Muzaffarnagar News: अपर गन्ना आयुक्त ने चीनी मिलों का किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) गन्ना आयुक्त कार्यालय लखनऊ से मंडल सहारनपुर के दो दिवसीय दौरे पर आए अपर गन्ना आयुक्त (विकास) वी के शुक्ल और उनकी तकनीकी टीम द्वारा जनपद शामली की चीनी मिल उन सहित जनपद के आई पी एल समूह की रोहानाकला और टिकोला चीनी मिल द्वारा गन्ना पेराई हेतु किये जा रहे क्षमता विस्तारीकरण की विस्तृत जांच की गई।
तकनीकी टीम में उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ के श्री संदीप कुमार, प्रधान प्रबंधक (शुगर तकनीकी), श्री जॉय रॉय, उप मुख्य इंजीनियर तथा श्री संजय चौहान, असिस्टेंट प्रोफेसर, राष्ट्रीय शुगर इंस्टीट्यूट, कानपुर रहे। निरीक्षण के समय उप गन्ना आयुक्त, सहारनपुर डॉ दिनेश्वर मिश्र और जिला गन्ना अधिकारी, मुजफ्फरनगर डॉ आर डी द्विवेदी सहित विभागीय अधिकारी व चीनी मिल रोहानाकला के प्रधान प्रबन्धक कुलदीप सिंह, नरेश मलिक व अन्य अधिकारी तथा चीनी मिल टिकोला की ओर से यूनिट हेड एम सी शर्मा आदि उपस्थित रहे।
जिला गन्ना अधिकारी डॉ आर डी द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि चीनी मिल रोहानाकला की पंजीकृत क्षमता २२०० टी सी डी से बढ़ाकर २५०० टी सी डी तथा चीनी मिल टिकोला की पेराई क्षमता ९००० टी सी डी से बढ़ाकर १२००० टी सी डी किये जाने हेतु इन चीनी मिलों द्वारा क्षमता विस्तारीकरण का कार्य किया जा रहा है, जिसको जांचने/परखने के लिए अपर गन्ना आयुक्त की अध्यक्षता में गठित तकनीकी टीम द्वारा आज निरीक्षण कर जांच की गई है।
इन चीनी मिलों के पेराई क्षमता के विस्तारीकरण से किसानों को उनके गन्ने की आपूर्ति में सुगमता होगी। इन चीनी मिलों द्वारा केन कैरियर सहित मिल हाउस, बोइलिंग हाउस, पावर हाउस आदि में परिवर्तन करते हुए कुछ नए उपकरण लगाए जा रहे हैं तथा कुछ को अपग्रेड किया जा रहा है। अपर गन्ना आयुक्त द्वारा गन्ना शोध केंद्र, मुजफ्फरनगर का निदेशक, उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद, शाहजहांपुर की हैसियत से विजिट कर गन्ना फार्म, लैब आदि को देखा गया
मौके पर उपस्थित संयुक्त निदेशक डॉ वीरेश सिंह और अन्य वैज्ञानिकों को आवश्यक निर्देश दिए गए तथा मजलिसपुर तौफीर की महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा ट्राइकोकार्ड बनाने हेतु दिए जा रहे प्रशिक्षण को भी देखा तथा महिलाओं से जानकारी प्राप्त की। उक्त के दौरान जिला गन्ना अधिकारी डॉ आर डी द्विवेदी भी उपस्थित रहे।

