समाचार (Muzaffarnagar News)
नशे के सौदागर को किया गिरफ्तार
मुज़फ्फरनगर। पुलिस अधीक्षक रेलवे मुरादाबाद अनुभाग अर्पणा गुप्ता के कुशल मार्ग निर्देशन में तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी गाजियाबाद सुदेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में थाना प्रभारी जीआरपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार एवं एस आई एम पी सिंह व उनकी टीम के द्वारा एक अत्यंत ही सराहनीय गुड वर्क को अंजाम दिया गया है।इस गुड वर्क में जीआरपी थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर नशे के कारोबार करने वाले को गिरफ्तार किया है जिसके पास बड़ी संख्या में अवैध नशे का जखीरा था। थाना प्रभारी जीआरपी रेलवे संजय कुमार ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि उप निरीक्षक महेंद्र पाल सिं, हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार, कोस्टेबल शिवम त्यागी, कॉन्स्टेबल योगेश कुमार द्वारा सुरक्षा कोविड-१९ को दृष्टिगत रखते हुए सघन चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म १ रेलवे स्टेशन पर एक अभियुक्त असलम पुत्र सज्जाद निवासी लखनोरी थाना देवरिया जनपद मुजफ्फरपुर बिहार हाल पता किशनपुरा सेक्टर १२/ २२ नोएडा जिला गौतम बुध नगर के पास से करीब १६ किलो गांजा बरामद किया है। पकड़े गये गांजे की कीमत करीब १६०००० बताई जा रही है। अगर देखा जाए तो यह जीआरपी थाना पुलिस का एक बड़ा एवं सराहनीय गुड वर्क ही कहा जाएगा।
सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया द्वारा 19 को लोकतंत्र बचाओ सम्मेलन
मुजफ्फरनगर। सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया द्वारा उत्तर प्रदेश लोकतंत्र बचाओ सम्मेलन का आयोजन १९ दिसंबर रविवार को होने जा रहा है। यह सम्मेलन सरवट में बझेडी फाटक के निकट मदीना चौक पर आयोजित होगा। उपरोक्त जानकारी एक पत्रकार वार्ता में देते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मोहम्मद कामिल ने बताया कि एक दिवसीय लोकतंत्र बचाओ रैली में सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी के बड़े नेता एमके फैज, मौलाना सज्जाद, लालमणि प्रसाद एवं अन्य बड़े नेता इस रैली में अपने अपने विचार प्रकट करेंगे। पार्टी का मानना है कि १९५२ में लोकतंत्र बहाली का पहला चुनाव देश में हुआ था। तब से लेकर आज तक आम जनता का इस्तेमाल वोटों के लिए किया गया। गरीब और गरीब होता जा रहा है और देश पूंजीपतियों के हाथ में चला गया। इन सब मुद्दों को लेकर पार्टी लोकतंत्र बचाओ सम्मेलन करने जा रही है। उन्होंने यह भी बताया के इस सम्मेलन को नगरपालिका प्रांगण नुमाइश ग्राउंड जीआईसी ग्राउंड में स्वीकृति देने की मांग की गई थी लेकिन अब इसकी स्वीकृति मदीना चौक की प्रदान की गई है। जहां से यह एक विशाल रैली के रूप में आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि आने वाले चुनावों की दृष्टिगत यह रैली एक मील का पत्थर साबित होगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीएम कामले, राष्ट्रीय महासचिव सीताराम कोहीवाल आदि ने भी अपने विचार प्रकट किए।
तहसील दिवस में सुनी समस्याएं
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी चन्द्र भूषण सिंह एवं एसएसपी अभिषेक यादव महोदय द्वारा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारीगण के साथ बुढाना तहसील में समाधान दिवस का आयोजन किया गया जिसके अन्तर्गत लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उनके तत्काल निस्तारण हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया।
छापेमारी के विरोध में प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के नेताओं के यहां तो रही ई डी द्वारा छापेमारी की कार्रवाई के विरोध में समाजवादी पार्टी की जिला इकाई द्वारा प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
मुजफ्फरनगर के समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रमोद त्यागी के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के नेताओं के ऊपर हो रही ईडी द्वारा छापेमारी की कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश भर में धरना प्रदर्शन किया गया। जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार मतदाताओं के रूख एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मिल रहे जनता के व्यापक समर्थन को देखकर डर गई है। जिसके चलते उत्तर प्रदेश की योगी सरकार एवं केंद्र की मोदी सरकार अपनी सत्ता का दुरुपयोग करते हुए सपा नेताओं पर फर्जी मुकदमे, उत्पीड़न, ईडी सहित अन्य सरकारी विभागों के द्वारा की जा रही छापेमारी के जरिए अलोकतांत्रिक रूप से २०२२ के विधानसभा चुनाव को प्रभावित करना चाहती है। समाजवादी पार्टी के नेताओं के हो रहे उत्पीड़न को लेकर राष्ट्रपति से कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पूर्व मंत्री उमा किरण, पूर्व मंत्री महेश बंसल, अलीम सिद्दीकी, गौरव जैन, जिला कोषाध्यक्ष सचिन अग्रवाल, सदर विधानसभा से राकेश शर्मा, मीडिया प्रभारी साजिद हस, न टीटू पाल, नगर महामंत्री शलभ गुप्ता, अब्दुल्ला राणा, शौकत अंसारी सूर्य प्रताप राणा, विजय बाटा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चोरी का प्रयास विफल
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन क्षेत्र में देर रात अज्ञात बदमाशों ने मदनी चौक पर दो दुकानों में नकब लगाकर चोरी का प्रयास किया। दीवार फाड्ने की आवाज पर आसपास के लोगों में जाग हो गई, जिस पर बदमाश मौके से फरार हो गए। सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि शामली रोड स्थित नया गांव निवासी आकाश वर्मा की कच्ची सड़क मदनी चौक पर मां लक्ष्मी ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। उसके बगल में महमूद नगर निवासी मोबीन की स्टाइल शूज के नाम से दुकान है। दोनो दुकानों के पीछे एक बंद कारखाना है। देर रात अज्ञात बदमाश कारखाने में घुसे और दोनों दुकानों की दीवार पीछे से फाड़ दी।
क्लासिक शूज की दीवार फाड़ते समय दीवार पर लगा बैटरा नीचे जा गिरा, जिससे तेज आवाज हुई। बैटरा फटने से तेजाब दुकान में फैल गया, जिससे हजारों रुपए कीमत के जूते खराब हो गए। उधर सराफ की दुकान में बदमाशों ने जिस स्थान पर दीवार फाड़ी वहां एक लोहे की बड़ी अलमारी लगी थी, जिसके चलते बदमाश दुकान में नहीं घुस पाए। बैट्रा फटने की आवाज पर मोहल्ले में जाग हो गई। मोहल्ले वासियों के शोर मचाने पर बदमाश मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया, लेकिन पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा। पुलिस ने इस संबंध में भी कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
समस्याओं को लेकर केंद्रीय मंत्री को दिया ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों ने कपडा और फुटवियर उद्योग के जीएसटी की अधिसूचना को वापिस लेने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री को सम्बोधित एक ज्ञापन केन्द्रीय मंत्री डा.संजीव बालियान को सौपा। संगठन के नगर अध्यक्षव अजय सिंघल,नगर कोषाध्यक्ष अनिल तायल व नगर महामंत्री प्रवीण खेडा आदि व्यापारी नेताओ के नेतृत्व में एकत्रित होकर एटूजेड कालोनी स्थित केन्द्रीय राज्यमंत्री डा.संजीव बालियान के आवास पर पहुंचे व्यापारी नेताओ ने एक ज्ञापन सौपा। ज्ञापन मे अवगत कराया गया कि रोटी,कपडा, मकान, शिक्षा और स्वास्थ्य मनुष्य की मूलभूत आवश्यक्ताए हैं। कृषि,स्वास्थ्य और शिक्षा पर कोई कर नही है और आवासीय घरों पर सरकार सब्सिडी प्रदान कर रही है और कर की दर भी बहुत कम है। कपडा और फुटवियर जो एक बुनियादी जरूरत के साथ सम्पूर्ण भारतवर्ष के लोगों को रोजगार दे रहा है। कपडा और फुटवियर गरीब व्यक्तियों के लिए एक मूलभूत आवश्यकता है ना ही वैभव बढाने की वस्तु है। यह कानून पूर्णतः अव्यवहारिक है। मेक इन इण्डिया और आत्मनिर्भर भारत की बात भी कमजोर होगी क्योंकि इससे निर्यात पर सीधा प्रतिकूल असर पडेगा वर्तमान समय पर वियतनाम, इंडोनेशिया, बंग्लादेश और चीन जैसे देशो की प्रतिस्पर्धा मे हम लोग सक्षम नही हो पाएगे। छोटे व्यापारियों की लागत बढेगी और रोजगार में भी कमी आएगी और जी.एस.टी.बढोतरी का सीधा असर उपभोक्ता पर होगा तथा मंहगाई ग्रामीण स्तर तक बढेगी।
बकाया भुगतान की मांग को लेकर सफाईकर्मियों ने किया विरोध प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। तीन माह का बकाया वेतन भुगतान किये जाने की मांग करते हुए शनिवार को सैंकड़ो सफाई कर्मियों ने नगर पालिका चेयरपर्सन अंजु अग्रवाल के आवास पर विरोध प्रदर्शन किया।
दो वर्ष पूर्व नगर पालिका स्वास्थ्य विभाग ने शहर के बाजार में सफाई कराने के लिए निजी क्षेत्र की कंपनी आरके कंस्ट्रक्शन के नाम ठेका छोड़ा था। आरोप है कि कंपनी ने वेतन पर निजी तौर से सफाई कर्मचारियों को नौकरी पर रखा था। लेकिन तीन माह के सफाई कार्य के बाद कंपनी अधिकारी फरार हो गए थे। जिसके बाद तीन माह के दौरान कंपनी के लिए शहर में सफाई कार्य करने वाले कर्मचारियों ने कई बार अपने वेतन की मांग उठाई। पालिका नगर स्वास्थ्य अधिकारी व ईओ की तहरीर पर शहर कोतवाली में कंपनी पदाधिकारियों के विरुद्ध धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा भी दर्ज किया गया था। पिछले एक वर्ष से गुरु वाल्मीकि के नेतृत्व में सफाई कर्मचारी तीन माह के वेतन के लिए नगर पालिका में हंगामा करते आ रहे हैं। कुछ माह पूर्व पालिका अधिकारियों व सफाई कर्मचारी नेता के बीच हुई समझौता वार्ता के बाद पालिका चेयरपर्सन अंजु अग्रवाल के आदेश पर बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया था। प्रस्ताव में निजी कंपनी के सफाई कर्मचारियों को तीन माह का वेतन दिये जाने की अनुमति शासन स्तर से मांगे जाने का जिक्र था। बोर्ड की अनुमति पर शासन को पत्र लिख दिया गया था। लेकिन अभी तक भुगतान के संबंध में शासन से पालिका को कोई अनुमति प्राप्त नहीं हुई।
चेयरपर्सन आवास पर सफाई कर्मचारियों के हंगामे की सूचना पर कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। इस दौरान हंगामा कर रहे सफाई कर्मचारियों ने चेयरपर्सन के आवास में घुसने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों में झड़प हो गई। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे कर्मियों को समझा बुझाकर शांत किया।
झंडा वितरण की शुरूआत
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार समाजवादी पार्टी का झंडा लगाओ अभियान के तहत गौरव जैन के द्वारा सदर विधानसभा क्षेत्र में कई स्थानों पर झंडा वितरण कर अभियान की शुरुआत की गयी व अनेकों कार्यकर्तागण व क्षेत्रवासियों ने गौरव जैन की प्रेरणा से अखिलेश यादव को अपना नेता स्वीकार करते हुए उत्साह के साथ अपने घर पर झंडा लगाने का कार्य किया, सपा नेता व सदर विधानसभा से टिकट मांग रहे गौरव जैन द्वारा सदर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओ के घरों पर झंडा लगाने हेतु सपा की टीम को झंडो के साथ रवाना करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी किसान, मजदूर, गरीब,छात्र, नोजवान, महिला, पिछड़ा व व्यापारी सहित सभी वर्गों की हक़ की बात करने वाली पार्टी है व समाजवादी सरकार बनने पर सभी के हित का ध्यान बराबरी के आधार पर रख जायेगा व आज की भाजपा सरकार के कुकर्मा से जो नुकसान समाज के प्रत्येक हिस्से को हुआ है उससे उबारने के लिए अखिलेश यादव के नेतृत्व में बनने वाली सरकार हर सम्भव प्रयास करेगी
कार्यक्रम में मो.नियाज,सदर विधानसभा अध्यक्ष सयुस,लवी गोयल नगर कोषाध्यक्ष सयुस,राशिद जैदी विधानसभा उपाध्यक्ष सयुस,नुसरत,नदीम,ज़ीशान, बदर,राहत अध्यक्ष सदर विधानसभा लो.वा., शमीम तिगरी, आदि साथीगण उपस्थित रहे
ठंड का सितम जारी
मुजफ्फरनगर। पिछले दो दिन से ठंड ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। बेशक दोपहर को धूप खिलने से थोड़ी राहत मिली हो लेकिन तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी आने से अब सुबह सुबह को शीत लहर चलने से इंसान ही नहीं पशु भी कांप उठे। पाला पड़ने का डर है जिससे ठिठुरन बढ़ सकती है। दिन छिपने से पहले लोग घरों में दुबकने लगे। लोग दोपहरी में धूप तथा सुबह और शाम को अलाव सेकते दिखे। ठंड की मार बेजुबान पशुओं पर भी पड़ रही है।
शीत लहर से ठंड़ का प्रकोप बढ गया है। दिन में भी लोग सर्द हवा के चलते ठिठुरते नजर आए। सुबह औार शाम में ठंड़ अत्यधिक बढ गई है। आम जनजीवन से लेकर बाजारों के खुलने तक का समय प्रभावित हो गया है।
सर्दी का प्रकोप तेजी से बढऩे लगा है। हालत यह है कि सर्द हवा ने सूरज की गर्मी को बेअसर कर दिया है।सुबह और शाम में सर्दी अधिक बनी हुई है।
सुबह के समय सड़के सुनसान दिखाई देती है। बाजार भी अब ११ बजे तक खुल पा रहे हैं। आम जनजीवन पूरी तरह ठंड़ में प्रभावित हो गया है। शाम को छह बजे के बाद बाजारों में भीड़ छटने लगी है। रात को आठ बजे तक बाजार बंद हो रहे हैं और सड़के खाली होनी शुरू हो गई है। सर्दी का असर हर तरफ दिखाई देने लगा है।
श्रद्धाजंलि अर्पित की
मुजफ्फरनगर। सांसद धर्मवीर सिंह त्यागी विचार मंच,मुजफ्फरनगर के तत्वाधान मे विचारमंच के सदस्यों द्वारा आज दोपहर के वक्त एक बैठक देव सत्कार स्थल,जिला अस्पताल के सामने रूडकी रोड,गाजावाली पर सम्पन्न हुई। जिसमें मुजफ्फरनगर मे दिवंगत दो बार सदस्य विधानसभा/लोकसभा सदस्य धर्मवीर सिंह त्यागी को उनकी 15 वीं पुन्यतिथि पर उनका स्मरण कर श्रृद्धांजलि अर्पित की गयी तथा उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए। इस अवसर पर नरेन्द्र त्यागी ने अपने सम्बोधन मे कहा कि सत्ता के नशे मे चूर इस भाजपा आम जन की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। विश्वभर मे नेहरू,गांधी, सरदार पटेल, अम्बेडकर, मौलाना अब्दुल कलाम आदि अनगिनत देशभक्तो बलिदानियो से मिली देश की आजादी को भाजपा रारकार आरएसएस के फार्मेसिस्ट एजेन्डे पर चलकर जनमानस को असहज करने पर तुली है। जनता की शक्ति का दुरूपयोग निर्लजता से करवाकर व मीडिया का पूरी तरह से बाजारीकरण करवाकर निरंतर, निराशा, पक्षपात करके सामाजिक सदभाव को अस्थिर करने के प्रयास मे दिनरात जुटी है। बैठक के दौरान नरेन्द्र कुमार त्यागी,नरेश चन्द त्यागी,अशोक शर्मा, जय कुमार, डा.विजय सिह पुण्डीर, महाविभूति त्यागी,बृजभूषण गर्ग, नरेन्द्र कुमार उर्फ लाल सिह पूर्व इंस्पैक्टर, के.डी.शर्मा,सुखबीर सिह,, सरताज, विनय त्यागी, ठाकुर ब्रहम सिह, अशोक कुमार वर्मा, अरविन्द कुमार भारद्वाज, वरिष्ठ पत्रकार रविन्द्र चौधरी, सतीश शर्मा,सुशील कुमार, फारूख सईद,सुबोध त्यागी, रवि कुमार अंसार आदि अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हादसे में मौत
मंसूरपुर/छपार। नेशनल हाईवे पर शाहपुर मोड़ के पास किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक के पिता की ओर से अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
खानपुर मिल मंसूरपुर निवासी २१ वर्षीय कपिल पुत्र किरण सिंह देर रात्रि गांव पुरबालियान से मंसूरपुर आ रहा था। शाहपुर मोड़ से कुछ पहले अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर अवस्था में उसे मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया। घायल कपिल ने मुजफ्फरनगर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक के पिता की ओर से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार कपिल फोटोग्राफर की दुकान पर फोटोग्राफी का कार्य करता था। पांच बहनों का अकेला भाई था। घटना से परिजनों तथा रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, कस्बा छपार निवासी विपुल गोयल अपने पुत्र मनस्वी के साथ सुबह मुजफ्फरनगर की तरफ से स्कूटी पर आ रहे थे। जब यह दोनों बिजोपुरा चौराहे के निकट पहुंचे तो पीछे से तेजगति से आ रहे वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। विपुल गोयल को मामूली चोट लगी, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मनस्वी को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया।
वांछित गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। अलग अलग स्थानों से कई वांछितों को गिरफ्तार किया। थाना कोतवाली नगर पर नियुक्त उ0नि0 रविन्द्र कुमार द्वारा वारन्टी अभियुक्त विजय पुत्र प्रमोद निवासी कृष्णापुरी थाना कोतवाली नगर जनपद मु0नगर को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा थाना चरथावल पर नियुक्त उ0नि0 जयप्रकाश भास्कर द्वारा वांछित अभियुक्त पप्पू पुत्र गुलाब निवासी सिकन्दरपुर थाना चरथावल मु0नगर को गिरफ्तार किया। इसके अलावा थाना शाहपुर पर नियुक्त उ0नि0 विरेन्द्र सिह द्वारा वारण्टी अभियुक्त वाजिद पुत्र रोजुद्दीन, बरीश पुत्र रोजुद्दीन नि0 आदमपुर थाना शाहपुर को गिरफ्तार किया गया।
सदस्यता ग्रहण की
मुजफ्फरनगर। राज मार्केट व्यापार संगठन संबंध उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन का गठन किया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मित्तल व नगर अध्यक्ष राकेश त्यागी द्वारा इकरार फारुकी अध्यक्ष,मोहित गोयल नगर उपाध्यक्ष,सलमान अंसारी नगर मंत्री पद पर मनोनीत किए गए एव उनको पंद्रह दिनों के भीतर कार्यकारिणी घोषित करने को कहा गया। प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मित्तल ने कहा कि उ० प्र० उद्योग व्यापार संगठन के एक-एक पदाधिकारी व्यापारियों की समस्याओं के लिए हर वक्त उनके साथ खड़ा है, छोटे व्यापारियों से लेकर उद्योगपति तक की समस्याओं को उ० प्र० उद्योग व्यापार संगठन द्वारा शासन, प्रशासन के सामने उठाकर उनका समाधान कराना हमारी प्राथमिकता रहा है। आज राज मार्केट के अनेकों व्यापारियों द्वारा संगठन की सदस्यता ग्रहण की गई है। इस अवसर पर अकरम, युनूस, नूर, कासिम, गुलजार, अरशद, दीपक, राजीव, शिवकुमार आदि सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे
हादसे में घायल
बुढाना। सडक हादसे मे पुलिसकर्मी घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। मिली जानकारी के अनुसार निकटवर्ती जनपद शामली के थाना कांधला मे तैनात सिपाही प्रवीण चौधरी आज दोपहर के वक्त थाना कांधला से बुढाना होते हुए मेरठ जा रहा था कि बुढाना कोतवाली क्षेत्र के कांधला रोड पर अज्ञात वाहन की चपेट मे आ जाने से सिपाही प्रवीण चौधरी घायल हो गया। बताया जाता है कि इस हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। उधर से जा रहे कुछ अन्य वाहन चालकों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सडक हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सिपाही को तुरंत ही उपचार के लिए हॉस्पिटल मे भर्ती कराया तथा कांधला थाने पर हादसे की जानकारी दी।
शराब सहित दबोचा
मुजफ्फरनगर। अवैध शराब सहित युवक को गिरफ्तार किया। थाना पुरकाजी पर नियुक्त उ0नि0 देवा सिह द्वारा वारन्टी अभियुक्त सोनू पुत्र अग्रेज नि0 दादूपुर थाना पुरकाजी जनपद मु0नगर को फरकपुर मोड से गिरफ्तार किया गया। अभि0 के कब्जे से 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गयी।
बेबी शो का आयोजन 19 को
मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ महावीर सिंह फौजदार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी में दिनांक १९ दिसंबर २०२१ दिन रविवार को प्रातः ९ः०० बजे से वीआईपी पंडाल में बेबी शो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा ,उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन दो वर्गों में किया जाएगा जिसके अंतर्गत प्रथम वर्ग में ० से १ वर्ष आयु के बच्चों को लिया जाएगा तथा दूसरे वर्ग में १ वर्ष से लेकर ५ वर्ष तक की आयु के बच्चों को लिया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बेबी शो में प्रतिभाग करने के लिए बच्चों का पूर्व में रजिस्ट्रेशन कराना आवश्यक नहीं है ,बेबी शो स्थल पर ही बच्चों का साथ के साथ पंजीकरण करके प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराया जा सकता है।उन्होंने बताया कि बेबी शो प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए बच्चे का टीकाकरण कार्ड व बच्चे का जन्म पंजीकरण प्रमाण पत्र साथ लाना आवश्यक होगा। बेबी शो में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों को प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा।
5 आरोपियों को उम्र कैद
मुज़फ्फरनगर। गत २५ जनवरी २०११ को थाना फुगाना के ग्राम बहावड़ी व कबरोत के बीच कार से घर लौट रहे बहावड़ी के ग्राम प्रधान बृजेन्द्र की गोली मारकर हत्या व कई को घायल करने के सनसनीखेज मामले में आरोपी बृजपाल ,चरण सिंह ,सोरेन ,नरेश ,व विवेक को उम्रकैद व १४,१४ हज़ार रुपये का जुर्माना किया गया है। जबकि सबूत के अभाव में तीन आरोपियों बसंत ,बनती ,व सुमित को बरी कर दिया है। मामले की सुनवाई विशेष अदालत एससी/एसटी के जज जमशेद अली की अदालत में हुई अभियोजन की ओर से विशेष अधिवक्ता यशपाल सिंह व बचाव पक्ष की ओर से वकार अहमद ने पैरवी की।
अभियोजन की कहानी के अनुसार गत २५ जनवरी २०११ को बहावड़ी के ग्राम परधान बृजेन्द्र की गोली मारकर हत्या व कई को घायल कर दिया था। जब ग्राम प्रधान कार में घर लोट रहे थे। घटना के संबंध में देवेंद्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी । बाद में वादी देवेंद्र की भी कोर्ट परिसर मुज़फ्फरनगर में गोली मारकर हत्या कर दी थी । जब मामले की सुनवाई के चलते पैरोकारी में वह कोर्ट के बाहर बैठा था। इस हत्याकांड का मामला अलग चल रहा है।
शिकंजाः रिफाइनरी की पाइप लाइन से तेल चोरी में मुजफ्फरनगर के डीएसओ गिरफ्तार, एक लाख लीटर से ज्यादा पेट्रोल-डीजल चोरी
मुजफ्फरनगर/सहारनपुर। सहारनपुर पुलिस ने पानीपत रिफाइनरी की पाइप लाइन में सेंध लगाकर डीजल और पेट्रोल की चोरी करने के मामले में मुजफ्फरनगर के जिला आपूर्ति अधिकारी (डीएसओ) बीके शुक्ला को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
आईओसीएल (इंडियन ऑयल कारपोरेशन लिमिटेड) के अधिकारियों ने पुलिस महानिदेशक उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड से पानीपत रिफाइनरी की पाइप लाइन से तेल चोरी होने की शिकायत की थी। इसके बाद सहारनपुर पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया और 12 लोगों को गिरफ्तार किया।
एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि पाइप लाइन से चोरी पेट्रोल और डीजल को मुजफ्फरनगर भोपा क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे एक पेट्रोल पंप पर बेचा जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने डीएसओ मुजफ्फरनगर के निजी चालक श्रीराम कन्नौजिया को गिरफ्तार किया था।
श्रीराम डीएसओ कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था और गत जून माह में रिटायर हुआ था। एसएसपी के अनुसार श्रीराम ने पुलिस पूछताछ में बताया कि अवैध रूप से पेट्रोल पंप चलवाने के लिए डीएसओ 30 हजार रुपये महीना ले रहे थे। इसके बाद डीएसओ को गिरफ्तार किया गया है।
एक लाख लीटर से अधिक डीजल-पेट्रोल किया चोरी
इस गिरोह ने पिछले दो सालों में वेस्ट यूपी और उत्तराखंड में पेट्रोल-डीजल चोरी की 16 घटनाओं का अंजाम दिया और उनमें करीब एक लाख लीटर डीजल और पेट्रोल चोरी किया था। गिरोह के सदस्यों के पास तेल ढोने वाले टैंकर, ट्रैक्टर, लग्जरी कारें और पाइप लाइन में सेंध लगाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए थे।
सफाई देते-देते कानूनी शिकंजे में फंस गए जिला पूर्ति अधिकारी
तेल के खेल में सफाई देते-देते आखिरकार जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश शुक्ला भी कानून के शिकंजे में फंस गए। सेवानिवृत्त कर्मचारी श्रीराम कन्नौजिया के पकड़े जाने और पुलिस की कार्रवाई के बाद शुक्ला ने पल्ला झाड़ने की कोशिश की थी। अधिकारियों को भी वह गुमराह करते रहे, लेकिन पुलिस के हाथ उन तक पहुंच ही गए। गिरफ्तार शुक्ला ने तीन दिन पहले दावा किया था कि प्रदेश में अवैध डीजल-पेट्रोल के सबसे ज्यादा मामले पकड़ते हुए उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सहारनपुर में सरकारी पाइप लाइन से तेल चोरी के मामले में पुलिस की जांच भोपा तक पहुंची तो तेल का खेल खुलता चला गया। पुलिस ने भोपा के पेट्रोल पंप संचालक उदित को पकड़ा तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। पूर्ति विभाग से सेवानिवृत्त हो चुका श्रीराम कन्नौजिया उससे तीस हजार रुपये लेकर अवैध पेट्रोल पंप चलवा रहा था।
एसओजी की जांच में कन्नौजिया फंस गया तो जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश शुक्ला की मुश्किलें बढ़नी शुरू हो गई ।इसकी वजह यह थी कि सेवानिवृत्त होने के बावजूद कन्नौजिया अक्सर पूर्ति अधिकारी के कार्यालय में देखा जाता था। यही नहीं जिला आपूर्ति अधिकारी की गाड़ी में भी घूमता देखा गया। जिला पूर्ति अधिकारी ने दो दिन पहले ही सूचना विभाग के माध्यम से अपनी पोस्टिंग, तेल के प्रकरण में अब तक की हुई कार्रवाई को स्पष्टीकरण की तरह दिया था।
डीएम चंद्रभूषण सिंह ने सख्त कदम उठाते हुए पूरे जिले में जांच के आदेश दिए थे। जांच चल ही रही थी कि इस बीच सरसावा में बीके शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया। डीएसओ की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही पूर्ति विभाग में हड़कंप मच गया है।
एक साल पहले ही आए थे जिले में
जिला पूर्ति अधिकारी बीके शुक्ला की तैनाती लगभग एक वर्ष पूर्व ही हुई थी। पकड़े जाने से पहले उन्होंने कहा था कि तेल पाईप लाईन से सेंध लगाकर डीजल-पेट्रोल की चोरी एवं बिक्री का कार्य उनकी तैनाती से पहले करीब तीन साल से चल रहा है।

