उत्तर प्रदेश

jaunpur: मुस्लिम जोड़े का भारत कनेक्शन,किया मंदिर में विवाह का फैसला

jaunpur: मुस्लिम जोड़े ने जौनपुर जिले में स्थित प्रसिद्ध त्रिलोचन महादेव मंदिर में अग्नि को साक्षी मानकर हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। अमेरिका से भारत घूमने आए कियमाह दीन खलीफा और उनकी प्रेमिका केशा खलीफा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेने के बाद सिंदूरदान की रस्म अदा की।

विदेशी मुस्लिम जोड़े का कहना था कि वे मुस्लिम धर्म में जरूर पैदा हुए, लेकिन हम अपना विवाह अलग तरीके से करना चाहते थे। सनातन धर्म की परंपराओं से प्रभावित होने के बाद इस मुस्लिम जोड़े ने हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लेने का फैसला किया था।

त्रिलोचन महादेव मंदिर में कियमाह दीन खलीफा और केशा खलीफा के विवाह की रस्म करीब दो घंटे तक चली। कियमाह और उनकी प्रेमिका केशा दोनों एक-दूसरे को करीब 18 साल से जानते हैं। भारत दौरे पर पहुंचने के बाद उन्होंने काशी आने का फैसला किया था। यहां पर दोनों ने अपने टूरिस्ट गाइड राहुल दुबे से किसी ज्योतिषी से मिलवाने का आग्रह किया। राहुल ने उनकी मुलाकात गोविंद गुरु से करवाई तो उन्होंने कियमाह और केशा की कुंडली तैयार की।

इस जोड़ी ने पांच साल पहले भी काशी का दौरा किया था और सनातन धर्म की परंपराओं से प्रभावित हुए थे। इस बार भी इस जोड़े ने काशी में करीब 10 दिन बिताए और इस दौरान यहां की संस्कृति और हिंदू रीति-रिवाजों के बारे में जानकारी हासिल की। गोविंद गुरु ने बताया कि सनातन धर्म के विभिन्न पहलुओं की जानकारी पाकर यह मुस्लिम जोड़ा काफी प्रभावित हुआ और हिंदू रीति-रिवाज से शादी करने का फैसला किया।

अपने टूरिस्ट गाइड के साथ यह जोड़ा पहले विवाह करने के लिए कैथी पहुंचा था मगर कैथी में विवाह का आयोजन बंद होने के कारण दोनों ने जौनपुर में स्थित त्रिलोचन महादेव मंदिर जाने का फैसला किया। वहीं पर पूरे हिंदू रीति-रिवाज से दोनों का विवाह संपन्न हुआ। मुस्लिम जोड़े के मंदिर में इस विवाह को लेकर लोगों में भी काफी कौतूहल दिखा।

इस मुस्लिम जोड़े के भारत कनेक्शन का एक और कारण भी रहा है। दरअसल केशा की दादी का रिश्ता भारत से ही था और उन्होंने अमेरिका जाकर शादी कर ली थी। कियमाह और केशा पहले भी कई बार भारत आ चुके हैं। 2020 में कोरोना महामारी के कारण इधर वे काशी नहीं आ सके थे।

कोरोना महामारी का कहर कमजोर पड़ने के बाद दोनों ने काशी आने का फैसला किया था। इस बार दोनों शादी करने का फैसला लेकर ही काशी पहुंचे थे। त्रिलोचन महादेव के दरबार में विवाह करने के बाद केशा ने अपने पति के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया। विवाह के बाद यह जोड़ा तीन दिनों तक काशी में रुकने के बाद अमेरिका रवाना होगा।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21421 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ten − three =