर गौरवपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। यह लगातार तीसरा महीना है, जब जनपद ने उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के प्रदर्शन में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। Muzaffarnagar मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतियाने जानकारी देते हुए बताया कि इस उपलब्धि के पीछे जनपद स्तरीय स्वास्थ्य टीम का समर्पण, प्रशासन का मार्गदर्शन तथा जन-सहभागिता मुख्य कारण रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनपद का समग्र कंपोजिट स्कोर 0.73 रहा है। जिसके आधार पर जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर अपना दबदबा बनाये रखने में सफल हुआ है। सीएमओ ने बताया कि एचआईवी जांच में 100 प्रतिशत प्रदर्शन कर जनपद को राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। बच्चों का पूर्ण टीकाकरण श्रेणी में भी 100 प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की गई। नवजातों को होम विजिट में अधिकांश ब्लॉकों का प्रदर्शन 100 प्रतिशत रहा। 4 या अधिक एएनसी और एचबी जांचें समय पर कराई गईं। बताया कि पुरकाजी, मुजफ्फरनगर (ग्रामीण) व बघरा जैसे ब्लॉकों ने समग्र स्कोर में शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष तीन स्थान प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि पुरकाजी ब्लॉक ने परिवार नियोजन में स्थायी विधि अपनाने में 330 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, वहीं बघरा ब्लॉक की रैंक में उल्लेखनीय सुधार देखा गया। हालांकि, कुछ ब्लॉकों जैसे खतौली व मुजफ्फरनगर (शहरी) में और सुधार की आवश्यकता है। सीएमओ ने कहा कि हमारी टीम के अथक प्रयासों और सामूहिक भागीदारी से यह संभव हो पाया है। आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, सीएचसी-पीएचसी स्टाफ , डीपीएमयू यूनिटऔर जिला स्तर की निगरानी इकाई ने धरातल पर कार्य करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि स्वस्थ जनपद की दिशा में हमारी यात्रा निरंतर जारी है। अगली बार प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए हम और भी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

 

टीम ने निरीक्षण कर लिये नमूनेMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर आम जनमानस को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्यध्पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा जनपद के विभिन्न मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर छापामार अभियान चलाया हुआ है। यहां पर टीम लगातार जांच हेतु नमूने एकत्रित कर रही है। इस कार्यवाही से मिठाई विक्रेताओं में हड़कम्प मचा हुआ है। बुधवार को भी टीम ने पांच स्थानों पर छापामार कार्यवाही करते हुए घेरव, बर्फी, खोया आदि खाद्य पदार्थ के आठ नमूने लेकर जांच के लिए लैब भिजवाने का काम किया है। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर आम जनमानस को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य/पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के दृष्टिगत आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ के निर्देश पर विगत दिवस सहायक आयुक्त खाद्य अर्चना धीरान एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवकुमार मिश्र के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा शहर से गांव देहात तक चलाये गये अभियान के दौरान कई खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। सहायक आयुक्त अर्चना ने बताया कि टीम द्वारा बघरा के मोहल्ला शिव चौक स्थित श्रीराम स्वीट्स एंड नमकीन से खाद्य पदार्थ क्रीम का एक नमूना तथा दही का एक विधिक नमूना संग्रहित किया गया। मोहल्ला केवल पुरी कच्ची सड़क पुलिस चौकी के निकट स्थित संदीप कुमार पुत्र मिठ्ठन सिंह की मां जगदंबा मिष्ठान भंडार से घेवर का एक विधिक नमूना संग्रहित किया। राजन स्वीट्स केवलपुरी कच्ची सड़क से एक खोया का नमूना संग्रहित किया। महबूब स्वीट्स कच्ची सड़क से बर्फी का एक नमूना तथा चमचम मिठाई का एक नमूना संग्रहित किया। निशांत स्वीट्स से एक घेवर और एक बर्फी का नमूना एकत्रित किया। इस प्रकार कुल 8 नमूने संग्रहित कर खाद्य प्रयोगशाला लखनऊ को जांच हेतु प्रेषित किया गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी वैभव शर्मा, विशाल चौधरी, सुनील कुमार तथा कुलदीप सिंह सम्मिलित रहे।

 

बहनों ने एसएसपी को बांधी राखी
मुजफ्फरनगर। ब्रह्म कुमारी संस्थान की बहनों द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर को बाँधी गयी राखी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा बहनों को दिया गया सुरक्षा का वचन। रक्षाबंधन पर्व 2025 के उपलक्ष्य में ब्रह्म कुमारी संस्थान मुजफ्फरनगर की बहनों द्वारा पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए राखी बाँधी गयी तथा जनकल्याण संदेश देते हुए उज्जवल भविष्य की मंगल कामना की गयी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा बहनों का आभार प्रकट किया गया तथा उन्हें सुरक्षा का वचन देते हुए कहा कि यदि कभी भी कोई समस्या हो तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं अथवा मेरे कार्यालय आकर सम्पर्क कर सकते हैं।

 

घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर बैठक का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। गांधी नगर स्थित भारतीय जानता पार्टी कार्यालय पर आगामी 15 अगस्त के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा कार्यक्रम बैठक आयोजित की गई। जिसमे मुख्य अतिथि मान सिंह गोस्वामी, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, पूर्व चेयरमैन सुभाष चंद शर्मा, भारतीय जानता पार्टी के पदाधिकारीगण व मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

 

महामना मालवीय इंटर कॉलेज में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन
मुजफ्फरनगर। महामना मालवीय इंटर कॉलेज, मुजफ्फरनगर के प्रांगण में आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत हर घर तिरंगा ,घर-घर तिरंगा के तहत शिक्षक- शिक्षिकाओं तथा छात्रों के द्वारा विद्यालय की दीवारों एवं बोर्ड पर तिरंगा की सजावट की गई साथ ही आजादी की थीम पर निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के अधिकांश छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। निबंध प्रतियोगिता में अब्दुल्ला कुरैशी कक्षा 12 ने प्रथम स्थान और गौरव कक्षा 11 ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। समस्त प्रतियोगिताएं डॉ अनिल सैनी, श्रीमती मंजू देवी एवं श्रीमती सीमा सिंह के नेतृत्व में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ रंजन सिंह पुंडीर ने आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम में अधिक से अधिक छात्रों को प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया

 

आत्मदाह का किया प्रयास
मुजफ्फरनगर। पारिवारिक विवाद के चलते महिला द्वारा डीएम कार्यालय पर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पडताल शुरू की।
सूत्रों के अनुसार गांव कवाल निवासी एक महिला ने अपनी सास-ससुर पर सम्पत्ति हडपने का आरोप लगाते हुए पारिवारिक विवाद के चलते कचहरी परिसर स्थित डीएम कार्यालय पर आत्मदाह का प्रयास किया। इस मामले से हडकम्प मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पीडिता को समझा-बुझाकर शान्त किया तथा पीडिता की शिकायत पर मामले की जांच पडताल शुरू की। पुलिस का मानना है कि मामले की जांच-पडताल के बाद ही इस सम्बन्ध मे कुछ कहा जा सकेगा। इस दौरान कचहरी मे कई लोग मौके पर एकत्रित हो गए। यह मामला कचहरी परिसर मे चर्चा का विषय बना रहा।

 

घटना का खुलासाः 13 लाख 63 हजार की नकदी व फार्चयूनर कार सहित शातिर दबोचाMuzaffarnagar News
खतौली। मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।महज 20 घण्टे के अन्दर अभियोग का सफल अनावरण करते हुए थाना खतौली पुलिस ने 01 अभियुक्त को किया गिरफ्तार, लगभग 50 लाख रुपये की फार्चयूनर गाडी व कुल 13 लाख 63 हजार रुपये नगद किये बरामद। वादी अपनी फार्चयूनर गाडी से दिल्ली जा रहे थे, रास्ते में खाना खाने के दौरान ड्राइवर गाडी व गाडी में रखे 13 लाख 65 हजार रुपये लेकर भाग गया था। अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन मेरठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी खतौली एवं थाना प्रभारी खतौली के कुशल नेतृत्व में थाना खतौली पुलिस द्वारा की गयी कार्यवाही। 05 अगस्त को वादी आयुष जैन पुत्र विनय जैन निवासी सविता विहार शकरपुर पूर्वी, दिल्ली द्वारा थाना खतौली पर तहरीर देकर अवगत कराया कि वह अपने चाचा के साथ कलेक्शन के कुल 13 लाख 65 हजार रुपये लेकर अपनी गाडी फार्चयूनर न0 डीएल 07 सी डब्लू 9600 से अपने घर दिल्ली जा रहे थे। गाडी को ड्राईवर प्रेम उर्फ परमेश्वर यादव चला रहा था। रास्ते में खतौली बाईपास पर एसवी पंजाबी ढाबा पर खाना खाने के लिए हम लोग रुके तथा ड्राइवर को भी खाना खाने के लिए बुलाया परन्तु वह नही आया कुछ देर बाद ड्राइवर गाडी लेकर भाग गया जिसमें रुपये भी थे। आवेदक द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर थाना खतौली पर तत्काल मामला पंजीकृत किया गया तथा अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी व बरामदगी हेतु उच्चाधिकारीगण द्वारा पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा सीसीटीवी कैमरों व सर्विलांस की मदद से अभियुक्त को गाडी मय रुपयों के साथ गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त द्वारा घटना किये जाना स्वीकार किया गया है, अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। अभियुक्त की गिरफ्तारी व बरामदगी के संबंध में थाना खतौली पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तगण प्रेम उर्फ परमेश्वर यादव पुत्र उपेन्द्र यादव निवासी ग्राम ब्रहमपुर तोले किसनिपटी थाना फुलसपरास जिला मधुबनी बिहार हाल निवासी कडकडडूमा थाना आन्नद विहार दिल्ली ।

 

नन्ही मुन्नी बहनों ने बांधी एसएसपी को राखी
मुजफ्फरनगर। नन्हीं-मुन्नी बहनों द्वारा बाँधी गयी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर को राखी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सुरक्षा का आश्वासन देते हुए उज्ज्वल भविष्य हेतु दिया आशीर्वाद। रक्षाबंधन पर्व 2025 के उपलक्ष्य में एसडी पब्लिक स्कूल की छात्राओं द्वारा पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए तिलक लगाकर राखी बाँधी गयी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा नन्हीं-मुन्नी बहनों का आभार प्रकट करते हुए उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया गया तथा छात्राओं को उपहार भी भेंट किए गए, बालिका सुरक्षा सम्बन्धी जानकारी देते हुए आवश्यक हेल्पलाईन नम्बरों से अवगत कराया इसके साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त छात्राओं को जीवन में कठिन परिश्रम कर अपना लक्ष्य प्राप्त करने हेतु उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु आशीर्वाद दिया गया। इस दौरान उपरोक्त स्कूल के अध्यापकगण/स्टॉफ उपस्थित रहे।

 

सीओ सिटी से की शिष्टाचार भेट
मुजफ्फरनगर। शिवसेना के एक प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी राजू कुमार राव से की शिष्टाचार मुलाकात एवं कावड़ यात्रा में जिस तरह मेहनत लगन से अपनी ड्यूटी निभाई एवं ड्यूटी के दौरान वायरल हुई लाडली बिटिया को गोद लेकर ड्यूटी निभाना का यादगार फोटो भेट किया। इस दौरान मुख्य रूप से शिवसेना मंडल अध्यक्ष लोकेश सैनी, मंडल उपाध्यक्ष गौतम कुमार, पुष्पेंद्र सैनी, हिंदू नेता अखिलेश शर्मा ,युवा जिला अध्यक्ष शैंकी शर्मा, जिला महासचिव आशीष शर्मा ,नगर उपाध्यक्ष डॉ सचिन कुमार, गोपी वर्मा आदि मौजूद रहे।

 

नशामुक्त जीवन अपनाने का दिया प्रेरक संदेश
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। अमित विहार स्थित शिव मंदिर में श्री हनुमंत महाराज की दिव्य आरती और हनुमान चालीसा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के अध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय संत महासभा के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने ओजस्वी उद्बोधन में उन्होंने युवाओं से संस्कार और सनातन संस्कृति की ओर लौटने का आह्वान किया। इस दौरान क्षेत्र के पिछड़ेपन को लेकर लोगों ने उनके सामने अपनी शिकायत रखी और क्षेत्र का विकास कराने के लिए सहयोग मांगा।कार्यक्रम में मनीष चौधरी ने कहा कि युवाओं को अपने जीवन में नैतिक मूल्यों और संस्कृति को स्थान देना होगा। यही समाज, देश और धर्म की रक्षा के साथ-साथ इनके उत्थान में भी अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया और कहा कि युवा अगर सही दिशा में कदम बढ़ाएं, तो हर परिवर्तन संभव है। कार्यक्रम का माहौल भक्तिमय रहा, जहां भक्तों ने भजन-कीर्तन के माध्यम से श्री हनुमंत महाराज का गुणगान किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, इनमें छोटे-छोटे बच्चोंने कंठस्ट हनुमान चालीसा सुनाकर प्रभावित किया। उन्होंने बच्चों को संस्कृति और धर्म से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन कर पर पुजारी के प्रयास की सराहना की। यहां मुख्य अतिथि मनीष चौधरी के समक्ष मंदिर के मुख्य पुजारी संजय तिवारी और क्षेत्र के लोगों ने पिछड़ेपन और समस्याओं को रखा। मंदिर तक जाने वाले कच्चे रास्ते के निर्माण, जल निकासी पर चर्चा हुई। मनीष चौधरी ने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि प्रशासन के साथ ही जनप्रतिनिधियों ने इस क्षेत्र की समस्याओं को अनदेखा किया है। उन्होंने डीएम से क्षेत्र का निरीक्षण कराकर जनसमस्याओं का निस्तारण करने की मांग करते हुए कहा कि कच्ची गली होने के आवागमन दूभर रहता है। बारिश के दिनों में हाल ज्यादा खराब हैं। मंदिर प्रांगण में मुख्य पुजारी पंडित संजय तिवारी एवं अवध नारायण तिवारी ने विधिवत रूप से आरती का आयोजन संपन्न कराया। आयोजन के अंत में प्रसाद वितरण के साथ सभा का समापन हुआ। आयोजन में दीपक प्रजापति, नीतू कुमार प्रजापति, राजकुमार प्रिंसिपल समेत सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

 

अभिभावक शिक्षक सम्मेलन हुआ आयोजित
मुजफ्फरनगर। भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई मंडी मुजफ्फरनगर की प्रार्थना सभा स्थल पर अभिभावक शिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता जगबीर शर्मा (संभाग निरीक्षक,मेरठ संभाग) डॉक्टर वंदना शर्मा ,संदीप कुमार शर्मा (कार्यक्रम के अध्यक्ष अभिभावक) ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पार्चन के साथ किया, मंच संचालन (वरिष्ठ आचार्या) रितु गोयल के द्वारा किया गया। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति, परीक्षा परिणाम, अनुशासन, संस्कृति एवं सह शैक्षिक गतिविधियों आदि के संबंध में अभिभावकों से संवाद स्थापित कर उत्पन्न होने वाली समस्याओं का निवारण किया गया। मुख्य वक्ता जगबीर शर्मा जी ने बच्चों के लालन पोषण हेतु विशेष बिंदु बताएं, ( विद्यार्थी पंच लक्षण) कौवे जैसी चेष्टा, बगुले जैसा ध्यान ,कुत्ते जैसी नींद, व ब्रह्मचर्य का पालन, सात्विक भोजन और मोबाइल से दूरी,व बच्चों के पालन पोषण के लिए वैज्ञानिक तथा मनोवैज्ञानिक विधियों पर जोर देते हुए बच्चों के साथ मित्रता पूर्ण व्यवहार रखने की सीख दी। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या डॉक्टर वन्दना शर्मा ने सम्मेलन में आने वाले सुझाव पर संबोधन करते हुए कहा की विद्यालय और अभिभावकों के बीच नियमित रूप से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार का सम्मेलन होना अत्यंत आवश्यक है। जिससे बच्चों की शिक्षा और व्यवहार को बेहतर किया जा सके। सम्मेलन में अभिभावकों ने भी विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था अनुशासन एवं गतिविधियों की सराहना की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में समस्त शिक्षकों कर्मचारियों एवं छात्राओं की सक्रिय भूमिका रही।

 

बरसात से बदला मौसम का मिजाज
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।। बीती रात हुई बरसात से मौसम खुशगवार हो गया। गर्मी कम होने से लोगों ने राहत महसूस की। बीते दो दिन से हो रही उमसभरी गर्मी के बीच बीती रात हुई बरसात से मौसम खुशगवार हो गया। लगभग पूरी रात चली बरसात से गर्मी कम होने के साथ मौसम खुशगवार हो गया। जिसके चलते आज गर्मी कम होने के कारण बाजार मे अच्छी-खासी रौनक रही। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि गर्मी का असर उनके कामकाज पर भी पडता है। जिस दिन ज्यादा गर्मी होती है। उस दिन दुकानदारी पर इसका विपरीत प्रभाव पडता है। अर्थात दुकानदारी कम ही हो पाती है।

 

हादसे में हुआ घायल
मुजफ्फरनगर। कार की चपेट मे आकर बाईक सवार युवक घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया। सूत्रों के अनुसार नगर के मौहल्ला सुथराशाही निवासी साजिद पुत्र अलताफ अपने चचेरे भाई इकराम के साथ बाईक द्वारा बुढाना मोड से वापिस लौट रहा था। कि नये गांव के समीप कार की चपेट मे आकर बाईक सवार साजिद घायल हो गया। जिसे राहगीरों ने उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया तथा हादसे की सूचना परिजनो को दी।

 

स्कूटी फिसलने से घायल
मुजफ्फरनगर। स्कूटी फिसलने से एक युवक घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार मंसूरपुर के गांव जौहरा निवासी मनोज मेरठ रोड पर स्कूटी फिसलने से घायल हो गया। हादसे मे घायल युवक को मिल मन्सूरपुर बाजार के दुकानदारों ने उपचार के लिए बेगराजपुर स्थित मैडिकल कॉलेज भिजवाया तथा परिजनों को हादसे की सूचना दी।

 

साइबर क्राइम जागरूकता पर कार्यशाला का आयोजन किया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में आज जिला पंचायत सभागार में सीएफओ अनुराग कुमार, प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना सुल्तान सिंह एवं उपनिरीक्षक गौरव चौहान साइबर क्राइम थाना के द्वारा जनपद के समस्त राजकीय विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण के साथ साइबर क्राइम जागरूकता पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान फेक न्यूज और साइबर अपराध के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस के अभियान में डिजिटल वारियर के रूप में युवाओं और सोशल मीडिया इनफ्लंसर्स की भागीदारी के संबंध में जानकारी देकर व्यापक रूप से प्रचार प्रसार करने हेतु जागरूक किया गया।

 

मुजफ्फरनगर के युवक की मेरठ में गला रेतकर नृशंस हत्याMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। मेरठ के सरधना क्षेत्र में एक कार से युवक का गला रेतकर किया गया शव मिलने की घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। मृतक की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी के रूप में हुई है, जबकि घटनास्थल पर घायल मिला। हत्या की इस वारदात में लूट की कहानी को शामिल करने वाले कार चालक को पुलिस के शक संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। इस हत्याकांड में पुलिस की पहली जांच ने किसी गहरी साजिश की ओर इशारा किया। मेरठ जनपद के सरधना थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक कार से मुजफ्फरनगर निवासी युवक का गला कटा शव बरामद हुआ, जबकि कार चालक भी घायल था। मृतक की पहचान मुजफ्फरनगर जनपद के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की बचन सिंह कॉलोनी निवासी अंसल कुमार (24) के रूप में हुई है। घटना के समय कार में मौजूद चालक सावन निवासी गांव सीमली थाना शाहपुर मुजफ्फरनगर घायल अवस्था में मिला, जिसे पुलिस ने संदेह के आधार पर हिरासत में ले लिया है। यह घटना चौधरी चरण सिंह गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर कपसाड़ गांव के पास रात करीब 1 बजे की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अंसल और उसका चालक सावन किसी कार्य से कार द्वारा मुजफ्फरनगर से गाजियाबाद जा रहे थे। इसी दौरान वारदात हुई। ग्रामीणों को उनकी कार सड़क किनारे खड़ी मिली, जिसमें अंसल का शव खून से लथपथ हालत में था। उसकी गर्दन पर चाकू से किए गए कई घातक वार के निशान थे। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सरधना सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंसल को मृत घोषित कर दिया। हिरासत में लिए गए चालक सावन ने पुलिस को बताया कि रास्ते में एक अज्ञात युवक ने लिफ्ट मांगी थी। लिफ्ट देने के बाद उसी ने अचानक चाकू से दोनों पर हमला कर दिया। सावन का दावा है कि हमलावर लूट की नीयत से आया था और विरोध करने पर अंसल की हत्या कर दी गई, जबकि वह स्वयं घायल हो गया। एसएचओ सरधना श्याम प्रताप सिंह ने बताया कि इस हत्याकांड में पुलिस को चालक की कहानी पर संदेह है। प्रारंभिक जांच में सावन की चोटें सतही पाई गईं, जबकि अंसल पर कई बार जानलेवा वार किए गए प्रतीत होते हैं। घटनास्थल से संघर्ष के कोई स्पष्ट संकेत या तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी के पुख्ता सबूत भी नहीं मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि यह मामला लूट नहीं, बल्कि आपसी रंजिश या निजी विवाद का परिणाम हो सकता है। मेरठ पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया और सीसीटीवी फुटेज व कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने भी अंसल की हत्या में गहरी साजिश के आरोप लगाये हैं। बुधवार सुबह सरधना पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21221 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

thirteen + three =