News
खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

 समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी जिलाध्यक्ष की लोकेंद्र कुमार को मिली जिम्मेदारी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । समाजवादी पार्टी में लगातार कार्यक्रम व पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय सपा नेता लोकेंद्र कुमार सिमरथी को उनकी सक्रियता को देखते हुए संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष ज़िया चैधरी की संस्तुति व समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुमार जाटव ने लोकेंद्र कुमार सिमरथी को समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी मुजफ्फरनगर का जिलाध्यक्ष मनोनीत करते हुए मजबूत जिला कार्यकारिणी गठन का निर्देश दिया है। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में सपा नेता लोकेंद्र कुमार सिमरथी को जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी ज़िया चैधरी व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी जिलाध्यक्ष का मनोनयन पत्र सौंपते हुए कहा कि उनकी सक्रियता से समाजवादी पार्टी को पीडीए समाज में मजबूती मिलेगी। समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव सोमपाल सिंह कोरी, समाजवादी पार्टी जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन, समाजवादी पार्टी जिला उपाध्यक्ष रविकांत त्यागी,समाजवादी पार्टी जिला सचिव चैधरी यशपाल सिंह,समाजवादी महिला विधानसभा अध्यक्ष खतौली सत्यदेव शर्मा, समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रदेश सचिव सुमित पंवार बारी,सपा नेता मीर हसन,विक्की कुमार, मुकेंद्र कुमार,ओम कुमार, बिजेंद्र सिंह,मोनू कुमार सहित अन्य सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

बाढ़ स्टेयरिंग ग्रुप की बैठक मे संभावित बाढ की तैयारियों पर चर्चा
प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 98 आपदा मित्रो की सेवा लेगा राजस्व विभाग
सभी नालों व नालियों की होगी सफाई, दिये गये कडे निर्देश
अधिकारियो की विभागवार तय हुई जिम्मेदारियांMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।संभावित बाढ की तैयारियों की समीक्षा के लिये जनपद स्तर पर गठित बाढ स्टेयरिंग ग्रुप की बैठक कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला पंचायत सभागार में आयोजित की गयी। बैठक मे जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, व अपर जिलाधिकारी वित एवं राजस्व गजेन्द्र कुमार ने बाढ़ की कार्य योजना के मद्देेनजर संवेदनशील क्षेत्रों में बाढ चैकियां, आश्रय स्थलों, बन्धों एवं बाढ के दौरान फैलने वाली संक्रामक बीमारियों की रोकथाम की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक मे मौजूद विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गयी। जिसके तहत स्पष्ट किया गया कि कोई जान व माल की हानि न होने पाये। बैठक मे जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि यदि बाढ आती है तो इससे निपटने की पूरी तैयारी समय से हो जाये। तहसीलो मेे उप जिलाधिकारी की जिम्मेदारी होगी कि वें अपने-अपने तहसीलो मे बाढ़ से पूर्व तैयारी के दृष्टिगत किये जा रहे प्रबन्धो एवं आवश्यक व्यवस्थाओ का स्थलीय निरीक्षण समयान्तर्गत कर लें। नगर पालिका/नगर पंचायत एवं अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के नालों व नालियों  की सफाई का महत्वपूर्ण कार्य समय से पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया जिससे सम्भावित बाढ़ के दौरान जलप्लावन की स्थिति न बने। उन्होनें कहा कि बाढ़ आते ही राहत सामग्री वितरित की जाये, इस कार्य मे किसी की प्रकार की शिथिलता न की जाये। अधिशासी अभियन्ता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया है कि सम्भावित बाढ क्षेत्र में आने वाली सडकों आदि का भी प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कराया जाये।  अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेन्द्र कुमार ने कहा कि जिले मे 98 आपदा मित्रो का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है इन की आवश्यकतानुसार तैनाती कर ली जाये। सभी एस0डी0एम0 अपने-अपने क्षेत्र मे गोताखोरों को सूचीबद्ध कर ले। तथा अस्थाई पम्पिंग सेट की सूची तैयार कर ली जाये।  मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को यह निर्देश दिया कि जिस तरह जनधन हानि के लिए हम तैयारी कर रहे है उसी तरह पशुओ की देखभाल हेतु समुचित तैयारी कर लिया जाये जैसे बाढ़ प्रभावित ग्रामो मे पशुओे के लिए वैक्सिनेशन का कार्य, चारे की व्यवस्था  आदि। शिक्षा विभाग के स्कूलो मे जा कर बच्चो को बाढ़, भूकम्प, आग आदि आपदाओ के दौरान क्या करे, क्या ना करे के बारे मे विस्तार से बताया जाये, जिससे कि बच्चे किसी भी आपदा से भयभीत न हो एवं अपना बचाव कर सके।
 बैठक मे एस0डी0एम0 सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, मुख्य अग्नि शमन अधिकारी अनुराग कुमार, डी0आर0डी0ए0 के पी0डी0 दिग्विजय नाथ, सी0डी0पी0ओ0 संतोष कुमार शर्मा, बी0डी0ओ0 अक्सीर खान, सिचाई विभाग के अभियंता अनस अली खान, पी0डब्लू0डी0 के अधिशासी अभियन्ता एस0 के0 तेवतिया, सी0वी0ओ0 डा0 जितेन्द्र गुप्ता, राहत सहायक नासिर हुसैन, आदि उपस्थित रहे।

 

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने ली मीटिंगः लोक अदालत 9 मई को
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । डॉ० सत्येन्द्र कुमार चैधरी, सिविल जज (सी०डि०) / सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरनगर के द्वारा जिला मुजफ्फरनगर के समस्त बैंक मैनेजर की मीटिंग आहुत की गयी जिसमें आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांकित 09.05.2026 में ऋण संबंधित मामलो को अधिक से अधिक संख्या में निस्तारण करने हेतु आदेशित किया गया है, मानननीय जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफफरनगर के निर्देशानुसार दीवानी न्यायालय परिसर मुजफफरनगर में दिनांक 09.05.2026 दिन द्वितीय शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसके संबंध में डॉ० सत्येन्द्र कुमार चैधरी, सिविल जज (सी०डि०) / सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुज़फ्फरनगर द्वारा जनपद न्यायालय मुजफ्फरनगर के विडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम में एक बैठक आहुत की गयी डॉ० सत्येन्द्र कुमार चैधरी, सिविल जज (सी०डि०) / सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुजफफनगर द्वारा अवगत कराया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दिनांक 09.05.2026 दिन द्वितीय शनिवार, को दीवानी न्यायालय परिसर मुजफ्फरनगर, वाहूय न्यायालय बुढाना, ग्राम न्यायालय जानसठ, ग्राम न्यायालय खतौली तथा कलक्ट्रेट मुजफ्फरनगर में किया जायेगा। जिसमें आपराधिक, 138 एन० आई० एक्ट, बैंक रिकवरी, गोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिका, टेलीफोन, बिजली एवम् पानी के बिल. वैवाहिक वाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व चाद, तथा सिविल वादों का निस्तारण किया जायेगा। उक्त बैठक में डॉ० सत्येन्द्र कुमार चैधरी, सिविल जज (सी०डि०) / सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरनगर व जिला मुज़फ्फरनगर के समस्त बैंक मैनेजर उपस्थित रहे।

 

मंत्री कपिलदेव को सौंपा ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। महिला आरक्षण बिल पास ना होने के विरोध में हिन्द मजदूर किसान समिति से जुडी सैकडो महिलाओं ने प्रकाश चैक पर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम मंत्री कपिलदेव अग्रवाल को एक ज्ञापन सौंपा।
 हिन्द मजदूर किसान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष क्रान्तिगुरु श्री चन्द्रमोहन जी के सन्देश में समिति की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती मृदुला ने कहा कि संसद में जो महिला आरक्षण बिल पास नहीं हुआ हम सब के लिए ये बड़ा दुर्भाग्य पूर्ण रहा। हमारे देश में महिलाओं को आधी आबादी मानते हैं इसलिए महिलाओं को 33 प्रतिशत नहीं बल्कि पूरे 50 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए और महिला विरोधी सोच के लोग 33 प्रतिशत आरक्षण भी नहीं देना चाहते। हिंद मजदूर किसान समिति का महिला मोर्चा माननीय प्रधानमन्त्री जी से यह मांग करता है कि माननीय प्रधानमंत्री आप इस बिल को दोबारा लाएं और इसे पास कराएं। हम हिन्द मजदूर किसान समिति की महिला मोर्चा की सभी सदस्य आपके साथ हैं। महिला बिल का जिन्होंने विरोध किया है चुनाव में हम अपने वोट के द्वारा उनके प्रति रोष प्रकट करेंगे। आधी आबादी की वोट की शक्ति अभी इन नेताओं को पता नहीं है। क्योंकि हम महिलाएं इस देश की आधी आबादी हैं इसलिए हमें आरक्षण भी आधा मिलना चाहिए यदि ऐसा नहीं होता है तो हम हिन्द मजदूर किसान समिति की महिला मोर्चा भविष्य में हर एक जिला मुख्यालय पर हजारों महिलाएं एकत्रित होकर अपनी मांग रखेंगी और अन्य भी महिलाओं को जागरूक करेंगी कि वोट उसी को दी जाए जो महिला आरक्षण के पक्ष में हो। इस अवसर पर श्रीमती मोनिका, श्रीमती पंकज, श्रीमती बबीता, श्रीमती प्रतिमा, श्रीमती अलका, श्रीमती नेहा, श्रीमती राजबीरी इत्यादि का सहयोग रहा।

 

फरियादियों की सुनी समस्याएं
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।शासन द्वारा निर्गत आदेशों-निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान जन शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना गया तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया। शासन द्वारा निर्गत आदेशों-निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा द्वारा पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान जन शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया। इसके साथ ही महिला अपराधों से सम्बन्धित शिकायतों को गम्भीरतापूर्वक लेते हुए तत्काल श्क्विक रिस्पांस टीम (महिला विंग) को मौके पर भेजा गया।

 

जाम की समस्या से नागरिक परेशान
मुजफ्फरनगर। तेज गर्मी के बीच शहर के झांसी की रानी, कोर्ट रोड पर लगे जाम ने राहगीरों और वाहन चालकों को खूब परेशान कर दिया। दोपहर के समय ट्रैफिक जाम की चपेट में आकर वाहन स्वामी लंबी लाइनों में फंस गए। काफी देर तक निकलने का इंतजार करते रहे लोग। पसीने से तर-बतर होकर लोग अपने गंतव्य की ओर बढ़ने को बेताब नजर आए।  एक दुकानदार ने बताया, रोजाना यह समस्या हो रही है, फिर भी कोई सुधार नहीं। वहीं, स्कूली बच्चे भी जाम में फंसकर थक चुके थे।

 

कान्हा गौशाला का किया निरीक्षण
मीरांपुर। पशु चिकित्सा अधिकारी मीरापुर  द्वारा कान्हा गोशाला ,मीरापुर का निरीक्षण किया गया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी महोदय डॉ० जितेन्द्र गुप्ता के कुशल निर्देशन में डॉक्टर अजय कुमार पशु चिकित्सा अधिकारी मीरापुर  द्वारा कान्हा गोशाला ,मीरापुर का निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान  सभी गोवंश स्वस्थ्य पाये गए । गौआश्रय स्थल पर पर्याप्त मात्रा में भूसा ,स्वच्छ पेयजल व हरा चारा उपलब्ध मिला। गौवंशों को नियमित रूप से हरा चारा,खल चोकर देने एवं साफ सफाई करने हेतु निर्देशित किया गया केयरटेकर उपस्थित मिले!

 

प्रचंड गर्मी ने पकडनी शुरू की रफ्तार
मुजफ्फरनगर।   अक्सर जून के महीने मे जबरदस्त गर्मी होती है। परन्तु पर्यावरण मे हो रहे परिवर्तन और पर्यावरण असंतुलन का असर मौसम पर देखने को मिल रहा है। अप्रैल के महीने मे हो रही गर्मी से हर कोई बेहाल है। गर्मी का आलम यह है कि अभी से दोपहर मे सडकें सूनी-सूनी सी नजर आने लगी हैं। दुकानदारों का कहना है कि गर्मी का असर उनके कामकाज पर पड रहा है। अर्थात दोपहर के वक्त गर्मी के कारण बाजार मे मन्दी है। बहुत कम ग्राहक दोपहर मे अपने घर से बाहर निकलते हैं। दुकानदारी सुबह शाम की रह गई है। दोपहर मे लगभग सभी बाजारो मे काम की मन्दी है। गर्मी से पशु-पक्षी भी परेशान हैं जो धूप से बचने के लिए छांव की तलाश मे इधर-उधर भटकते रहते हैं। गर्मी के कारण दोपहर मे बाजार मे काम कम होने से दिन मे रौनक गायब है। दिन प्रतिदिन बढती गर्मी के दृष्टिगत स्वास्थ्य विभाग ने जनहित मे एडवाइजरी भी जारी की है कि दोपहर के वक्त अपने घर पर ही रहे। बच्चे व बुजुर्ग धूप से बचें। यदि कोई जरूरी कार्य हो तभी घर से बाहर निकलें। अन्यथा दोपहर मे घर पर ही आराम करें। क्योंकि सम्भवतः आने वाले समय मे गर्मी और अधिक बढेगी। अतः गर्मी से बचकर रहें। सूती वस्त्र पहनें, अधिक से अधिक पानी पियें,सादा व सुपाच्य भोजन लें जो जल्द हजम हो सके।

 

योगासन स्पोट्र्स चैंपियनशिप आयोजित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । एस.डी. ग्लोबल स्कूल, जानसठ रोड में डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोट्र्स एसोसिएशन मुजफ्फरनगर के तत्वावधान में जिला स्तरीय योगासन स्पोट्र्स चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद भर से विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों के प्रतिभागी खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर डॉ. ब्रह्म सिंह तोमर, आचार्य वेद आर्य, श्री योगेश्वर आर्य दयाल, श्री जी.एस. राणा, श्री कांति राठी, श्री महेश बालियान, श्री ऋषि पाल एवं श्री देवराज पंवार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। प्रतियोगिता में सब जूनियर, जूनियर, सीनियर एवं विभिन्न आयु वर्गों में बालक एवं बालिकाओं ने पारंपरिक योगासन, आर्टिस्टिक योगासन सिंगल, आर्टिस्टिक योगासन पेयर एवं रिदमिक योगासन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने अनुशासन, संतुलन, लचीलापन एवं आत्मविश्वास का उत्कृष्ट परिचय दिया। आर्टिस्टिक सिंगल सब जूनियर गल्र्स वर्ग में अंशिका भारती ने प्रथम, नित्या डबराल ने द्वितीय तथा परी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आर्टिस्टिक सिंगल जूनियर वर्ग में उर्विका ने प्रथम, काव्या पाल ने द्वितीय तथा अंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आर्टिस्टिक सीनियर गल्र्स वर्ग में सावरनी शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ट्रेडिशनल सब जूनियर गल्र्स वर्ग में वार्तिका एवं चित्रांशी ने प्रथम, नित्या डबराल एवं रीत कौर ने द्वितीय तथा साची एवं परी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ट्रेडिशनल सब जूनियर बॉयज वर्ग में अंशी ने प्रथम, कृष्णा ने द्वितीय तथा देवांश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ट्रेडिशनल जूनियर बॉयज वर्ग में वासुदेव ने प्रथम, कार्तिक ने द्वितीय तथा अक्षित पाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ट्रेडिशनल जूनियर गल्र्स वर्ग में उर्विका ने प्रथम, काव्या पाल ने द्वितीय तथा अंशिका शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ट्रेडिशनल सीनियर बॉयज वर्ग में ध्रुव गर्ग ने प्रथम, गौतम ने द्वितीय तथा प्रफुल्ल कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ट्रेडिशनल सीनियर गल्र्स वर्ग में विदुषी ने प्रथम तथा प्रगति ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर-ए बॉयज वर्ग में पॉपिन सिंह ने प्रथम तथा दिवाकर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर-बी बॉयज वर्ग में रविकांत पाल ने प्रथम, सचिन कुमार ने द्वितीय तथा प्रवीण कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर-सी गल्र्स वर्ग में चारुल सिंघल ने प्रथम तथा श्रीमती प्रीति शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में डी.वाई.एस.ए. की सेक्रेटरी अर्चना सिंह, कॉम्पिटिशन डायरेक्टर अपर्णा जी, मुकुल दुआ, रिया शर्मा, आशीष चिकारा एवं शुभम कंसल का विशेष सहयोग रहा। समापन समारोह में  देवराज पंवार ने अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अंत में सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।

 

नीलगाय का बच्चा कुत्तों के हमले से घायल
चरथावल। आवारा कुत्तों के झुंड ने एक नीलगाय के बच्चे पर विकासखंड स्थित पिपलशाह गांव में हमला कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए भागते हुए नीलगाय का बच्चा गांव के धर्मपाल शर्मा के आवास परिसर में घुस गया, जहां वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। हमले में नीलगाय का बच्चा बुरी तरह चोटिल हो गया और दर्द से तड़पता दिखा। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने कुत्तों को वहां से भगाया और घायल पशु को सुरक्षित स्थान पर रखने का प्रयास किया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस मामले की सूचना भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता विकास शर्मा को दी गई। सूचना मिलते ही विकास शर्मा मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम का जायजा लिया। उन्होंने इसे एक वन्य जीव पर हुआ गंभीर हमला बताया। विकास शर्मा ने तत्काल वन विभाग के उच्च अधिकारियों से फोन पर संपर्क किया। उन्होंने मांग की कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचे और घायल नीलगाय के बच्चे का तुरंत उपचार करे। उन्होंने उसे वन्यजीव संरक्षण केंद्र या चिकित्सालय में स्थानांतरित करने की भी अपील की ताकि उसकी जान बचाई जा सके।  उन्होंने नगर पंचायत और संबंधित विभागों से आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान करने की मांग की। वन विभाग के कर्मचारी हरबीर सिंह ने बताया कि घायल बच्चे का उपचार कराया जा रहा है। गांव में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।

 

 गीता पाठ का आयोजन
मुजफ्फरनगर। श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के महामंत्री अतुल गर्ग ने बताया कि गीतापाठ परिवार के सदस्यो ने प्राचीन श्री शिव मन्दिर उत्तरी सिविल लाइन्स मे मार्कण्डेय पुराण कथा के तीसरे दिन अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर कथाव्यास कृष्णानन्द जी महाराज को शाॅल ओढ़ाकर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। तत्पश्चात ओम नमो भगवते वासुदेवाय महामंत्र का जाप एवं अष्टादश श्लोकी गीता पाठ का आयोजन भी किया गया। मार्कण्डेय पुराण कथा के साथ गीतापाठ का भावपूर्वक पाठ करके समस्त श्रद्धालुजन भक्तिभाव मे ओत-प्रोत हो गये। रामबीर सिंह द्वारा घर-घर  गीता,हर घर गीता अभियान के निमित्त  कथा के यजमान कुलदीप मित्तल जी एवं उपस्थित सभी श्रद्धालुजनो को अष्टादश श्लोकी गीतापाठ की प्रति भी भेंट की ।कथा मे भारी संख्या मे सम्मानित जन एवं मातृशक्ति सम्मिलित हुए। कथा व्यास पण्डित कृष्णानंद जी  द्वारा कथा के तीसरे दिन के प्रसंग को सभी उपस्थित श्रद्धालुओ ने बहुत श्रद्धाभाव से सुना। कथा एवं गीतापाठ मे श्रीकृष्ण कृपा परिवार के अतुल गर्ग,रामबीर सिंह, सुभाष गर्ग, विपिन गुप्ता, विमल प्रताप सिंह , नमन, पं संजय मिश्रा , पं0 आशुतोष मिश्रा, मिनाक्षी गर्ग , राधा मिश्रा, तारा सिंह, अवी सिंह, रोजी मलिक, शिवांगी मलिक, गीता बहन, अनीता,सुधीर,ज्योति,जाह्नवी, रितु शर्मा,रेखा तायल, सुभाष गर्ग, मोहिनी,कमल गुप्ता, पिंकी, महिमा,मीनू, मोहिनी गुप्ता, अलका गोयल, पूनम अरोरा, मधु शर्मा, संजय मिश्रा, पण्डित कृष्णानन्द जी, अजय , कल्पना, राजकुमारी, गरिमा,सोनू  एवं महिला मैत्रीमण्डल, स्थानीय कॉलोनी निवासीगण,   काफी संख्या मे सनातन प्रेमी श्रद्धालुओं ने भाग लिया।अन्त मे कार्यक्रम के विश्राम पर सभी उपस्थित श्रोताओ को प्रसाद वितरण किया गया।

 

मानव श्रृंखला बनाकर निकाली पदयात्रा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 पर एक जागरूकता कार्यक्रम  प्रह्लाद सिंह मेमोरियल डिग्री कॉलेज खतौली में सोमवार को आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और समान भागीदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम के तहत छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाई और एक पदयात्रा निकाली। इस पदयात्रा में छात्राओं ने महाविद्यालय से मुख्य मार्गों तक मार्च किया और नारी सम्मान देश का अभिमान, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य ने किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विकास कुमार पुंडीर के निर्देशन में स्वयंसेविकाओं को नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 के प्रावधानों और महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। डॉ. पुंडीर ने बताया कि यह अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में उचित स्थान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता निभाई। शिक्षकों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नारी सशक्तिकरण के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है, और ऐसे कार्यक्रम सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेविकाओं ने समाज में नारी सम्मान, समान अवसर, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विकास कुमार पुंडीर ने सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की और सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।

 

रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन
चरथावल।  ठाकुरद्वारा मंदिर प्रांगण स्थित आर्य कन्या इंटर कॉलेज के नए हॉल में स्व. श्रीमती अनुहरदेईया त्यागी की पांचवीं पुण्यतिथि पर एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के युवाओं और समाजसेवियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाता पहुंचे। रक्तदान से पहले सभी दाताओं की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसके बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया। पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया। इस आयोजन में मिशन वंदेमातरम् द ट्रस्ट और ब्लड बैंक टीम ने सहयोग किया। आयोजकों ने बताया कि एक यूनिट रक्त तीन जिंदगियां बचा सकता है, इसलिए सभी को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी दाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शोभित त्यागी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने इस सामाजिक पहल की सराहना की।

 

चोरी की बाइक सहित दबोचाMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।थाना सिविल लाइन पुलिस ने अपनी मुस्तैदी का परिचय देते हुए वाहन चोरी की एक वारदात का महज 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने न केवल चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की, बल्कि आरोपी को भी दबोच लिया है। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र के वाहन चोरों में हड़कंप व्याप्त है। घटनाक्रम के अनुसार, खालापार निवासी मोनिस पुत्र नवाब ने थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल मीनाक्षी चैक स्थित मगबूल होटल के पास से चोरी हो गई है। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश के लिए जाल बिछाया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच तेज की और मुखबिर की सटीक सूचना पर माल रोड क्षेत्र से घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान निवासी बैगराजपुर, थाना मंसूरपुर के रूप में हुई। आरोपी के पास से मोनिस की चोरी हुई वही स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किसी बड़े अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का हिस्सा तो नहीं है। उसके साथियों और चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने वाले ठिकानों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की इस मुस्तैदी की स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशंसा की है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया है।

 

भगवान परशुराम हमारी संस्कृति के आधार है: निर्वाल
 मोरना। तीर्थ नगरी शुकतीर्थ स्थित ब्राह्मण आश्रम में भगवान परशुराम का प्रकट दिवस बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान सुंदरकांड व भजन कीर्तन कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ। जिसके बाद भंडारे की आयोजन किया गया। समापन पर जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि भगवान परशुराम हमारी संस्कृति के आधार है अतः हम सब को भगवान परशुराम को अपने जीवन का आधार बनाना चाहिए। समारोह में भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अमित राठी ने कहा कि भगवान परशुराम महान ओजस्वी, तपस्वी, यशस्वी योगी महापुरुष हुए है। युवा एकता सेवा संगठन के संस्थापक आचार्य वागीश कौशिक ने भगवान परशुराम जी को भगवान विष्णु का छटा अवतार बताते हुए सर्व समाज का गौरव और शौर्य का प्रतीक बताया और उनकी पितृ भक्ति को विश्व में सर्वाेच्च बताया। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम संयोजक राष्ट्रीय गौसेवा संघ के राष्ट्रीय सचिव पंडित शुभम कौशिक, पूर्व चेयरमैन विनोद शर्मा, भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के रामकुमार शर्मा, मानव अधिकार संगठन के जिलाध्यक्ष मुकेश गौतम, रमनगिरी महाराज,  कथा वाचक अजय कृष्ण शास्त्री, आश्रम में मैनेजर प्रमोद सारस्वत, डा. संजू शर्मा, सचिन शर्मा मौजूद रहे।

 

दिव्यांगों के बनाये उत्पादों एवं चित्रों की प्रदर्शनी का होगा आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।। दीक्षा उपाध्याय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने जनपद के समस्त दिव्यांगजनों एवं स्वैच्छिक संगठनों को कहा है कि राज्य निधि के अन्तर्गत निम्नलिखित विषयों पर व्यय किये जाने का अनुमोदन प्राप्त हुआ है – उ०प्र० के दिव्यांगजन द्वारा बनाये गये चित्रों, हस्तकला आदि सहित उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनी एवं कार्यशालाओं हेतु धनराशि सहायता के रूप में उपलब्ध कराना।. उ०प्र० के दिव्यांगजन जिनका खेल/ललित कला/संगीत/नृत्य/ फिल्म/थिएटर/साहित्य जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन हो, उन्हें राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय आयोजनों में प्रतिभाग किये जाने एवं खेल आयोजन हेतु वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना। दैनिक जीवन के गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए बैच मार्क दिव्यांगता के व्यक्तियों को उच्च सहायता वाले उपकरण क्रय हेतु सहायता । उ० प्र० के दिव्यांगजन जो गम्भीर बीमारियों यथा-कैंसर, थैलीसीमिया, प्लास्टिक एनीमिया, बहुस्केलोरोसिस से ग्रसित हो अथवा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से आच्छादित न हो, को चिकित्सा हेतु वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना। दिव्यांगजनों की शिक्षा एवं पुनर्वास से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर सम्बद्ध हितधारकों को उन्मुखीकरण / प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु वित्तीय सहायतां। दिव्यांगजन हेतु संचालित विशेष विद्यालयों में गणित अथवा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी अथवा मनोवैज्ञानिक आदि प्रयोगशालाओं की स्थापना हेतु वित्तीय सहायता ।  दिव्यांगजन हेतु संचालित विशेष विद्यालयों में खेल सुविधाओं का विकास खेल उपकरण क्रय हेतु वित्तीय सहायता ।  दिव्यांगजनों के पुनर्वासन से सम्बन्धित सामाजिक, चिकित्सकीय, शैक्षिक एवं विधिक आदि विषयों पर राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय कार्यशाला के आयोजन हेतु वित्तीय सहायता। अतः जनपद के समस्त स्वैच्छिक संगठनों को सूचित किया जाता है कि उ०प्र० के दिव्यांगजन द्वारा बनाये गये चित्रों, हस्तकला आदि सहित उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनी एवं कार्यशालाओं का आयोजन राज्य निधि के अन्तर्गत करना चाहते हैं, वह तत्काल कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, विकास भवन, मुजफ्फरनगर से सम्पर्क कर सकते हैं।

 

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21343 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

sixteen + four =