ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी: मुंबई पुलिस
ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद होटल के बाहर और आस-पास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुंबई पुलिस ने इस बात की जानकारी दी है। दरअसल, सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात 12.30 बजे होटल ताज पैलेस के स्टाफ को पाकिस्तान के कराची से धमकी भरी कॉल की गई, जिसमें कहा गया कि होटल को बम से उड़ा दिया जाएगा।
कॉल करने वाले शख्स ने स्टाफ को कहा कि वह लश्कर-ए तैयबा का सदस्य है। शख्स ने कहा कि होटल पर हमला किया जाएगा और उसे साल 2008 में हुए मुंबई हमलों की तरह ही उड़ा दिया जाएगा।
वहीं, इसके बाद दूसरा फोन कॉल बांद्रा के होटल ताज लैंड्स एंड में किया गया। वहां भी स्टाफ को इसी अंदाज में धमकी दी गई। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों होटलों को एक ही नंबर से फोन आया है और यह नंबर पाकिस्तान का है।
Security tightened outside Taj Hotel & nearby areas after a threat call was received yesterday from Karachi, Pakistan to blow up the hotel with bombs: Mumbai Police pic.twitter.com/mu5Uf6qzCf
— ANI (@ANI) June 30, 2020
धमकी भरी कॉल को देखते हुए मुंबई पुलिस ने होटल की सुरक्षा कड़ी कर दी है। वहीं, साइबर सेल भी सक्रिय हो गया है और मामले की जांच कर रहा है। इसके अलावा, टेलीकॉम विभाग की मदद से कॉल करने वाले की लोकेशन का पता लगाया जा रहा है।
बता दें कि, 26 नवंबर 2008 को मुंबई के ताज होटल पर आतंकवादी हमला हुआ था। इस हमले को लश्कर-ए तैयबा ने ही अंजाम दिया था। इस आतंकी संगठन के आतंकवादियों ने समुद्र के रास्ते भारत में प्रवेश किया था और इस हमले को अंजाम दिया था। इस आतंकी हमले में 166 लोगों की मौत हो गई थी।
हमलावर आतंकियों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया था, जबकि एक आंतकी अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा गया था, जिसे बाद में फांसी दे दी गई।

