Muzaffarnagar News: महिलाओं व छात्राओं को एंटी रोमियो स्क्वायड ने किया जागरूक
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)खतौली में कोतवाली पुलिस की एंटी रोमियो स्क्वायड टीम ने स्कूल-कालेजों के साथ बाजार में घूमकर महिलाओं व छात्राओं को जागरूक किया। आरक्षी ने छात्राओं को संदेश दिया कि राह में आते-जाते कोई परेशान करे तो उसे छोड़ना नहीं, पुलिस की हेल्पलाइन नंबर पर एक काल करें।
पुलिस आरोपित को पकड़कर कड़ी सजा दिलाएगी। बेटियों को बेखौफ होकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। त्योहार के दृष्टिगत बाजारों में भीड़ बढ़ रही है। महिलाएं और युवतियां त्योहार को लेकर खरीदारी कर रही हैं। यूपी बोर्ड के बाद अब सीबीएसई की परीक्षाएं प्रारंभ हो गई हैं। स्कूल-कालेजों में प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं।
इसको लेकर छात्राओं का स्कूलों में आवागमन हो रहा है।बढ़ती भीड़ का शोहदे लाभ उठाकर छेड़छाड़ कर फरार हो जाते हैं। इसको लेकर एंटी रोमियो स्क्वायड़ की टीम सक्रिय हो गई है। बुधवार को नगर क्षेत्र के स्कूल-कालेजों के बाहर महिला आरक्षियों की टीम ने छात्राओं को जागरूक किया।
उन्हें महिला हेल्पलाइन नंबर, कोतवाली के साथ अधिकारियों के नंबरों की जानकारी दी गई। इसी तरह से बाजार में महिलाओं को समझाया गया। इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि प्रत्येक प्वाइंट पर पुरुष के साथ महिला आरक्षी की ड्यूटी लगाई गई है। छेड़छाड़ या छींटाकशी करने के आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

