Muzaffarnagar News: नुमाइश पंडाल में आल इंडिया मुशायरे की महफिल
Muzaffarnagar News:मुजफ्फरनगर। शायरों के कलाम और अशआरो से गुजिश्ता रात गुलो-गुलजार हो गई। जिंदगी को लफ्जों के पैमाने से झांकती शायरी। मुहब्बत की नर्म आहें और सियासत के सीने में नश्तर की तरह चुभते तंज के तीर। कुछ ऐसे लम्हो के बीच नुमाइश पंडाल में आल इंडिया मुशायरे की महफिल खूब जमी।
श्रोताओं ने भी प्रो. वसीम बरेलवी, नवाज देवबंदी और मंजर भोपाली सहित मुकामी शायरों के कलाम सुन दादो तहसीन से नवाजा।प्रो. वसीम बरेलवी ने सदारत के फरायज अंजाम देते हुए पढ़ा-आंखे मूंद लेने से खतरा न जाएगा। देखना पड़ेगा जो देखा न जाएगा। उन्होंने बदगुमानी से बाहर आने की हिदायत देते हुए पढ़ा-बदगुमानी को नहीं छोड़ते खामोशी पर, अरे बात कीजिये तो कोई हल भी निकले।
उन्होंने मौजूदा हालात पर तंज कसा-शोर होता था तो कानों से सुना जाता था, अब तो ये हाल हुआ के नजर आता है।मंजर भोपाली ने अपने संजीदा अंदाज में गजल और नज्म दोनों पेश की। उन्होंने बेटियों का दर्जा बयान करते हुए पढ़ा-बेटियों के लिए हाथ उठाओ मंजर, सिर्फ अल्लाह से बेटा नहीं मांगा करते। इनको आंसू भी जो मिल जाएं तो मुस्काती हैं, बेटियां तो बड़ी मासूम हैं जज्बाती हैं।
इनसे कायम है तकद्दुस हमारे घर का, सुबहो वो अपनी नमाजो से यह महकाती हैं। लोग बेटों से रखते हैं तवक्को लेकिन, बेटियां अपनी बुरे वक्त में काम आती हैं।
जूते सीधे कर दिये थे एक दिन उस्ताद के, उसका बदला ये मिला तकदीर सीधी हो गई। उन्होंने घमंड करने वालों को नसीहत दी-ज्यादा वजन पर अपने कभी मगरूर मत होना, तिनका तैरता रहता है पत्थर डूब जाते हैं।
हाशिम फिरोजाबाद ने अपने पुरखुलूस अंदाज में शायरी पेश कर समा बांध दिया। उन्होंने पढ़ा
ऐ खाके वतन तेरे निगहबां बहुत हैं, भारत की हिफाजत को मुसलमां बहुत हैं।
विजय तिवारी भोपाली ने खास अंदाज में शेर सुनाकर लोगों के दिलों को झकझोर दिया। उन्होंने पढ़ा
खेल खिलाने ले जा बाबू, मुन्ना दिल बहला लेगा। तेरा मुन्ना खेलेगा तो मेरा मुन्ना खा लेगा।
मुकामी शायर खुर्शीद मुजफ्फरनगरी ने पढ़ा
मेरी जानिब मुहब्बत से न देखो, मूुहब्बत पर जवाल आया हुआ है।
खुश्बू मुजफ्फरनगरी ने पुरखुलूस अंदाज में शेर पढ़ा
इस तरह सोचना भी कोई शान है, वो है हिंदू, वो सिक्ख, वो मुसलमान है। मेरा भारत नहीं तो मैं कुछ भी नहीं, मेरे भारत से ही मेरी पहचान है।
निजामत के फरायज नदीम खुर्रम ने अंजाम फरमाए।
उन्होंने उम्दा अंदाज में एक-एक शायर को कलाम पढ़ने की दावत दी। इनके अलावा निखत अमारोही, पापूलर मेरठी, तनवीर गोहर, अरशद जिया आदि मौतबर शायरों ने भी कलाम पेश किये। नगर पालिका अध्यक्ष अंजु अग्रवाल, सीडीओ आलोक यादव, पैगाम-ए-इंसानियत के अध्यक्ष आसिफ राही आदि शामिल रहे।
सभासद का निधन
मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद् के वार्ड संख्या ३६ से सभासद हाजी इरफान अंसारी का आज निधन हो जाने से शोक छा गया। वह कोरोना की दूसरी लहर में कोरोना संक्रमित हुए थे और तभी से लगातार बिस्तर पर थे।
लंबी बीमारी से लड़ते लड़ते उन्होंने देर रात दम तोड़ दिया। उनके निधन से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पालिका अध्यक्ष अंजू अग्रवाल ने भी सभासद इरफान के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की हैं।
#मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद् के वार्ड संख्या ३६ से सभासद हाजी इरफान अंसारी का आज निधन हो जाने से शोक छा गया। वह कोरोना की दूसरी लहर में कोरोना संक्रमित हुए थे और तभी से लगातार बिस्तर पर थे। pic.twitter.com/fLwrvrrzpK
— News & Features Network (@mzn_news) December 30, 2021
