Brij Bhushan Sharan Singh के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने दायर की 1000 पन्नों की चार्जशीट
दिल्ली पुलिस ने गुरुवार (15 जून) को Brij Bhushan Sharan Singhके खिलाफ राउज एवेन्यू कोर्ट में 1000 से ज्यादा पन्नों की चार्जशीट दायर की. चार्जशीट अपर मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में दाखिल गई है. अब बृजभूषण पर लगे यौन शोषण के मामले में 1 जुलाई को सुनवाई होगी. बता दें कि बृजभूषण के खिलाफ मामले में दो एफआईआर दर्ज है. इनमें एक पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज है.
दिल्ली पुलिस ने नाबालिग पहलवान के यौन उत्पीड़न मामले में बृजभूषण शरण सिंह को राहत दी है. दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण के खिलाफ 7 पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों में गुरुवार को दो अदालतों में चार्जशीट दाखिल की. एक चार्जशीट 6 बालिग महिला पहलवानों की शिकायत पर दर्ज केस में रॉउज एवन्यू कोर्ट में दाखिल की गई. जबकि दूसरी चार्जशीट पटियाला कोर्ट में नाबालिग की शिकायत पर दर्ज केस में दाखिल की गई. दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण सिंह पर नाबालिग द्वारा लगाए गए आरोपों में POCSO एक्ट हटाने के लिए कोर्ट में 550 पन्नों की अर्जी दी है.
आपको बता दें कि पहलवानों ने 7 जून को केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात की थी, जिन्होंने कथित तौर पर उन्हें मामले की त्वरित पुलिस जांच का आश्वासन दिया था. केंद्रीय मंत्री ने जांच पूरी करने के लिए 15 जून की समय सीमा तय की थी. हालांकि, पहलवान बृजभूषण की गिरफ्तारी की भी मांग कर रहे हैं. अब देखने वाली बात होगी कि क्या बृजभूषण की गिरफ्तारी होती है या नहीं.
बता दें कि दो वयस्क महिला पहलवानों ने 21 अप्रैल को नई दिल्ली के कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में बृजभूषण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न और दुराचार की कई घटनाओं का आरोप लगाते हुए औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी. महिला पहलवानों ने आरोप लगाया था कि ये घटनाएं, टूर्नामेंट, वार्म-अप और नई दिल्ली में डब्ल्यूएफआई कार्यालय के भीतर हुईं. इनमें छेड़छाड़, अनुचित स्पर्श और अनुचित शारीरिक संपर्क जैसी गतिविधियां शामिल हैं.

