समाचार
दुकान में आग से नुकसान
चरथावल। परचून की दुकान मे आग लग जाने से काफी नुकसान हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर मामले की छानबीन शुरू की। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव कुल्हैडी निवासी गुलजार गांव मे किरयाने की दुकान करता है। बताया जाता है कि बीती रात अज्ञात कारणो के चलते किरयाने की दुकान मे आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही अनेक ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणो ने इस हादसे की जानकारी पुलिस को दी। परचून की दुकान मे आग की खबर पर मौके पर पहुंची पुलिस ने नुकसान सम्बन्धी तहरीर लेते हुए मामले की छानबीन शुरू की।
प्रोपर्टी डीलर का मिला शव

खतौली। जानसठ अड्डे पर पुलिस चौकी के पास गोली लगा शव कार में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुट गई। मृतक की पहचान देहरादून निवासी के रूप में हुई है । शनिवार को दिन निकलते ही खतौली कस्बे और देहात में उस समय सनसनी फैल गई, जब लोगो ने एक काले रंग की फॉर्च्यूनर कार में एक व्यक्ति का गोलियों से भुना शव देखा। आश्चर्य की बात यह है कि कार में शव सुबह से पुलिस चौक पोस्ट के पास पढ़ा था। बावजूद इसके पुलिस सूचना देने के बाद भी घण्टो बाद मोके पर पहुँची। बताया जाता है कि ४५ वर्षीय व्यक्ति को बदमाशो ने ५ गोलियां मार रखी थी। जांच पड़ताल में पुलिस को कार से एक मोबाइल फोन, और कपड़े और टोल की पर्ची मिली है। जांच पडताल में पता चला है कि कार सहारनपुर की है। घटना स्थल पर पहुँचे डॉग स्कवॉड की मदद से पुलिस ने हत्यारो की तलाश कर रही है। कार में मिली आईडी और मोबाइल के अनुसार मृतक व्यक्ति की पहचान पंकज के रूप में कर ली गई है, बताया जा रहा है कि पुलिस को कार से शराब की बोतल तमंचा और कारतूस भी मिले हैं पुलिस ने पहचान के आधार पर उसके परिजनों को सूचना दे दी है। उधर पुलिस ने मृतक का पंचनामा भर उसके शव को परीक्षण के लिए भिजवा दिया मृतक की पहचान पंकज सिंह पुत्र राजाराम निवासी आदर्श विहार देहरादून के रूप में हो गई।
लोक अदालत में हुआ वादों का निस्तारण
मुजफ्फरनगर। जिला जज परिसर मे नवागत जिला जज राजीव शर्मा के कुशल निर्देशन मे लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिसमें बैंको के आर्थिक केसो के अलावा मोटर एक्सीडेन्ट क्लेम के केस भी काफी संख्या मे निस्तारित किए गए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान मे नोडल अधिकारी एडीजे ओमवीर सिह, सचिव मुकिम अहमद ने वादकारियों को लोक अदालत के महत्व के बारे मे बताया। इससे पूर्व नए जनपद न्यायाधीश राजीव शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्जलवित कर लोक अदालत का शुभारम्भ किया। विधिक सेवा प्राधिकरण की और से मैनपाल एवं संजीव कुमार उर्फ मास्टर जी ने वादकारियों को सहयोग किया। लोक अदालत मे जिला अग्रणी बैक, पंजाब नेशनल बैंक के तत्वाधान मे राष्ट्रीयकृत बैको के स्टाल लगाए गए जिनमे एलडीएम अमित बुन्देला के नेतृत्व मे पंजाब नेशनल बैंक ने सौ से अधिक मामलो को निस्तारित कर एक रिकार्ड कायम किया। इस कार्य मे चीफ मैनेजर रिषी दुग्गल,प्रबन्धक नवीन कुमार, मण्डलीय महामंत्री गौरव किशोर, सहायक शुभम गौतम के अलावा विपिन मौर्य, प्रवीण, आशीष व अनूप वर्मा ने अन्तिम समय तक उपस्थित रहकर वादो के निस्तारण मे अग्रणी भूमिका की। लोक अदालत मे आर्थिक केसो को निपटाने मे दूसरा स्थान रहा। इसके अतिरिक्त केनरा बैंक, यूनियन बैंक, कारपोरशन बैंक, बैंक आफ बडौदा आदि ने भी अपने अपने बैंक के केस निपटाये। पंजाब नेशनल के मंडल प्रमुख डा.एम.पी.सिह के कुशल निर्देशन मे वादकारियों को पिछले दो माह से श्रृण अदायगी के स्मृति पत्र विभिन्न सरकारी माध्यमो से एलडीएम अमित बुन्देला व शाखा प्रबन्धको को लगातार भिजवाए जा रहे थे। जिसके कारण आज पीएनबी के स्टाल पर श्रृण चुकता करने वालों की सर्वाधिक भीड दिखाई पडी।
नवजात का शव मिला
जानसठ। नाले मे नवजात शिशु का शव पडा देख लोगो मे सनसनी फैल गई और अनेक लोग मौके पर एकत्रित हो गए। नागरिको की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवाया।
जानकारी के अनुसार कस्बा स्थित घडी चौराहे के समीप नाले मे एक नवजात शिशु काशव मिलने पर आसपास के दर्जनो लोग मौके पर एकत्रित हो गए। नागरिको इस मामले की जानकरी पुलिस को दी। नाले मे बालक का शव पडा होने की सूचना मिलते ही इंस्पैक्टर योगेश शर्मा मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नागरिको की मौजूदगी मे पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। यह मामला आज दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।
दो कारे आपस में भिडी
मुजफ्फरनगर। टोल प्लाजा के समीप दो कार आपस मे भिड गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे मे किसी को कोई गम्भीर चोट नही आई। जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली की रोहाना पुलिस चौकी के समीप तेजगति से आ रही दो कारो मे भिडन्त हो गई। हादसे की सूचना पर रोहाना चौकी इंचार्ज नेत्रपाल सिह तुरन्त ही मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चोटिल हुए कार सवारो को समीप ही एक निजी चिकित्सक के यहां भिजवा दिया। इस दौरान कुछ ग्रामीण व अन्य वाहन चालक मौजूद रहे।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की गोष्ठी का आयोजन
मुजफ्फरनगर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, ब्रांच मुजफ्फरनगर द्वारा अपने सदस्य चिकित्सकों के लिए आईएमए हॉल में नवजात शिशु में थायरोयड की जाँच व हार्ट अटैक पर एक साइंटिफिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें मेरठ से पधारे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने व्याख्यान दिए। थायरोयड रोग विशेषज्ञ डा0 भारत सुखीजा ने नवजात शिशु में थायरायड की जाँच व इसके महत्व पर प्रकाश डाला और इस पर नवीनतम जानकारियों से अवगत कराया। हृदय रोग विशेषज्ञ डा0 हरिओम त्यागी ने हृदय रोग के विभिन्न लक्षणों के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि केवल छातीम ें दर्द ही हृदय रोग का लक्षण नहीं होता है। इसके अलावा भी अन्य असामान्य लक्षण हार्ट अटैक के कारण हो सकते हैं। निचले जबड़े से लेकर नाभि तक कोई भी दर्द या असामान्य अनुभव हार्ट अटैक का लक्षण हो सकता है। उन्होंने हार्ट अटैक में अनुवांशिकता के महत्व के बारे में भी बताया। समय रहते यदि हार्ट अटैक का तुरन्त ही सही व प्रभावी उपचार हो जाए तो हृदय पहले की तरह ही स्वथ हो जाता है और उस सपर हार्ट अटैक का कोई भी असामान्य प्रभाव नहीं रहता। इसके बचाव के लिए डायबिटीज व ब्लड प्रेशर जो कि हार्ट अटैक का मुख्य कारक होते हैं, प्रभावी नियंत्रण अति आवश्यक हैं। सभा का संचालन सचिव डा0 यश अग्रवाल ने किया। अध्यक्ष डा0 रविन्द्र जैन ने सभी का धन्यवाद किया। सभा में मुख्य रूप से डा0 गिरीश मोहन सिंघल, डा0 ईश्वर चन्द्रा, डा0 अशोक कुमार, डा0 सुनील सिंघल, डा0 आमोद कुमार, डा0 अखिल गुप्ता, डा0 अरविन्द सैनी, डा0 अनिल कुमार, डा0 कुलदीप सिंह चौहान, डा0 उत्तम सिंघल, डा0 अजय सिंघल, डा0 मनीश अग्रवाल, डा0 ए0के0 मांगलिक, डा0 अनिल राठी, डा0 के0डी0 सिंह, डा0 डी0बी0 गौतम, डा0 हृदयेश कुमार, डा0 सैयद हसन, डा0 विवेक अरोरा, डा0 प्रदीप कुमार, डा0 नीरज काबरा, डा0 पी0के0 चाँद, डा0 सत्यम राजवंशी, डा0 बाबूराम, डा0 आशीश बालियान, डा0 वासु तायल, डा0 राजीव काम्बोज, डा0 योगेश कुमार, डा0 अभिषेक यादव, डा0 राजेश सिंह, डा0 सिद्धार्थ गोयल आदि उपस्थित थे।
दो पुलिसकर्मी घायल
छपार। तेजगति से आ रही बाईक की टक्कर से दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। डायल 100 पर तैनात पुलिस टीम ने घायलो को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जानकारी के अनुसार थाना छपार मे तैनात दो पुलिसकर्मी क्षेत्र मे गश्त के दौरान गांव सिसौना के समीप तेजी व लापरवाही के साथ आ रहे बाईक चालक की टक्कर से घायल हो गए। बताया जाता है कि इस घटना के पश्चात आरोपी बाईक सवार अपनी बाईक सहित मौके से फरार हो गया। सडक हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची डायल 100 पुलिस टीम ने घायल पुलिसकमियो को एम्बूलैन्स की मदद से तुरंत ही उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया तथा आरोपी बाईक चालक की तलाश शुरू की।
फरार आरोपी दबोचा
मुजफ्फरनगर । गांव खरपौड़ में सम्पत्ति के लालच मे हुई किशोर की हत्या के मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को भी आज पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि ककरौली थाना क्षेत्र के गांव खरपौड़ निवासी १५ वर्षीय ललित का गोली लगा शव बीते शुक्रवार सुबह चौरावाला के जंगल में गेहूं के खेत में पड़ा मिला था। मृतक के पिता चंद्रपाल सिंह ने अपने भाई जयपाल और भतीजे ललित के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। एसपी देहात नेपाल सिंह और सीओ राममोहन शर्मा ने घटना स्थल का मुआयना कर आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के आदेश दिए थे। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई थी। पुलिस ने हत्यारोपित ललित को जौली रोड पर तेवड़ा पुलिया के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देशी बंदूक भी बरामद कर ली थी। आज पुलिस ने दूसरे आरोपी जयपाल को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
उपचार के दौरान मौत
मुजफ्फरनगर। जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए लाये गये दो लोगो की मौत हो गयी। परिजनों ने कानूनी कार्यवाही से इंकार कर दिया और शवों को घर ले गये।
सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि आखलौर निवासी 42 वर्षीय विक्रम पुत्र रिषीपाल व खालापार निवासी सुन्नीइलाही पुत्र रहमत इलाही को अलग अलग मामलों में उपचार के लिए चिकित्सालय में लाया गया था जहा उनकी मौत हो गयी। परिजनों ने कानूनी कार्यवाही से इंकार कर दिया और शवो को घर ले गये।
मोटिवेशन लेक्चर का आयोजन
मुजफ्फरनगर। शनिवार को एम.जी. पब्लिक स्कूल में वार्षिक परीक्षा में शामिल होने जा रहे हाईस्कूल और इण्टर के परीक्षार्थियों के लिए मोटिवेशन लेक्चर का आयोजन किया। इसमें सीबीएसई देहरादून रीजन के हैड रणबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। स्कूल डायरेक्टर जी.बी. पाण्डेय और प्रिंसीपल श्रीमती मोनिका गर्ग के द्वारा उनका बुके भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि रीजनल ऑफीसर सीबीएसई देहरादून रणबीर सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल के कक्षा, ९, १०, ११ व १२ के छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा में सफलता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया। रणबीर सिंह ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि नकारात्मक सोच ही हमें हर प्रकार से अपंग बनाती है, लेकिन हमें मन और सोच से अपंग नहीं होना है। परीक्षा का लक्ष्य ९९ प्रतिशत अंक नहीं, बल्कि पाठ्यक्रम पर पकड़ हमारा लक्ष्य होना चाहिए। यह हम कर पाये तो अच्छे नम्बर भी लाना आसान होगा। उन्होंने बच्चों को अपने माता, पिता, शिक्षक और किताबों से दोस्ती करने की सीख देते हुए कहा कि पत्थर बहुत प्रकार का होता, लेकिन भगवान की मूर्ति बनकर मंदिर में स्थापित होना हर किसी पत्थर की किस्मत नहीं होती है। मूर्ति वही पत्थर बनता है, जिनमें छेनी और हथोड़े की मार खाते हुए टुकड़े टुकड़े होकर निखरने की सहनशीलता हो, यही जीवन पर लागू होता है। इसी प्रकार टॉपर्स सभी नहीं बन सकते, लेकिन हमारा लक्ष्य श्रेष्ठ परिश्रम होना चाहिए। उनके द्वारा छोटी छोटी बातों के साथ ही स्वामी विवेकानंद और एपीजे अब्दुल कलाम जैसे महापुरुषों के जीवन को सामने रखते हुए बच्चों को तनावमुक्त परीक्षा के लिए खुद को तैयार करने, संघर्ष, परिश्रम और लक्ष्य पर ध्यान देने के साथ ही इंटरनेट को केवल परीक्षा और शिक्षा की तैयारी का माध्यम बनाने की प्रेरणा देने के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
डायरेक्टर जीबी पाण्डेय ने बच्चों को वन बुक १०० टाइम के सिद्धान्त की सीख देते हुए कहा कि माता पिता, शिक्षक और समाज में सम्मान को हमेशा अपनायें। उन्होंने सेल्फ स्टडी के लिए सक्रिय और समर्पित रहने के साथ ही शिक्षक के लेक्चर को रिकॉल करने की सीख दी। प्रिंसीपल मोनिका गर्ग ने कहा कि अब परीक्षा के लिए सभी कुछ तैयार है, लेकिन एक विद्यार्थी होने के नाते हमें यह स्वमूल्यांकन करना है कि क्या हम भी तैयार हैं।
उन्होंने बच्चों को नकारात्मक दृष्टिकोण को त्यागकर आत्मविश्वास की शक्ति को बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। रीजनल ऑफीसर रणबीर सिंह का आभार जताया और जनपद में अगले वर्ष एक कम्बाइंड मोटिवेशन सेशन आयोजित कराने का आग्रह किया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालय से प्रिंसीपल भी मौजूद रहे। रीजनल ऑफीसर की ओर से स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
सेमिनार का आयोजन
मुजफ्फरनगर। एस डी कॉलेज ऑफ मैनेजमेन्ट में एक दिवसीय रिसर्च मैथोडोलोजी पर सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार का उदेश्य मुख्य रुप से बी0सी0ए0 एवं बी0एस0सी0 कम्प्यूटर साईस के छात्रो को रिसर्च के विषय में जानकारी देना था। इस अवसर पर हरिद्वार से गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के अस्सिटेंट प्रोफेसर सुयश भारद्वाज को आमंत्रित किया गया था, जिन्होने काफी इंटरनेशनल सेमिनार में अपने रिसर्च पेपर प्रस्तुत किये है। आज सुयश जी ने छात्रों को सैम्प्लिंग के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि सैम्पलिंग करना किस तरह से किसी उत्पाद की गुणवत्त को बढ़ाता है। उन्होने बताया कि आज के समय में रिसर्च टूल्स के उपयोग से रिसर्च करना कितना सरल हो गया है। हम र्-टेस्ट, -टेस्ट में इन रिसर्च टूल्स का उपयोग करके अपने रिसर्च को आसानी से कर सकते है। विभागाध्यक्ष डॉ0 संजीव तायल ने बताया कि इस तरह को सेमिनार के आयोजन से छात्रों को विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त होती है तथा वह भविष्य में स्वयं के लिए उचित मार्ग का चयन कर पाते है। कम्प्यूटर विभाग के अध्यापकों द्वारा डा0 सुयश भारद्वाज को प्रशस्ति पत्र प्रदान करके धन्यवाद दिया गया तथा भविष्य में भी आगमन का न्योता दिया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य डा0 संदीप मित्तल व डा आलोक गुप्ता ने संयुक्त रुप से बताया कि सभी उत्पादों के गुणवत्ता के लिए स्टैंडर्ड बनाए गये है। अगर छात्रों को इन स्टैंडर्ड का ज्ञान होगा तभी वह अपने लिए सही उत्पाद का चयन कर सकेगें। इस अवसर पर विभाग के प्रतीक गर्ग, तरुण शर्मा, रोबिन गर्ग, चंदना दीक्षित, नवनीत चौहान, मोहित गोयल, श्वेता, राहुल शर्मा, रोबिन मलिक, उमेश मलिक, विनिता, सतीश आदि शिक्षकगण व स्टॉफ उपस्थित रहे।
31 मार्च तक होगा स्कूलों का कायाकल्प
मुजफ्फरनगर। 31 मार्च तक परिषदीय विद्यालयों का कायाकल्प करने के लिए सात बिंदुओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। सीडीओ ने सभी बीडीओ, बीओ व अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर निर्धारित समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कायाकल्प के तहत सात बिंदुओं पर काम हो रहा है। बीएसए कार्यालय के सभागार में हुई बैठक में सीडीओ आलोक यादव ने 31 मार्च तक काम पूरा करने को कहा। ब्लैक बोर्ड मानक के अनुरूप बनाने, छात्र-छात्राओं के अलग-अलग शौचालय एवं मूत्रालय बनाने के साथ ही क्रियाशील करने, पेयजल एवं हैंडवॉश की व्यवस्था दुरुस्त करने, दीवारें, छतें एवं दरवाजे, खिड़की, फर्श ठीक करने, विद्युतीकरण, किचन शेड एवं रंगाई-पुताई का कार्य तुरंत पूर्ण कराने को कहा है। बैठक में सभी बीडीओ, खंड शिक्षा अधिकारी एवं एडीओ पंचायत मौजूद रहे। डीसी निर्माण दीपक कुमार एवं डीसी एमआईएस अंकुर कुमार ने प्रोजेक्टर के माध्यम से जानकारी दी।
पेट्रोल पम्प लूट की घटना में पुलिस के हाथ खाली, बदमाशों की तलाश जारी
मुजफ्फरनगर। दिनदहाड़े पेट्रोल पम्प पर हुई लूट के मामले में सेल्समेन ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि नईमंडी थाना क्षेत्र के भोपा रोड पर एसडी डिग्री कालेज के सामने सरदार जंग सिंह का भारत पेट्रोलियम कम्पनी का पेट्रोल पम्प है। गुरूवार की शाम के समय इस पेट्रोल पम्प पर वहां के कर्मचारी कार्य कर रहे थे कि इसी दौरान पेट्रोल पम्प पर दो युवक आये, जिनमें से एक ने हेलमेट पहना हुआ था, जबकि दूसरा युवक हेट पहने था तथा मफलर से अपना चेहरा ढका हुआ था।
दोनों युवक पेट्रोल पम्प पर बाईक से उतरकर आफिस में पहुंच गए, जहां पर पेट्रोल पम्प का मेनेजर उमेश, सेल्समेन अनुज व एक अन्य बैठे हुए थे। दोनों युवकों ने पिस्टल निकाल लिये तथा तीनों को आतंकित कर आफिस में रखी लाखों की नकदी लूट ली। बदमाश लूटपाट करने के बाद मौके से फरार हो गये थे। लूट की इस घटना से पेट्रोल पम्प पर हड़कम्प मच गया था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी और मामले की जांच की थी। इस मामले में पेट्रोल पम्प के सेल्समेन नंदन उर्फ बिट्टू निवासी बागेश्वर ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पेट्रोल पम्प से १.९५ लाख रूपये की नकदी लूटने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली शाहीन बाग धरने में कोई जाट नहीं जाएगा
खतौली। युवा अखिल भारतीय जाट महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र तोमर ने प्रेस नोट जारी करते हुए बताया कि महासभा से जुड़ा कोई भी जाट समाज का व्यक्ति सीएए के विरोध में शाहीन बाग दिल्ली में चल रहे धरने को हटवाने में नहीं जाएगा। इस संबंध में महासभा की ओर से कोई बयान भी नहीं दिया गया है। दो दिन पूर्व जिला बागपत में बड़ौत में राष्ट्रीय जाट परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी धूमसिंह ने प्रेस वार्ता करते हुए शाहीन बाग में धरना देने वालों को सीएए के बारे में समझा बुझाकर धरना समाप्त करने का बयान जारी किया था। जिसको लेकर जाट महासभा के पदाधिकारियों में रोष व्याप्त है।
तंग सड़क पर जाम से लोग हलकान
मुजफ्फरनगर। नावल्टी चौक पर लगे बैरियर हट जाने के बाद इस चौराहे पर ट्रैफिक का भार बढ़ गया। बकरा मार्केट की तंग गलियों में वाहनों की भीड़ के चलते हर समय जाम लगा रहता है।
इससे दुकानदारों का कारोबार तो ठप हो ही रहा है, साथ ही राहगीरों के लिए भी मुसीबत खड़ी हो गई है। स्थानीय दुकानदार चौराहे पर पहले की तरह बैरियर लगाने की मांग कर रहे हैं। अंसारी रोड और बकरा मार्केट की सड़क रुड़की रोड को नावल्टी चौक पर क्रास करती है। इस चौराहे पर पहले बैरियर लगा होता था। वाहन सीधे चौराहे को क्रास नहीं करते थे। बकरा मार्केट की रोड से आने वाले वाहन अहिल्या बाई चौक से होकर गुजारे जाते थे जबकि अंसारी रोड से आने वाले वाहनों को भी रुड़की रोड से होकर भेजा जाता था। शामली रोड पर जाने के लिए वाहन लद्दावाला रोड होकर जाते थे। बकरा मार्केट की सड़क की चौड़ाई काफी कम है और दोनों ओर दुकानें हैं। दिन भर जाम लगा होने से दुकानदारों का कारोबार ठप हो गया है। दिन भर यहां से गुजरना आसान नहीं रह गया।
नाले के टूटे पटों में गिरते हैं लोग-बकरा मार्केट की सड़क के दायीं ओर बड़ा नाला है। इस नाले के पट जगह-जगह टूटे पड़े हैं। इनमें वाहन फंसते रहते हैं, लोग भी गिर जाते हैं। स्थानीय दुकानदार रईस अहमद, दीपक सूरी, नईम अहमद, डा. वाजिद अली, विजय कुमार एवं विकास शर्मा का कहना है कि जाम के कारण आए दिन विवाद रहता है। लोग झगड़े पर उतारू हो जाते हैं।
