ट्रांसपोर्टर ने गृहकलह में ट्रेन से कटकर की आत्महत्या, मौहल्ला मुनीम कालोनी का निवासी था मृतक, घर से नाराज होकर निकला था
मुजफ्फरनगर। घर में कहासुनी होने के बाद पत्नी से नाराज होकर निकले एक ट्रांसपोर्टर ने जनशताब्दी ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर थाना सिविल लाइन व रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिये भिजवा दिया।
ट्रेन से कटने से उसका शरीर दो हिस्सों में बंट गया, मृतक की शिनाख्त नईमंडी क्षेत्र के मौहल्ला मुनीम कालोनी निवासी एक ट्रांसपोर्टर के रूप में हुई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक शव की शिनाख्त न होने से पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
कुछ देर बाद वहां पर मौहल्ला मुुनीम कालोनी निवासी एक व्यक्ति पहुंचा, जिसने मृतक की शिनाख्त दिनेश कुमार जैन निवासी मुनीम कालोनी थाना नईमंडी के रूप में की। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंच गये और उन्होंने बताया कि दिनेश कुमार जैन की घर में किसी बात को लेकर आज सुबह पत्नी से कहासुनी हो गई थी और वह नाराज होकर घर से चला आया था। उसकी कई जगह तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिल सका।
आज इस सम्बंध में पुलिस को सूचना दी गई थी, मृतक की शिनाख्त होने के पश्चात पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिये भिजवा दिया। बताया जा रहा है कि मृतक ट्रांसपोर्टर दिनेश जैन मूल रूप से मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव पुरबालियान के निवासी थे उनके पिताजी अभी भी गांव में है, जबकि माताजी का निधन कुछ दिन पहले लॉकडाउन के दौरान हो गया था।
दिनेश जैन की मुजफ्फरनगर- बुढाना रूट पर दो बसें चलती है, जबकि दो ट्रक गैस सिलेंडरों की सप्लाई में लगे हुए है। घर में हर प्रकार की सम्पन्नता थी लगभग 50 वर्षीय दिनेश जैन के अविवाहित बच्चे है और उनका रो रोकर बुरा हाल है।
देर रात मंत्री कपिल देव अग्रवाल भी मुनीम कालोनी में दिनेश जैन के आवास पर पहुंचे और शोक संतृप्त परिवार को सांत्वना दी। इस दौरान नई मंडी कोतवाल योगेश शर्मा भी वहां मौजूद रहे। इस दुखद हादसे से मौहल्ले में शोक छाया हुआ है।
