Pakistan News: Balochistan Province में सुरक्षा चौकियों पर हमला: सात सैनिकों की मौत
Pakistan News: अशांत दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान (Balochistan) प्रांत में हथियारों से लैस हमलावरों ने सुरक्षा बलों के दो शिविरों पर हमला कर दिया, जिसके बाद भीषण गोलीबारी में कम से कम 13 आतंकवादियों को मार गिराया गया. सेना ने बताया कि घटना में सात सैनिकों की भी मौत हुई है.
प्रतिबंधित बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने पंजगुर और नौशकी जिलों में हुए हमले की जिम्मेदारी ली है. पंजगुर में, हमलावरों ने दो स्थानों से सुरक्षा बलों के शिविर में प्रवेश करने की कोशिश की, जबकि नौशकी में उन्होंने फ्रंटियर कोर (एफसी) पोस्ट में घुसने का प्रयास किया था.
पाकिस्तानी सेना के एक बयान के अनुसार, दोनों चौकियों पर हमलावरों को ढेर करने के बाद, सुरक्षा बलों ने इलाके में छिपे आतंकवादियों की तलाश के लिए अभियान चलाया.
गृह मंत्री शेख रशीद अहमद ने एक वीडियो संदेश में कहा कि नौशकी में नौ आतंकवादी और चार सैनिक मारे गए. उन्होंने इसे आतंकवाद के खिलाफ ‘‘बड़ी सफलता’’ करार देते हुए कहा, पाकिस्तानी सेना ने दोनों जगहों से आतंकियों को खदेड़ दिया. पंजगुर में सेना ने चार से पांच लोगों को घेर लिया है और उन्हें मात दी जाएगी.
3 جنوری2022
پنجگوراورنوشکی میں سکیورٹی فورسزکے کیمپوں پردہشت گردحملوں
پر اہم پیغام جاری.@OfficialDGISPR @GovtofPakistan @PTVNewsOfficial pic.twitter.com/q4wcxuw6XT— Sheikh Rashid Ahmed (@ShkhRasheed) February 3, 2022
प्रधानमंत्री इमरान खान ने बलूचिस्तान में शिविरों पर आतंकी हमलों को नाकाम करने के लिए ट्विटर पर सुरक्षा बलों को बधाई दी. इससे पहले, सेना की मीडिया इकाई इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा, दोनों हमलों का माकूल जवाब दिया गया.
फ्रंटियर कोर के एक प्रवक्ता ने पंजगुर और नौशकी स्थित शिविरों के पास दो विस्फोट होने की पुष्टि की थी, जिसके बाद भीषण गोलीबारी शुरू हुई. बीएलए ने एक बयान जारी कर इन हमलों की जिम्मेदारी ली. अलगाववादी संगठन ने हाल में सुरक्षा बलों और प्रतिष्ठानों पर हमले तेज किए हैं. एक सप्ताह पहले प्रांत के केच जिले में सुरक्षा बलों की जांच चौकी पर आतंकवादी हमले में 10 सैनिकों की मौत हो गई थी.

