Muzaffarnagar और आसपास से प्रमुख खबरें

Muzaffarnagar News: यूपी बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन शुरू- डीआईओएस ने अफसरों के साथ किया मूल्यांकन केन्द्रों का निरीक्षण

मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यानि यूपी बोर्ड १०वीं और १२वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य बोर्ड के दिशा निर्देशन में शनिवार से प्रारम्भ कर दिया गया है। जनपद में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए पांच कॉलेजों को मूल्यांकन केन्द्र बनाया गया है।

जहां आज सवेरे कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा का मूल्यांकन कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। ५ मई तक यह कार्य निपटाने का लक्ष्य रखा गया है। आज मूल्यांकन कार्य को परखने के लिए डीआईओएस ने अपनी टीम के साथ मूल्यांकन केन्द्रों का निरीक्षण किया।

शनिवार से यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए मूल्यांकन का कार्य शुरू हो गया है। मूल्यांकन के लिए जिले में पांच केंद्र बनाए गए हैं। यूपी बोर्ड १०वीं और १२वीं की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू होने के दौरान कई शिक्षक बेहद नाराज नजर आये हैं। उनकी नाराजगी यूपी बोर्ड द्वारा कॉपी चेकिंग के लिए दिए जाने वाले पैसों और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर रही है।

इन शिक्षकों की शिकायत है कि बोर्ड काफी कम पारिश्रमिक देता है। एक शिक्षक ने बताया कि यूपी बोर्ड १०वीं की कॉपियां जांचने के लिए हर आंसर-शीट के लिए ११ रुपये और यूपी बोर्ड १२वीं की कॉपियां जांचने के लिए प्रति आंसर-शीट १३ रुपये मिलते हैं। जबकि सीबीएसई २५ रुपये देता है। वहीं, यूपी बोर्ड मूल्यांकन केंद्र पर जलपान का खर्च २० रुपये दिया जाता है। ट्रांसपोर्ट भत्ता २७ रुपये है, जबकि सीबीएसई २५० रुपये देता है। इन शिक्षकों ने पारिश्रमिक बढ़ाने की मांग की है।

दूसरी और शिक्षकों ने इसी नाराजगी के बीच आज सवेरे अपने अपने केन्द्र पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य प्रारम्भ कर दिया। डीआईओएस गजेन्द्र कुमार ने मूल्यांकन केन्द्रों का निरीक्षण करते हुए वहां पर व्यवस्थाओं को परखा और मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षक व शिक्षिकओं को ईमानदारी और पारदर्शी के साथ ही गंभीरता के साथ मूल्यांकन करने के निर्देश दिये हैं।

उन्होंने बताया कि यूपी बोर्ड की १०वीं और १२वीं की कापियों के मूल्यांकन के दौरान परीक्षकों को इलेक्टानिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह से रोक रहेगी। कंट्रोल रूम से सभी मूल्यांकन केंद्रों पर भी नजर रखी जाएगी। संकलन केंद्रों से मूल्यांकन केंद्र तक उत्तर पुस्तिकाओं को पुलिस सुरक्षा में पहुंचाया गया है। यही व्यवस्था लागू रहेगी।

उन्होंने बताया कि जनपद में पांच कॉलेजों शहर के चौ. छोटूराम इण्टर कॉलेज, इस्लामिया इण्टर कॉलेज, एसडी इण्टर कॉलेज में हाईस्कूल परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जायेगा।

वहीं राजकीय इण्टर कॉलेज सरकूलर रोड और डीएवी इण्टर कॉलेज आर्य समाज में इण्टरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य प्रारम्भ कराया गया है। इन मूल्यांकन केन्द्रों पर १४९६ परीक्षकों की ड्यूटी लगायी गयी है। उन्होंने बताया कि मूल्यांकन केन्द्रों पर सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस फोर्स भी तैनात की गयी है।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 20960 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

4 × 2 =