News
खबरें अब तक...

समाचार

युवक ने की आत्महत्या
ंखतौली। अज्ञात कारणो के चलते एक व्यक्ति ने खुद को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए भिजवाने के साथ मामले की छानबीन शुरू की।
जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी सोनू पुत्र ईलमसिह नामक युवक ने अज्ञात कारणो के चलते खुद को फांसी लगा ली। इस दुखद हादसे से परिजनो मे कोहराम मच गया। वहीं हादसे पर पडौसियों सहित दर्जनो लोग मौके पर एकत्रित हो गए। हादसे की सूचना पर इंस्पैक्टर खतौली इंस्पैक्टर संतोष कुमार त्यागी मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनो की मौजूदगी मे शव का पंचनामा भर कर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। बताया जाता है कि युवक सोनू शराब पीने का आदी था। चर्चा रही कि शराब के नशे मे वह अक्सर अपने परिजनो से उलझता रहता है। जिसके चलते पारिवारिक विवाद मे उसने यह कदम उठाया है। युवक सोनू नगरपालिका का पलम्बर बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रो का कहना है कि पोस्ट मार्टम रिर्पोट व मामले की छानबीन के बाद ही इस सम्बन्ध मे कुंछ कहा जा सकेगा। युवक की मौत से परिजनो व मौहल्लावासियो मे शोक छाया हुआ है।

चाकू सहित पकडा
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशो के चलते अपराधो पर रोकथाम व अपराधियो के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत नई मंडी इंस्पैक्टर दीपक चौरसिया ने शान्ति व्यवस्था के मददेनजर गश्त व चौकिंग के दौरान मखियाली निवासी सरफराज पुत्र जमशेद को तुलसीनगर कूकडा ब्लॉक के समीप से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही सुनिश्चित की।

फर्जीवाडे से पैसे निकालेक
मुजफ्फरनगर। एटीएम पर पैसे निकलवाने गई महिला एटीएम बदलकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम से पैसे निकाल लिए। पीडिता ने पुलिस को तहरीर देते हुए कार्यवाही की मांग की।
जानकारी के अनुसार नई मन्डी कोतवाली क्षेत्र के भोपा रोड शान्ति नगर निवासी पिंकी पत्नि जितेन्द्र ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि वह नई मन्डी स्टेट बैंक के एटीएम से पैसे निकलवाने के लिए पहुंची। महिला का आरोप है कि इस दौरान एटीएम पर पहले से ही मौजूद किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका एटीएम बदलकर उसके खाते से नकदी उडा ली। पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा कायम कर मामले की छानबीन व भागदौड शुरू की।

अलग अलग हादसों में कई घायल
मुजफ्फरनगर। अलग अलग सड़क हादसों में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि तितावी थाना क्षेत्र के गांव करवाडा निवासी मनोज पुत्र गजराज, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मौहल्ला आनन्दपुरी निवासी पंकज पुत्र समय सिंह, कृष्णापुरी निवासी अनुराग पुत्र कृष्णपाल, शाहपुर निवासी शानु पुत्र असगर, भोगपुर सिखेड़ा निवासी हिमांशु पुत्र दिनेश, मखियाली निवासी सुखपाल पुत्र चुन्नीलाल व सीकरी निवासी इस्लाम पुत्र सलीम अलग अलग सड़क हादसों में गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नकदी व सामान लूटा
मुजफ्फरनगर। बेसिक शिक्षा कार्यालय में तैनात एक कर्मी से हथियारबंद बदमाशों ने हथियारों के बल पर नकदी व सामान लूट लिया। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भोपा थाना क्षेत्र के ग्राम भोपा निवासी पवन बेसिक शिक्षा कार्यालय में तैनात है। 3 फरवरी को वह अपने कार्यालय में तैनात कर्मचारी की पुत्री का कन्यादान कर घर वापिस लौट रहा था। बताया जाता है कि जब वह जटमुझेड़ा पहुंचा,तो बाईक सवार तीन बदमाशों ने उसकी बाईक रूकवा ली और हथियार दिखाते हुए उसे आतंकित कर दिया। बदमाशों ने पवन से उसकी बाईक, पस, आधार कार्ड, एडीएम व नकदी लूट ली। बदमाश लूटपाट करने के बाद मौके से फरार हो गये। पीड़ित ने किसी तरह घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच की। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

मारपीट की
मुजफ्फरनगर। मामूली कहासुनी होने पर आधा दर्जन लोगों ने हथियारों से लैस होकर दो भाइयों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लद्दावाला निवासी शेरखान पुत्र यामीन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि मामूली कहासुनी होने पर लद्दावाला के चौडी गली निवासी वसीम पुत्र जहरूरहसन, शहजाद, शानू, दिलनवाज, इरशाद पुत्रगण इरशाद ने हथियारों से लैस होकर उसे तथा उसके ममेरे भाई दानिश को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शांतिभंग में चालान
मुजफ्फरनगर। मामूली कहासुनी होने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नुमाइश कैम्प में अुर्जन पुत्र सलेकचंद का मोहल्ले के ही विनाद के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया, जिसके चलते दोनों में मारपीट हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों का शान्ति भंग की आशंका के चलते चालान कर दिया।

आग का गोला बनी कार1 Min 5 |
मंसूरपुर। थाना मंसूरपुर पुलिस और यूपी ११२ डायल पुलिस एक महिला के लिए उस वक्त देवदूत बन गई जब जनपद के नेशनल हाईवे ५८ पर स्थित थाना मंसूरपुर की चौकी बेगराजपुर से चन्द कदमो की दूरी पर एक चलती कार में अचानक भयंकर आग लग गई आग लगी देख पुलिस कर्मी तुरन्त उस कार के पास पहुंचे और कार में फंसी एक महिला को बाहर निकालकर उसकी जान बचाई।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मामला बीती देर रात्रि नेशनल हाईवे ५८ का है जहां पर धौला पुल के पास अचानक एक चलती कार मे आग लगी गई । आग लगने की घटना के समय वहां से गुजर रही यूपी ११२ डायल और थाना मंसूरपुर की चौकी बेगराजपुर पुलिस की नजर उस कार पर पड़ गई जिसके चलते तुरन्त ही पुलिस कर्मियों ने साहस का परिचय देते हुए उस जलती हुई गाड़ी से महिला को बाहर निकालकर उसकी जान बचाई । मगर कार में भयंकर आग लगने के कारण कार को नही बचाया जा सका जिसके चलते कार पूरी तरफ जलकर राख हो गई तथा उसमे महिला का सामान आदि भी जल गया। उधर आग की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मंसूरपुर मनोज कुमार चाहल भी दल बल के साथ मोके पर पहुंचे और बदहवास हो रही महिला को महिला पुलिस कर्मियों के साथ चौकी पर ले जाकर उसे ढांढस बढ़ाया। काफी देर बाद होश में आने पर महिला ने अपना नाम कोमल भंडारी निवासी ऋषिकेश बताया और कहा की वह ऋषिकेश से दिल्ली जा रही थी की अचानक कार में आग लग गई। आग लगने से कार आग का गोला बन चुकी थी की अचानक मोके पर पहुंची पुलिस ने उसे बचा लिया वरना कोई अनहोनी भी हो सकती थी।
जिसे सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और उसकी जान बचाई। आग लगने के कारण हाईवे पर दोनों तरफ जाम लग गया और दोनों तरफ ही वाहनों की कतारे लग गई जिसे कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने खुलवाया। बाद में पुलिस ने महिला के परिजनों को मोके पर बुलवाकर महिला को उनके साथ आगे के लिए भेजा दिया।।

जिला जज का किया स्वागत2 Min 5 |
मुजफ्फरनगर। जनपद के नये जिला जज राजीव शर्मा का सिविल बार संघ के राष्ट्रीय सभागार में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अध्यक्ष नरेश चंद गुप्ता के नेतृत्व में नई टीम ने जनपद न्यायाधीश का बुके देकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन महासचिव सतेन्द्र कुमार ने किया। इस अवसर पर विभिन्न वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने अपने अपने संबोधनों में बताया कि श्री राजीव शर्मा जो अब यहां जिला जज बनकर आये है वे पहले भी इस जनपद में सिविल जज सीनियर डिवीजन और एडीजेएफटीसी के पद पर काम करके जा चुके है। अधिवक्ताओं ने मांग की कि मुजफ्फरनगर में जो सिविल कोर्ट खाली चल रही है जिनके कारण वाद भी लम्बित पड रहे है वे तत्काल भर दी जाये। सभी अधिवक्ताओं ने बार और बैंच के मधुर संबंधों पर जोर देते हुए कहा कि सभी अधिवक्ता अनुशासनप्रिय है और नये जिला जज की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।
अपने संबोधन में नये जिला जज राजीव शर्मा ने कहा कि पूर्व में हमने क्या किया इस पर मनन करने की बजाये हम अपनी विश्वसनीयता के ओर न्यायपालिका की गरिमा को आगे कैसे ले जा सकते है जोकि समाज के हित में हो इस पर अब हमे काम करना है। उन्होंने वकीलों को आश्वस्त किया कि वे न्यायिक मुखिया के रूप में उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में सुधार की बेहद जरूरत है। उन्होंने अपनी कार्यप्रणाली स्पष्ट करते हुए कहा कि लोग फौजदारी मुकदमों में ज्यादा प्राथमिकता सकते है लेकिन उनका मानना है कि यदि सिविल मुकदमों को प्राथमिकता मिले तो फौजदारी में अपने आप कमी आ जायेगी। उन्होंने वकीलों से कहा कि न्यायिक प्रणाली में सुधार के लिए वे अपने सुझाव, शिकायते उनसे चैम्बर में मिलकर दे सकते है। इस अवसर पर बिजेंद्र मलिक, ठा. अजयपाल, संजीव गर्ग, अवध बिहारी लाल गुप्ता, आंचल अग्रवाल, गौरव डीजीसी, हरिओम, वरिष्ठ अधिवक्ता विजय गोयल, विष्णुदत्त, सुगन्ध जैन, जैगम मिया जैदी, अशोक कुशवाहा, तेगबहादुर, अखिल अग्रवाल आदि ने उनका स्वागत करते हुए अपने अपने विचार व्यक्त किये।

व्यापारियों ने बढे टैक्स पर जताया रोष3 Min 5 |
मुजफ्फरनगर। शहर में आवासीय और व्यवसायिक भवनों पर टैक्स लगाये जाने के नगर पालिका परिषद् के निर्णय के विरोध में व्यापारियों ने गुरूवार को मोर्चा खोलेते हुए पालिका अध्यक्ष के खिलाफ धरना दिया और उनके निर्णय को अव्यवहारिक बताकर टैक्स के लिए की गयी वृद्धि को वापस लेने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इसके खिलाफ हाईकोर्ट जाना पड़ा तो वह पीछे नहीं हटेंगे।
गुरूवार को संयुक्त उद्योग व्यापार मण्डल के द्वारा नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष अंजू अग्रवाल के खिलाफ शिव चौक के समीप तुलसी पार्क में धरना दिया गया। इस दौरान पालिका प्रशासन के द्वारा शहर में मकानों और दुकानों पर बढ़ाये गये टैक्स को लेकर विरोध जताया गया। धरने की अध्यक्षता व्यापार मण्डल के अध्यक्ष रेवती नन्दन सिंघल ने कीतथा संचालन महामंत्री राजेन्द्र काटी द्वारा किया गया। धरने पर व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नगरपालिका परिषद् की ओर से शहर में मकानों और दुकानों पर १० से २० गुणा टैक्स लगाकर लोगों का उत्पीड़न किया है। इसी के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है। धरने पर संयोजक राजकुमार नरूला, प्रमोद मित्तल और कृष्ण गोपाल मित्तल द्वारा इस टैक्स बढोतरी का विरोध करते हुए बताया गया कि यह लोगों का और व्यापारियों का खुला शोषण है। टैक्स हमेशा ही २० से २५ प्रतिशत तक बढ़ता है, लेकिन यहां सीधे २० गुणा तक बढ़ा दिया गया है। उनका आरोप है कि सीधे सीधे नगरपालिका अध्यक्ष ने उत्पीड़न को मंजूरी दी है। संयोजक अशोक बाठला, अमित गर्ग ने कहा कि नगरपालिका प्रशासन को इस कानून को तुरंत वापस लेना चाहिए। राहुल वर्मा व विश्वदीप बिट्टू ने बताया कि नगरपालिका का यह आदेश नहीं माना जायेगा। इसके विरोध में हाईकोर्ट जाना पड़ा तो हम जायेंगे। रेडिमेड वस्त्र व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष बिजेन्द्र गोयल व ओमप्रकाश बजाज ने बताया कि इस टैक्स वृद्धि का हम २६ जनवरी से लगातार विरोध कर रहे हैं, लेकिन पालिका प्रशासन कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है। व्यापारियों ने इसकी निंदा की। धरने पर मुख्य रूप से संजय मित्तल, अजय सिंघल, नीरज गुप्ता, निशांत जैन, अखिल सिंघल, नरेन्द्र मित्तल, नीरज बंसल, सुनील तायल, दीपक वर्मा, ज्ञानी गुरबचन सिंह, अजय त्यागी, राजीव कुमार, अशोक बंसल, पंकज जैन, पंकज त्यागी, सुलक्शन सिंह नामधारी, प्रमोदपाल, बलवेन्द्र सिंह, राधेश्याम विश्वकर्मा, राकेश गर्ग, जयवीर सिंह, राकेश त्यागी, प्रवीण खेडा, रशीद, शमशाद अहमद व दीपक नारंग आदि व्यापारी शामिल रहे।

17 परीक्षा केंद्र जनपद में बनाए गए
मुजफ्फरनगर। सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में इस बार १७ परीक्षा केंद्र बनाए गए है। एसडी पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या चंचल सक्सेना को बोर्ड परीक्षा का जिला कोआर्डिनेटर बनाया है।
इस बार सीबीएसई के १० वीं और १२ वीं एग्जाम १५ फरवरी से प्रारंभ होंगे। हालांकि मुख्य विषयों की परीक्षा २५ फरवरी से होगी। बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विद्यार्थी तैयारी में जुटे है। प्रैक्टिकल हो चुके हैं। जिले में सीबीएसई की परीक्षा कराने के लिए १७ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि गत वर्ष १५ परीक्षा केंद्र थे। जिला कोआर्डिनेटर चंचल सक्सेना के अनुसार शहर में दस और देहात में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस बात को ध्यान रखा गया है कि परीक्षार्थी ज्यादा दूर परीक्षा देने नहीं जाए। शहर में एसडी पब्लिक स्कूल, जीसी पब्लिक स्कूल, गोल्डन पब्लिक स्कूल, स्टेपिंग स्टोन्स स्कूल, होली एंजिल्स स्कूल, शारदेन स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, एमजी पब्लिक स्कूल, एसएफ डीएवी पब्लिक स्कूल, ग्रेन चौंबर पब्लिक स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। देहात में नवोदय विद्यालय बघरा, ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल लालूखेड़ी, डीएवी पब्लिक स्कूल मंसूरपुर, खतौली में केके पिब्लक स्कूल, मेपल्स स्कूल, मॉर्डन पब्लिक स्कूल, गोल्डन हार्ट एकेडमी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

योग कराया
खतौली। चौधरी हरबंश सिंह कन्या डिग्री कालेज में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर के तीसरे दिन पहली पाली में स्वयं सेविकाओं ने ध्यान योग किया। ओशो शिष्य अमृत ने ध्यान योग कराया। दूसरी पाली में ध्यान योग के संबंध में एक विचार गोष्ठी हुई। जिसमें आशो शिष्य अमृत ने ध्यान योग के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डा. मधु दीक्षित ने कुंडली जाग्रत चक्र के बारे में विचार व्यक्त किए। शिक्षिका सीमा तोमर, रीतू, शिवानी, मीनू, प्रार्ची, नेहा ने ध्यान योग के बारे में बताया। कार्यक्रम अधिकारी संतरेश ने ध्यान के बारे में कहा कि ध्यान का संबंध हमारी शारीरिक तथा मानसिक क्रियाओं से है। हमारे शरीर की प्रत्येक क्रिया प्रतिक्रिया हमारे मन के आदेशों पर ही कार्यरत है। इसलिए वह एक मन ही है, जिसको साधने पर सब सध जाता है। उधर, विद्योत्तमा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविर में तीसरे दिन छात्राओं ने ग्रामीणों को योग व प्राणायाम करना सिखाया। कहा कि स्वास्थ्य शरीर से जीवन के लक्ष्यों को पाया जा सकता है। प्राचार्य डा. पवन और कार्यक्रम अधिकारी साधना सोम ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। मौके पर अंजलि, सोनम, सृष्टि, पारुल, अरुणा सैनी, स्वाति सैनी, वर्षा, निशा, रितिका, शिल्पी आदि मौजूद रहे।

मुशायरे का आयोजन
खतौली। बज्म ए शाहीन बंगलूरू की ओर से आयोजित आल इंडिया मुशायरे में शायरों ने मौजूदा हालात पर तंज कसते हुए अपनी शायरी पर खूब दाद बटोरी। मोहल्ला देवीदास में हुए कार्यक्रम में शायर आल इंडिया मुशायरों में बखूबी संचालन निभाने वाले पूर्व बैंक अधिकारी रियाज सागर को उनकी गजल को प्रथम पुरस्कार हाजी बाबा के हाथों दिया गया। मुशायरे का आगाज नात-ए पाक से किया गया। रियाज सागर का कलाम-अपनी सच्चाई के लिए मैं फिर रहा हूं दरबदर, जिस तरफ भी देखता हूं झूठ की यलगार है। यह मक्कारों की दुनियां है नमक है सब के हाथों में, यहां तुम दिल के जख्मों की नुमाइश सोच कर करना। अफजल खतौलवी का कलाम सुर्ख एक खून ए जिगर हमने गुलों को बख्शी, और क्या चाहते हैं एहले गुलिस्तां हमसे। हसरत खतौलवी का कलाम-दोनों फितरत बदल नहीं सकते, बात शीशे की हो या पत्थर की, बस अना पर गरीब था कायम, हैसियत क्या थी वरना पत्थर की। जमाल हाशमी का कलाम-बच्चों को क्या बताऊं भला घर से मसअले, फूलों को पत्थरों के कहां रूब-रू करूं, कब तक रहेगा और ये जख्मों का सिलसिला। आलम का कलाम-संभाला मेरे बच्चों ने मेरा घर बार जिस दिन से, बुढ़ापे में भी मैं खुद को जवां महसूस करता हूं। जईम हसन कादरी का कलाम-हर तरफ चीखती है खामोशी, ये कोई शहर बेसदा है क्या, संगबारी है किस लिए मुझ पर, मेरे हाथों में आइना है क्या। कारी अतीकुर्रहमान, डा. शाहनवाज, नदीम सागर आदि ने सभी का आभार व्यक्त किया।

एमएलसी मतदाता सूची का 28 जनवरी को अंतिम प्रकाशन पूर्ण
नागरिक मतदान केन्द्र/तहसील में करें अपने वोट की जांच
मुजफ्फरनगर। सभी नागरिकों को सूचित किया जाता है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 नवम्बर 2019 के आधार पर उत्तर प्रदेश विधान परिषद मेरठ खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के क्म.छवअव पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत आलेख्य प्रकाशन अवधि दिनांक 10 दिसम्बर 2019 से 3 जनवरी 2020 के दौरान प्राप्त स्वीकृत दावें एवं आपत्तियों को निर्वाचक नामावली के प्रारूप में शामिल कर लिया गया है। अतः विधान परिषद मेरठ खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का अन्तिम प्रकाशन दिनांक 28 जनवरी 2020 को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन क्षेत्रान्तर्गत अवस्थित जनपद के सभी मतदान केन्द्र यथा, महामना मदन मोहन मालवीय इं०कालेज, मुजफ्फरनगर, वैदिक पुत्री कन्या पाठशाला इं०कालेज, मुजफ्फरनगर, दीपचन्द ग्रेन चौम्बर इं०कालेज, मुजफ्फरनगर, विकास खण्ड कार्यालय-चरथावल, पुरकाजी, बघरा, बुढ़ाना, शाहपुर, खतौली, जानसठ, मोरना नगरपालिका परिषद-खतौली एवं नगर पंचायत-मीरापुर तथा तहसील मुख्यालयों पर करा दिया गया है। यतः जन-सामान्य से अपील है कि विधान परिषद मेरठ खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का निरीक्षण/अवलोकन करने का कष्ट करें।

जुआरियों को दबोचा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने एक जुआघर पर छापा मारकर पांच लोगों को जुआ खेलते हुए हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी व ताश के पत्ते बरामद किये हैं। यह जुआघर एक मकान में चल रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
शहर कोतवाली पुलिस द्वारा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खालापार में सदाकत के मकान में जुआघर चल रहा है, जिसमें कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलने पर खालापार चौकी प्रभारी सुनील शर्मा ने अपनी टीम के साथ सदाकत के मकान पर छापेमारी करते हुए वहां से सदाकत पुत्र यामीन निवासी रहमतनगर, जिशान पुत्र अहसान निवासी खालापार, मोबीन पुत्र सलीम निवासी अम्बा विहार, शौकीन पुत्र मोबीन निवासी रहमतनगर, आरिफ पुत्र नसीम निवासी मक्कीनगर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ताश व 3450 रूपये की नकदी बरामद की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

कोरोना वायरस के खतरे से लोग खौफ में
मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य महकमे से लेकर शासन-प्रशासन तक अफरातफरी का आलम है। दिल्ली और लखनऊ से निगरानी हो रही है। शासन स्तर से वायरस को लेकर पल-पल के अपडेट मांगे जा रहे हैं। जिले में अभी तक 18 लोग चीन से लौटे हैं। चीन से आने वाले लोगों को फोकस करने के निर्देश दिए गए हैं। उधर. होम्योपैथिक चिकित्सक का कहना है कि कोराना जैसे लक्षणों के दिखने पर तुलसी, काली मिर्च का काढ़ा बनाकर दिया जा सकता है। चीन में कहर बरपा रहे कोरोना वायरस के खतरे से लोग खौफ में हैं। स्वास्थ्य विभाग पहले ही एडवाइजरी जारी कर चुका है। इसे देखते हुए जिला अस्पताल में कोरोना वायरस वार्ड बना दिया गया है। वार्ड पर ताला लटका है। गनीमत है कि अभी तक जिले में कोराना वायरस की चपेट में कोई नहीं आया है।
चीन से भारत आने वाले लोगों को एयरपोर्ट पर ही सूचीबद्ध कर लिया जाता है। डब्ल्यूएचओ की टीम उसकी निगरानी करती है और उसके वायरस प्रभावित नहीं होने की पुष्टि होने पर ही घर भेजा जाता है।
ऐसी सूचना है कि जिले में भी 12 से ज्यादा लोग चीन से लौटे हैं। डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इन पर नजर बनाए हुए हैं। उधर, सीएमओ डा. प्रवीण चोपड़ा का कहना है कि जिले में कोई कोराना वायरस का केस नहीं है न ही कोई संदिग्ध रोगी अभी सामने आया है। रामपुरी निवासी एक व्यक्ति का सैंपल भेजा गया था. जो निगेटिव आया है। खतरे को कम करने के लिए बरतें सावधानी-कोरोना के लक्षणों में निमोनिया, सर्दी, खांसी, फेफड़ों में सूजन आदि शामिल हैं। यह श्वसनतंत्र को प्रभावित कर सकता है। सावधानी बरतकर इसके खतरे को कम किया जा सकता है।
ु खाने से पूर्व हाथ अच्छी तरह साबुन से धोएं।
ु एक दूसरे से हाथ मिलाने से बचें।
ु खांसते, छींकते समय मुंह पर रुमाल, टिशु पेपर आदि ढकें।
ु मीट या अंडों को अच्छी तरह पकाकर ही खाएं।
ु जंगल में रहने वाले जानवरों के ज्यादा संपर्क में न रहें।
ु भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाएं तो मुंह पर मास्क लगाएं।
कोरोना के उपचार को लेकर किसी भी प्रचार पर एकदम से भरोसा नहीं किया जा सकता। जीनस एपिडमिक के आधार पर उपचार का निर्धारण किया जाता है। होम्योपैथी लक्षणों के आधार पर चलने वाली विद्या है।
– डा. विवेक कुमार, अध्यक्ष, मुजफ्फरनगर होम्योपैथी डाक्टर्स एसोसिएशन।

इस तरह के लक्षणों पर तुलसी, काली मिर्च का काढ़ा बनाकर दिया जा सकता है। जनपद में कोई रोगी चिह्नित नहीं है। अभी यह कहना मुश्किल है कि किसी रोगी को पूरी तरह बीमारी से निजात दिलाई जा सकती है।

– डा. रविंद्र वर्मा, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 20960 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

two × one =