Muzaffarnagar News: दहेज में एक करोड़ रुपये और संपत्ति में आधा हिस्सा मांगने का आरोप
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)रामपुर गार्डन के एक व्यापारी ने बेटी के ससुराल वालों पर एक करोड़ रुपये और प्रॉपर्टी में आधा हिस्सा मांगने का आरोप लगाया है। व्यापारी का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर सुसरालियों ने उनकी बेटी को मारपीट कर घर से निकाल दिया।
पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली में मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाले पति और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, घरेलू हिंसा अधिनियम समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
रामपुर गार्डन के रहने वाली आलोक जायसवाल ने बेटी जूही जायसवाल की शादी 18 नवंबर 2013 को मुजफ्फरनगर स्थित नई मंडी के पास रहने वाले संकल्प गुप्ता से की थी। ससुराल वालों ने 70 लाख रुपये की मांग की थी। व्यापारी ने बातचीत के बाद बेटी की शादी में 50 लाख खर्च किए थे।
जूही की सास सुदेश गुप्ता अधिवक्ता हैं। पति संकल्प गुप्ता एक मल्टीनेशनल कंपनी में कर्मचारी है। ससुर रिटायर्ड प्रोफेसर हैं। विवाहिता का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसके पिता से प्रॉपर्टी में आधा हिस्सा और एक करोड़ रुपये मांगे। इसी दौरान 2014 में उसने बेटे को जन्म दिया।
बेटे के नामकरण संस्कार में मायके पक्ष ने पांच लाख नकद, हीरे के पैंडल की चेन, कंधनी व सोने के सिक्के दिए थे। कुछ दिनों के बाद ही ससुराल वालों ने फिर से एक करोड़ रुपये और प्रॉपर्टी में आधा हिस्सा मांगना शुरू कर दिया।
आरोप है कि 15 अगस्त 2021 को विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने उनकी सास सुदेश गुप्ता व पति संकल्प गुप्ता के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।

