वैश्विक

छह लोगों की हत्या से प्रयागराज में दहशत

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में रविवार को तीन अलग-अलग जगहों पर छह लोगों की हत्या से पूरे जिले में दहशत फैल गई। पहले धूमनगंज थाना क्षेत्र के चौफटका पुल के नीचे तीन लोगों की गोली मारकर हत्या करने की खबर आई। उसके बाद थरवई थाना के कोरारी गांव में एक दंपति की धारदार हथियार से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी गई। वहीं शहर के अल्लापुर में एक व्यक्ति को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया।एक के बाद एक वारदातों के बाद सोमवार को समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ट्वीट किया कि बिगड़ती कानून व्यवस्था से उत्तर प्रदेश अब हत्या प्रदेश बनता जा रहा है। क्या भाजपा यूपी की यही पहचान बनाना चाहती है? जब जनता को जान का भरोसा न हो तो फिर कैसा विकास और किस पर विश्वास?

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने सोमवार को ट्वीट कर कहा ‘उप्र में कानून का नहीं बल्कि गुण्डों, बदमाशों, माफियाओं आदि का जंगलराज चल रहा है, जिसकी वजह से अपराध चरम पर हैं तथा हत्याओं की तो बाढ़ आ गयी लगती है। हर कोई असुरक्षित महसूस कर रहा है, जो अति-दुःखद और अति-दुर्भाग्यपूर्ण है।’

 

धूमनगंज थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि धूमनगंज के चौफटका में गली में दीवार बनाने को लेकर हुए विवाद में कल चार लोगों को गोली मार दी गई थी। इनमें से दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।उन्होंने बताया कि 10 अभियुक्तों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई जिसमें से आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें मुख्य अभियुक्त बलवंत सिंह भी शामिल है। उसके पास से घटना में इस्तेमाल हथियार बरामद किए गए हैं और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा ने इस घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में धूमनगंज थाना के एसएसआई केडी सिंह को कल निलंबित कर दिया गया।

अल्लापुर में हुई हत्या पर पुलिस अधीक्षक (नगर) बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि उसके परिजनों ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। अभी तक की जांच में पता चला है कि सचिन की आरोपियों के साथ पुरानी रंजिश थी। आरोपी और मृतक सचिन के खिलाफ थाना जॉर्ज टाउन और अन्य थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि चार टीमें वांछितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत हैं।

थरवई थाना अंतर्गत कोरारी गांव में घटी घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक (गंगा पार) नरेंद्र कुमार ने बताया कि इसकी सूचना आज सुबह मिली। उन्होंने बताया कि कोरारी में अपने घर के बरामदे में सो रहे संतोष प्रजापति और उनकी पत्नी सीमा के सिर पर धारदार हथियार से प्रहार किया गया जिससे दोनों की मौत हो गई। प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

eighteen − eight =