Muzaffarnagar News-कार सवार हादसे में मौत, गंगा स्नान के लिए जा रहे कई घायल
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)लकड़ी से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली से टकराकर कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि ४ यात्री घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। कार सवार ५ दोस्त शुक्रताल में चल रहे गंगा कार्तिक मेले में शामिल होने जा रहे थे। मेले में जाते समय बीच रास्ते हादसा हुआ।
देर रात गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार ओवरलोड वाहन से टकराकर भयंकर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। जिसमें कार में सवार पांच युवक गंभीर घायल हो गए। जिनमें से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार गांव मखियाली निवासी युवक कार में सवार होकर देर रात गंगा स्नान के लिए शुक्रताल जा रहे थे
तभी रास्ते में यूसुफपुर पुलिया से आगे मोरना की ओर से आ रहे लकड़ी से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में कार के परखच्चे उड़ गये।
कार में सवार अमित पुत्र महेंद्र, नीतीश पुत्र गोपाल, हिमांशु पुत्र वीर सिंह, पप्पू पुत्र प्रीतम, बादल पुत्र राजपाल सभी गंभीर रूप से घायल हो गए घायलों को १०८ एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा लाया गया।
जहां चिकित्सकों ने गंभीर घायल बादल पुत्र राजपाल उम्र २३ वर्ष की मौत की पुष्टि की। बाकी सभी चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। मुजफ्फरनगर शुक्रताल रोड पर ओवरलोड वाहनों का आवागमन तेजी से चालू है।

