मुज़फ्फरनगर में जल्द आएंगे योगी आदित्यनाथ, 15 अगस्त के बाद आकर करेंगे कानून व्यवस्था की समीक्षा
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शीघ्र ही मुजफ्फरनगर आ सकते हैं। मुख्यमंत्री द्वारा कोरोना व कानून व्यवस्था की समीक्षा करने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री आगामी दिनों में कोविड व कानून व्यवस्था की समीक्षा के लिए मुजफ्फरनगर आ सकते हैं, इसके संकेत मुख्यमंत्री की ओर से केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान व प्रदेश के राज्यमंत्री कपिलदेव को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सहारनपुर नहीं जाने के भेजे गए संदेश से मिलता है।
इस संदेश में कहा गया था, कि मुख्यमंत्री निकट भविष्य में मुजफ्फरनगर में दौरा कर समीक्षा करेंगे। दोनों मंत्रियों ने इस बात की पुष्टि की है कि प्रशासन के माध्यम से उन्हें ऐसा संदेश मिला है।
मुख्यमंत्री ने दो दिन पूर्व सहारनपुर का दौरा किया था। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से सभी जनप्रतिनिधियों को सहारनपुर में मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में जाने का निमंत्रण आ गया था।
मुख्यमंत्री के सहारनपुर कार्यक्रम में जाने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद संजीव बालियान दिल्ली व प्रदेश के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिलदेव अग्रवाल लखनऊ से यहां मुजफ्फरनगर पहुंच गए थे। सुबह दस बजे तक सभी जनप्रतिनिधि सहारनपुर जाने की तैयारी कर चुके थे, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नौएडा में अपने प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार पहुंच भी गए थे।
केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल व विजय कश्यप, विधायक उमेश मलिक आदि को एक साथ ही सहारनपुर के लिए निकलना था, लेकिन दिन में करीब 11 बजे जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जनप्रतिनिधियों को संदेश दिया कि मुख्यमंत्री स्टाफ से मैसेज आया है, कि जिले के जनप्रतिनिधि सहारनपुर नहीं जाएं।
निकट भविष्य में मुख्यमंत्री जिले में ही आकर जिले की समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद मंत्रियों व विधायकों ने अपना सहारनपुर जाने का कार्यक्रम ऐन वक्त पर रद्द कर दिया था। हालांकि जिलाधिकारी व सीएमओ समेत तमाम अधिकारी मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के लिए सहारनपुर गए थे ।
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री 15 अगस्त के बाद ज़िले में आ सकते है, वे उस दिन ज़िले में कोरोना के साथ ही विकास कार्यों की भी समीक्षा करेंगे ,मुख्यमंत्री के आगमन की संभावना को देखते हुए जिले में हलचल तेज हो गई है।
