गुरुग्राम: दुष्कर्म के बाद लगाया एचआईवी का इंजेक्शन
गुरुग्राम की एक युवती से प्रेम के नाम पर युवक ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। आरोपी उसे झांसे में लेकर गुरुग्राम से मथुरा के पास अपने गांव में ले गया। जहां युवती का दुष्कर्म किया और अश्लील विडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ जबरन कई बार संबंध बनाए। इतना ही नहीं, युवती के गर्भवती हो जाने पर आरोपी ने उसे धोखे से इंजेक्शन लगाकर एचआईवी पॉजिटिव कर दिया।
11 नवंबर तक प्रताड़ना सहने के बाद वह किसी तरह वापस गुरुग्राम आ गई और दो दिन पहले युवती ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत कर दी। एसीपी महिला अपराध सुशीला ने बताया कि मामला काफी संगीन है। मामला यूपी का होने के कारण पीड़िता की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज कर आला अधिकारियों के माध्यम से यूपी पुलिस को भेज दिया गया है।
गर्भ के दौरान मेडिकल टेस्ट में युवती के एचआईवी पॉजिटिव होने की जानकारी मिलने के बाद उसने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी, जिस पर महिला थाना पुलिस (दक्षिण) ने आरोपी के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर ली।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया बीते साल मथुरा निवासी आरोपी हितेश (बदला हुआ नाम) से आरोपी से जान-पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने के बाद आरोपी ने उसे शादी का प्रस्ताव देकर इसी वर्ष एक फरवरी को गुरुग्राम यूपी के मथुरा जिले में स्थित गांव में ले गया था।
