Sambhal news: तीन फीट लंबी उनकी पत्नी तहसीन जहां और रेहान के घर पहली किलकारी गूंजी
Sambhal News: चमन सराय के रहने वाले रेहान जुबेर और उनका परिवार बेहद खुश है। चूंकि तीन फीट लंबी उनकी पत्नी तहसीन जहां और रेहान के घर पहली किलकारी गूंजी है। उनकी पत्नी के डॉक्टरों द्वारा सफल प्रसव कराने और बच्चे को जन्म के बाद सभी ने राहत की सांस ली है। इतनी कम हाइट की वजह से उनके मन में तमाम डर समां गए थे।
रेहान जुबेर लंबाई में 3”3 से कम होने के बावजूद भी बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। दंपति सुखमय जीवन बिताते हुए एक दूसरे की हंसाने की कोशिश करते रहते हैं। अपनी हाइट के बारे में ज्यादा नहीं सोचते हैं। 2021 में 40 साल की उम्र में रेहान की शादी हुई। आज वह पिता भी बन गए। पिता बनने की खुशी में वो अस्पताल में सभी को मिठाइयां बांटते हुए नजर आए।
संभल के मोहल्ला चमन सराय के रहने वाले रेहान की शादी का सपना एक साल पहले तब साकार हुआ जबकि रामपुर के शाहबाद की रहने वाली तीन फिट कद वाली तहसीन उनकी दुल्हन बनी। दोनों के लिए इतनी हाइट का जीवनसाथी मिलना मुश्किल था, लेकिन रब ने उनकी जोड़ी बना दी।
इनका साल भर पहले निकाह हुआ तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था। शादी के सालभर बाद तहसीन ने बेटी को जन्म दिया तो माता-पिता बनने की खुशी रेहान व तहसीन के चेहरे पर साफ नजर आ रही थी। रेहान कहता है कि तहसीन के मिलने से जिंदगी खुशियों से भर गई हैं। अब बेटी मिली है तो खुशी दोगुनी हो गई है।
जब तहसीन गर्भवती हुई तो उसकी डिलीवरी को लेकर रेहान ही नहीं, डाक्टर भी चिंतित थे। रेहान ने तहसीन को प्रसव के लिए संभल के सिल्वेंजा हास्पिटल में भर्ती कराया था। यहां उसका इलाज कर रहीं डा. जोहा ने नार्मल डिलीवरी कराने का भरसक प्रयास किया, मगर जब संभव नहीं हो पाया तो जच्चा व बच्चा के हित में ऑपरेशन का विकल्प चुना गया।

